मुखर्जी चौक में अस्थाई चौकी का उद्घाटन : तस्वीरों को बोलते हुए देखना है तो यहां देखिए

 

 

फोटो : कमल कुमावत

उदयपुर। तस्वीरें सिर्फ दृश्यों को कैद नहीं करतीं, बल्कि अगर चेहरों को पढ़ना आता हो तो उनमें सामाजिक, व्यावसायिक, भावनात्मक और राजनीतिक कहानियां साफ तैरती दिखाई देती हैं। मौका था शहर के सबसे संवेदनशील माने जाने वाले मुखर्जी चौक में एक अस्थाई पुलिस चौकी के उद्घाटन का।

लोहे के कंटेनर में शुरू हुई यह चौकी जहां सुरक्षा के दावे कर रही है, वहीं इसके स्वरूप और स्थापना को लेकर शहर के सियासी व सामाजिक गलियारों में कई सवाल भी तैर रहे हैं। जिम्मेदार भले ही इसे बड़ी उपलब्धि बताकर अपनी पीठ थपथपा रहे हों, लेकिन मंच से लेकर जनता के बीच मौजूद चेहरों के भाव शहर की एक अलग ही आंतरिक कहानी बयां कर रहे थे। इस मौके पर सत्ताधारी दल भाजपा के तमाम दिग्गज और प्रशासनिक अमला एक जाजम पर नजर आया।

शहर के सूरजपोल थाना अंतर्गत मुखर्जी चौक में मंगलवार को नई अस्थाई पुलिस चौकी का विधिवत उद्घाटन शहर विधायक ताराचंद जैन एवं जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन द्वारा किया गया। विधायक मद से 15.65 लाख रुपये की लागत से नगर निगम द्वारा तैयार किए गए लोहे के कंटेनर में यह चौकी संचालित होगी, जहां 1 हेड कांस्टेबल और 6 पुलिस जवान तैनात रहेंगे।

शहर विधायक ताराचंद जैन ने कहा कि 2007 में जिलाध्यक्ष रहते हुए उन्होंने यहां चौकी शुरू कराई थी, जो बाद में सरकार बदलने पर हट गई थी। अब विधायक बनने पर इसे पुनः स्थापित कराया गया है। उन्होंने मुखर्जी चौक के ऐतिहासिक महत्व का जिक्र करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, सुंदरसिंह भंडारी, भैरोंसिंह शेखावत और सिकंदर बख्त जैसे कद्दावर नेता यहां सभाएं कर चुके हैं।

एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि मुखर्जी चौक घनी आबादी वाला और संवेदनशील क्षेत्र है। पूर्व में यहां टेंट में चौकी चल रही थी जहां मूलभूत सुविधाओं की कमी थी। कंटेनर चौकी बनने से जवानों को जरूरी सुविधाएं मिलेंगी और वे बेहतर पुलिसिंग कर सकेंगे।

कार्यक्रम में ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, एएसपी सिटी उमेश ओझा, नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अलका मूंदड़ा, शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, निवर्तमान महापौर गोविंद सिंह टांक, पूर्व महापौर रजनी डांगी, पूर्व सभापति रवींद्र श्रीमाली, महामंत्री पारस सिंघवी, पंकज बोराणा, देवीलाल सालवी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रमोद सामर, अतुल चंडालिया, पूर्व उपमहापौर महेंद्र सिंह शेखावत, लोकेश द्विवेदी, कुंतीलाल जैन, राजकुमार चित्तौड़ा, ललित तलेसरा, नीरज अग्निहोत्री, अर्चना शर्मा सहित शहर के सभी थानाधिकारी एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

 

About Author

Leave a Reply