उदयपुर नगर निगम चुनाव : रघुवीर मीणा की समझाइश से कांग्रेस के 11 बागियों ने खींचे कदम, बड़गांव में ओझा का संजय शर्मा को समर्थन, माकपा ने वार्ड 30, 31 और 32 में झोंकी ताकत

उदयपुर। उदयपुर नगर निगम आम चुनाव के तहत नाम वापसी के दिन कांग्रेस संगठन को उस वक्त बड़ी राहत मिली जब देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा के सघन प्रयासों के चलते विभिन्न वार्डों से ताल ठोक रहे 11 बागी निर्दलीय प्रत्याशियों ने अपने नामांकन वापस ले लिए। वहीं, बड़गांव वार्ड 1 में निर्दलीय प्रत्याशी ने कांग्रेस के समर्थन में पर्चा वापस खींच लिया। दूसरी ओर, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने अपने गढ़ माने जाने वाले वार्ड 30, 31 और 32 में धुआंधार जनसंपर्क अभियान शुरू कर कांग्रेस और भाजपा दोनों के खिलाफ सीधा मोर्चा खोल दिया है।

रघुवीर सिंह मीणा की समझाइश रंग लाई: 11 बागियों ने पार्टी अनुशासन को माना

टिकट वितरण के बाद पार्टी से बगावत कर निर्दलीय चुनावी ताल ठोक रहे कार्यकर्ताओं से देहात जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा ने व्यक्तिगत संवाद स्थापित किया। समझाइश के बाद कार्यकर्ताओं ने पार्टी हित को सर्वोपरि मानते हुए मैदान से हटने का फैसला किया:

वार्ड 1: रवि शर्मा, वार्ड 29: गणेश चन्द्र शर्मा, वार्ड 39: चन्द्र शेखर सांखला, वार्ड 33: अशोक शाह, वार्ड 38: बुशरा सुल्ताना एवं अखरोज बानो, वार्ड 45: अजय मोहम्मद मंसूरी, वार्ड 46: दीपक मेनारिया, वार्ड 48: प्रवीण नखरिया, वार्ड 68: सीमा कुमारी प्रजापत, वार्ड 77: शोभा लाल भील।

सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर कहा कि वे कांग्रेस के निष्ठावान सिपाही हैं और आगामी दिनों में पार्टी प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत झोंकेंगे।

बड़गांव वार्ड 1 : ऋश्यंत ओझा ने लिया नाम वापस, संजय शर्मा को दिया समर्थन

बड़गांव वार्ड नंबर 1 में कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी संजय शर्मा के पक्ष में सियासी समीकरण मजबूत हुए हैं:

निर्दलीय प्रत्याशी की वापसी : प्रदेश कांग्रेस महासचिव लालसिंह झाला एवं प्रदेश सचिव दिनेश श्रीमाली के नेतृत्व और निर्देशन में निर्दलीय प्रत्याशी ऋश्यंत ओझा ने अपने समर्थकों और समाजजनों की सहमति से नामांकन वापस ले लिया।

मेवाड़ी पगड़ी से स्वागत : कांग्रेस नेताओं और ब्लॉक अध्यक्ष गुलाब सिंह राव ने ऋश्यंत ओझा का मेवाड़ी पगड़ी, माला और उपरणा पहनाकर अभिनंदन किया।

इस दौरान गणपतलाल शर्मा, भुवनेश व्यास, ओमप्रकाश श्रीमाली, भूषण श्रीमाली, योगेश, उमेश, मंदीप, खुशवंत, राजकुमार, भावप्रकाश, हरीश, ललित श्रीमाली, रोशन सुथार, भगवतीलाल श्रीमाली, गेहरीलाल सुथार, मोहन शर्मा, दुष्यंत शर्मा और मांगीलाल गमेती सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

माकपा का तीखा चुनावी हमला: तीन वार्डों में जनसंपर्क, भाजपा-कांग्रेस दोनों पर साधा निशाना

नगर निगम के वार्ड 30, 31 और 32 में माकपा (CPI-M) प्रत्याशियों ने व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर मतदाताओं से समर्थन मांगा:

वार्ड 30 (रानू सालवी) : प्रत्याशी रानू सालवी ने खांजीपीर और बीड़ा क्षेत्र में घर-घर जाकर संवाद किया और स्थानीय समस्याओं को निगम बोर्ड में पूरी प्रखरता से उठाने का वादा किया। जनसंपर्क में गुमान सिंह राव, याकूब मोहम्मद, मोहम्मद निजाम, शमशेर खान, फिरोज अहमद, श्रवण कुमार, बंशीलाल चौहान, वरजू देवी, संतोष सालवी व हिमांशी मौजूद रहे।

वार्ड 31 (मुस्कान राही) : गोसिया कॉलोनी और दीवान शाह कॉलोनी में जनसंपर्क के साथ चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया गया। वरिष्ठ अधिवक्ता सलीम खान ने कहा कि पढ़ी-लिखी और दबंग युवा मुस्कान राही जनहित के मुद्दों पर हमेशा मुखर रही हैं। इस दौरान पूर्व पार्षद गणपती देवी सालवी, रशीदा खान, अशवाक, तबस्सुम, इरफाना, रुखसाना, रानी बानो और हाजरा अप्पा उपस्थित रहीं।

वार्ड 32 (राजेंद्र वसीटा) : प्रत्याशी राजेंद्र वसीटा ने नई आबादी और स्वराज्य नगर में संपर्क किया, जहां स्थानीय नागरिकों ने उनके पुराने कार्यों की सराहना की। इस मौके पर अनिल पनोर, हितेश नलवाया, रघुनाथ सिंह, विष्णु खटीक, अशोक गरासिया, जानी मेघवाल और स्वदेश डामोर मौजूद थे।

राजेश सिंघवी का तीखा प्रहार : माकपा जिला सचिव व चुनाव संयोजक राजेश सिंघवी ने कहा कि भाजपा ने आम जनता को ठगने का काम किया है, वहीं कांग्रेस एक लचर और लाचार विपक्ष साबित हुई है जो सिर्फ भाजपा का भय दिखाकर गरीबों, दलितों और अल्पसंख्यकों के वोट बटोरती है। उन्होंने दावा किया कि जनता इस बार लाल झंडे पर भरोसा जताकर तीनों वार्डों में जीत दर्ज कराएगी।

 

About Author

Leave a Reply