
जयपुर/उदयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी बांसवाड़ा इकाई ने शुक्रवार, 10 जुलाई 2026 को उदयपुर में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. टीम ने डॉ. रतन बिलवाल, संयुक्त निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं जोन उदयपुर के लिए 30,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए उनके दलाल अब्दुल कादिर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि एसीबी बांसवाड़ा को एक परिवादी द्वारा शिकायत मिली थी. शिकायत में बताया गया कि परिवादी की लैब में सोनोग्राफी मशीन के उपयोग हेतु रेडियोलॉजिस्ट डॉक्टर का नाम जोड़ने और रजिस्ट्रेशन की स्वीकृति जारी करने की एवज में संयुक्त निदेशक द्वारा अपने दलाल के माध्यम से 1,30,000 रुपये की भारी-भरकम रिश्वत राशि की मांग की जा रही है. शिकायत का सत्यापन करवाने पर आरोपी डॉ. रतन बिलवाल द्वारा दलाल अब्दुल कादिर के माध्यम से 30,000 रुपये की पहली किस्त लेने की सहमति व्यक्त की गई थी.
कार्रवाई की भनक लगते ही रिश्वत के पैसे छोड़ भागा दलाल, अधिकारी भी फरार शिकायत सही पाए जाने पर एसीबी के उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन और बांसवाड़ा पुलिस उप अधीक्षक रतनसिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में एक विशेष टीम ने आज जाल बिछाकर ट्रेप कार्रवाई की. टीम ने जाल बिछाकर आरोपी के दलाल अब्दुल कादिर को 30,000 रुपये की रिश्वत राशि लेते हुए घेर लिया. हालांकि, दलाल को एसीबी की कार्रवाई की भनक लग गई, जिसके कारण वह रिश्वत की राशि को परिवादी के कार्यालय में ही फेंककर भागने लगा.
एसीबी टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए दलाल अब्दुल कादिर को दबोच लिया. परिवादी से बातचीत और तकनीकी साक्ष्यों में संयुक्त निदेशक डॉ. रतन बिलवाल और दलाल अब्दुल कादिर की रिश्वत मांग में स्पष्ट संलिप्तता पाए जाने पर दलाल को गिरफ्तार कर लिया गया. वहीं, मुख्य आरोपी डॉ. रतन बिलवाल को भी कार्रवाई की भनक लग गई और वह अपने कार्यालय से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार तलाश कर रही हैं.
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक एस परिमला के सुपरविजन में फिलहाल गिरफ्तार दलाल से गहन पूछताछ की जा रही है. ब्यूरो द्वारा इस मामले में दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर आगे का अनुसंधान किया जाएगा.
भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में सहयोग की अपील एसीबी ने आमजन से अपील की है कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध चल रहे इस अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें. यदि कोई भी अधिकारी, कर्मचारी या उनका बिचौलिया काम के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो ब्यूरो की टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 एवं व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9413502834 पर 24×7 संपर्क किया जा सकता है. एसीबी वैध कार्यों को बिना किसी रुकावट के करवाने में जनता की पूरी सहायता करेगी.
About Author
You may also like
पर्दे के पीछे : उदयपुर के चौराहे पर ‘वक़्त’ का नया सेल्यूलॉयड और शिल्पियों का मुग़ल-ए-आज़म
देश-विदेश मॉर्निंग बुलेटिन : गुरुग्राम में बड़ा एनकाउंटर, ईरान-अमेरिका युद्ध, फीफा वर्ल्डकप और क्रिकेट सबकुछ यहां पढ़िए
आधी आबादी की सुरक्षा का नया सवेरा : उदयपुर पुलिस की अनूठी पहल ‘महिला सुरक्षा संकल्प अभियान’, रंगमंच पर हुआ शक्ति का सम्मान
यूपी में रिटायर्ड ARTO के घर विजिलेंस का महाछापा : दीवारों और पैकेटों से निकला 1.62 करोड़ कैश, 13 किलो सोना और 15 संपत्तियों के दस्तावेज
विरासत बनाम तुगलकी फरमान : क्या पाबंदियों के बोझ तले दम तोड़ देगा उदयपुर का ऐतिहासिक गुलाबबाग?
