
उदयपुर। झीलों की नगरी उदयपुर अब वैश्विक जल क्रीड़ा (वाटर स्पोर्ट्स) के नक्शे पर एक नई पहचान दर्ज कराने की दहलीज पर है। शहर में एशियाई व विश्वस्तरीय कायाकिंग एवं कैनोईंग प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाएं तलाशने के उद्देश्य से 5 सितंबर को एशियन कायाकिंग एवं कैनोईंग संघ का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल उदयपुर के दौरे पर आ रहा है।
राजस्थान कायाकिंग एवं कैनोईंग संघ के चेयरमैन चंद्रगुप्त सिंह चौहान ने बताया कि एशियन कायाकिंग एवं कैनोईंग संघ के अध्यक्ष प्रशांत कुशवाह के नेतृत्व में आ रहे इस दल में कजाकिस्तान कायाकिंग एवं कैनोईंग संघ के अध्यक्ष अदलेट कुसमानोव, भारतीय संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी और अंतरराष्ट्रीय कैनो स्प्रिंट खेल विशेषज्ञ शामिल रहेंगे।
द बिलेठा बाग में मंथन, झीलों के मानकों की होगी तकनीकी जांच
राजस्थान कायाकिंग एवं कैनोईंग संघ के अध्यक्ष भगवान स्वरूप वैष्णव और सचिव दिलीप सिंह चौहान के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल चिकलवास स्थित ‘द बिलेठा बाग’ में राज्य संघ के पदाधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक करेगा।
तकनीकी मूल्यांकन: राजस्थान ड्रैगन बोट चेयरपर्सन अजय अग्रवाल ने बताया कि विदेशी व राष्ट्रीय विशेषज्ञ उदयपुर की झीलों का तकनीकी मुआयना करेंगे। इसमें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए आवश्यक जल गहराई, ट्रैक की लंबाई, सुरक्षा प्रबंध और इंफ्रास्ट्रक्चर की समीक्षा की जाएगी।
फतेहसागर झील केंद्र बिंदु: कैनो स्प्रिंट चेयरमैन दीपक गुप्ता ने बताया कि फतेहसागर झील अपनी अनुकूल परिस्थितियों और प्राकृतिक सुंदरता के चलते कैनो स्प्रिंट व कायाकिंग के लिए आदर्श मानी जा रही है। पूर्व में यहां खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स की जल क्रीड़ा स्पर्धाओं का सफल आयोजन हो चुका है।
रणनीतिक चर्चा: चेयरमैन कमलेश हाथी के अनुसार, बैठक में खेल पर्यटन, आधुनिक खेल अधोसंरचना के विकास और स्थानीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण दिलाने पर विस्तार से चर्चा होगी। बैठक में महेश पिंपलकर, दीपक गुप्ता, नवल सिंह चुंडावत, तुषार मेहता सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
सिटी पैलेस में लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ से होगी भेंट
संघ के चेयरमैन तुषार मेहता ने जानकारी दी कि बैठक के बाद प्रतिनिधिमंडल की सिटी पैलेस में श्रीजी हुजूर महाराज श्री लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ से शिष्टाचार भेंट करवाई जाएगी। इस दौरान उदयपुर को ‘वाटर स्पोर्ट्स कैपिटल’ के रूप में स्थापित करने, राजस्थान में इन खेलों के दीर्घकालिक विकास और खेल पर्यटन को बढ़ावा देने पर विमर्श होगा।
संघ के उपाध्यक्ष महेश पिंपलकर ने कहा कि दौरे के दौरान प्रदेश के खिलाड़ियों की राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण भी किया जाएगा। वहीं सचिव दिलीप सिंह चौहान ने स्पष्ट किया कि नगर निगम चुनाव की प्रशासनिक व्यस्तताओं के चलते जिला अधिकारियों से बैठक नहीं हो सकेगी, लेकिन प्रतिनिधिमंडल का तकनीकी निरीक्षण और रणनीतिक कार्यक्रम तय समय पर ही संपन्न होगा।
About Author
You may also like
प्रेशर पॉलिटिक्स : खाली विरोध और आंसुओं से कोई जंग नहीं जीती जाती
उदयपुर की नगर-सत्ता : एक शिक्षक की चुप्पी, मोदी की शक्ल और ट्रिपल इंजन की बिसात
उदयपुर : नारायण सेवा संस्थान में 5 से 9 सितंबर तक ‘अपनों से अपनी बात’, दिव्यांगजन साझा करेंगे आत्मनिर्भरता की प्रेरक कहानियां
उदयपुर : वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन के लिए 7,000 से अधिक पंजीकरण, हिंदुस्तान जिंक ने लॉन्च किया विशेष ‘जिंक फिनिशर मेडल’
नगर चक्कर : साख की कसौटी पर वार्ड 25, युवा नेहा के काम बनाम भाजपा का इकबाल
