
उदयपुर। उदयपुर शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र स्थित ओस्तवाल नगर में मकान का सेटबैक छोड़ने की बात को लेकर हुए विवाद में पड़ोसियों ने 68 वर्षीय बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी। तीन लोगों ने मिलकर बुजुर्ग पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद पुलिस ने शव को एमबी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सागरमल मेहता (68), निवासी खेरोदा के रूप में हुई है। सागरमल का अपने पड़ोसी के साथ मकान बनाते समय पीछे की तरफ नियमानुसार सेटबैक (खाली जगह) छोड़ने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, ताकि हवा और रोशनी में परेशानी न हो।
मृतक सागरमल ने इस संबंध में उदयपुर विकास प्राधिकरण (UDA) में शिकायत भी दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद यूडीए की ओर से हल्की कार्रवाई हुई, लेकिन पड़ोसी नहीं माना और दोनों पक्षों के बीच तनातनी बढ़ती गई। बताया जा रहा है कि हमलावरों में एक आरोपी वकील भी शामिल है।
मंगलवार रात करीब 8 बजे हुए इस हमले की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के विरोध में मृतक के परिजन, रिश्तेदार और जैन समाज के लोग बड़ी संख्या में एमबी अस्पताल की मॉर्च्युरी के बाहर एकत्र हो गए। परिजनों ने आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग को लेकर रोष जताया।
मौके पर पहुंचे प्रतापनगर थानाधिकारी अजयसिंह राव ने समझाइश करते हुए परिजनों को आश्वस्त किया कि पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। समाजजनों ने बुधवार सुबह मॉर्च्युरी के बाहर प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
About Author
You may also like
नगर निगम व यूडीए के अधिकारी देखें : चाहें तो ऐसे भी हो सकता है काम—NHAI की कंपनी ने खोदी सड़क और चंद घंटों में कर दी दुरुस्त
होटल एसोसिएशन उदयपुर की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह : डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने दिया एकजुटता और नवाचार का संदेश
हिंदुस्तान जिंक की बड़ी उपलब्धि : विगत 6 वर्षों में लगाए 8.55 लाख से अधिक पौधे, जैव विविधता संरक्षण और पारिस्थितिकी तंत्र बहाली की ओर मजबूत कदम
रणकपुर : इलेक्ट्रिक एसोसिएशन की माना रिसॉर्ट में भव्य वार्षिक मानसून पिकनिक 2026 : वॉटर पार्क गतिविधियों, मनोरंजक खेलों में लिया मजा
नारायण सेवा संस्थान में सेवा महातीर्थ में कल गुरु पूर्णिमा महोत्सव
