महाराणा मेवाड़ पब्लिक स्कूल में 78वां एनसीसी स्थापना दिवस व स्पिक मैके का संगीतमय आयोजन : राष्ट्रभक्ति की गूंज के साथ बिखरी मालवा की निर्गुण भक्ति संगीत की छटा

एनसीसी की चारों विंग के कैडेट्स ने अनुशासित परेड व पौधारोपण कर दोहराया राष्ट्रसेवा का संकल्प

स्पिक मैके के तत्वावधान में मालवा की सुप्रसिद्ध पराग बहनों— गीता पराग एवं लीला पराग ने कबीर व बाबा रामदेवजी के भजनों से विद्यार्थियों को किया मंत्रमुग्ध

उदयपुर। महाराणा मेवाड़ पब्लिक स्कूल, द सिटी पैलेस, उदयपुर में दो महत्वपूर्ण आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और भारतीय सांस्कृतिक विरासत के प्रति गौरव की भावना का संचार किया गया। विद्यालय परिसर में जहां एक ओर 78वां एनसीसी (राष्ट्रीय कैडेट कोर) स्थापना दिवस हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया, वहीं दूसरी ओर स्पिक मैके (SPIC MACAY) के तत्वावधान में मालवा की समृद्ध निर्गुण भक्ति संगीत परंपरा पर आधारित भव्य संगीतमय प्रस्तुति का आयोजन हुआ।

अनुशासित परेड, शपथ ग्रहण और पौधारोपण के साथ मनाया गया 78वां एनसीसी स्थापना दिवस

राष्ट्रनिर्माण और देशसेवा का लिया संकल्प: विशेष प्रार्थना सभा में एनसीसी की चारों विंग के कैडेट्स ने अनुशासन, एकता और समर्पण का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन कक्षा नौवीं की कैडेट काश्वी व्यास ने किया, जबकि शुभारंभ कैडेट पर्ल माहेश्वरी द्वारा गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की सुप्रसिद्ध कविता ‘Where the Mind is Without Fear’ के भावपूर्ण पाठ से हुआ। चारों विंग के कैडेट्स ने एनसीसी की शपथ ग्रहण कर राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव की रक्षा करने का संकल्प दोहराया। इस दौरान कैडेट पलाक्षी वैरागी ने हिंदी में ओजस्वी भाषण प्रस्तुत किया और कैडेट विधि जैन ने देशभक्ति से ओत-प्रोत कविता का पाठ किया।

पौधारोपण और कोलाज प्रस्तुति रही आकर्षण का केंद्र : समारोह में कैडेट्स द्वारा प्रस्तुत अनुशासित परेड, पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती पौधारोपण गतिविधि तथा एनसीसी के गौरवशाली इतिहास को दर्शाती कोलाज प्रस्तुति ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका राखी त्रिवेदी ने कैडेट्स के अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उन्हें एनसीसी के आदर्शों को दैनिक जीवन में अपनाकर एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। अंत में कैडेट तिशा मट्टा ने धन्यवाद ज्ञापित किया और एनसीसी गीत के सामूहिक गायन के साथ समारोह का समापन हुआ। संपूर्ण आयोजन फर्स्ट ऑफिसर मोनिका लोढ़ा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

स्पिक मैके के मंच पर मालवा की पराग बहनों ने बिखेरा निर्गुण भक्ति संगीत का जादू
कबीर के भजन और बाबा रामदेवजी की स्तुति से भक्तिमय हुआ परिसर: भारतीय शास्त्रीय, लोक और भक्ति संगीत की विरासत से विद्यार्थियों को जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित स्पिक मैके के कार्यक्रम में मालवा की सुप्रसिद्ध कलाकार गीता पराग एवं लीला पराग (पराग बहनों) ने अपनी भावपूर्ण गायन प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय की प्रधानाचार्या राखी त्रिवेदी, वरिष्ठ समन्वयक संजय श्रीमाल एवं मुख्य समन्वयक पारुल मेहता ने कलाकारों का आत्मीय स्वागत किया।

पारंपरिक वाद्ययंत्रों की संगत ने बांधा समां: गुरु वंदना से शुरू हुए इस आयोजन में ‘राम रस पी ले मेरी भाई’, संत कबीर के भजन ‘क्या लेकर आया जगत में’ तथा राजस्थान के आराध्य लोकदेवता बाबा रामदेवजी की स्तुति में प्रस्तुत भजनों ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया। प्रस्तुतियों के दौरान राम सांवरिया ने नगाड़े, तनु विजय ने हारमोनियम तथा संजय डोडियार ने ढोलक पर सधी हुई संगत प्रदान कर कार्यक्रम की गरिमा को और समृद्ध किया।

Maharana Mewar Public School Udaipur 78th NCC Raising Day, SPIC MACAY Udaipur Geeta Parag Leela Parag Nirgun Bhakti Music, MMPS City Palace Udaipur School Events, Udaipur Education & Cultural News 2026

(Visited 2 times, 1 visits today)

About Author