
उदयपुर। उदयपुर नगर निगम चुनाव को लेकर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा/CPIM) ने भी चुनावी ताल ठोक दी है। शुक्रवार को पार्टी की ओर से वार्ड नंबर 31 से युवा प्रत्याशी मुस्कान राही और वार्ड नंबर 32 से निवर्तमान पार्षद राजेंद्र वसीटा ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर पार्षद पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से पूर्व पार्टी कार्यकर्ताओं ने शहर में विशाल रैली निकालकर जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया।
‘यह चुनाव तय करेगा आने वाले 5 सालों का उदयपुर’: राजेश सिंघवी
माछला मगरा स्थित पार्टी कार्यालय शिराली भवन पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए चुनाव संयोजक एवं पूर्व पार्षद राजेश सिंघवी ने कहा कि यह चुनाव आगामी पांच वर्षों में उदयपुर के विकास की दिशा तय करेगा।
मूलभूत सुविधाओं पर जोर: उन्होंने कहा कि माकपा एक ऐसा शहर बनाना चाहती है जहां सड़क, नाली, बिजली, पेयजल और स्वच्छता जैसी आधारभूत समस्याओं का स्थायी समाधान हो।
शिमला मॉडल का उदाहरण: सिंघवी ने कहा कि माकपा केवल विरोध की नहीं बल्कि वैकल्पिक नीतियों की राजनीति करती है। उन्होंने शिमला का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां माकपा के महापौर के कार्यकाल में जलापूर्ति और स्वच्छता के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए थे। नगर निगम बोर्ड में लाल झंडे की मजबूती आम जनता के अधिकारों की मजबूती बनेगी।
प्रत्याशियों ने रखी अपनी बात
राजेंद्र वसीटा (वार्ड 32): निवर्तमान पार्षद राजेंद्र वसीटा ने कहा कि वार्ड की जनता ने उन्हें पहले भी दो बार पार्षद चुना है। पार्टी और जनता ने जो पुनः विश्वास जताया है, वे उस पर खरा उतरते हुए वार्ड सहित पूरे शहर की समस्याओं को मजबूती से सदन में उठाकर उनका निस्तारण करवाएंगे।
मुस्कान राही (वार्ड 31): युवा प्रत्याशी मुस्कान राही ने कहा कि आज का युवा वर्ग (Gen-Z) सम्मान, रोजगार और विकास के समान अवसर चाहता है। वे एक ऐसे प्रगतिशील, सद्भावपूर्ण और विकसित उदयपुर के निर्माण के लिए संघर्ष करेंगी जहां तानाशाही और भेदभाव की कोई जगह न हो।
सभा को माकपा राज्य कमेटी सदस्य विमल भगोरा, जिला सचिव मंडल सदस्य गुमान सिंह राव और शहर सचिव हीरालाल सालवी ने भी संबोधित किया।
नारेबाजी के साथ कलेक्ट्रेट पहुंची नामांकन रैली
माछला मगरा शाखा सचिव अमजद शेख ने बताया कि सभा के पश्चात शिराली भवन से सैकड़ों कार्यकर्ताओं व समर्थकों की मौजूदगी में विशाल नामांकन रैली निकाली गई। रैली स्वराज नगर, कैलाश कॉलोनी, दीवान शाह कॉलोनी और गौसिया कॉलोनी से होते हुए जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ता पार्टी के झंडे लेकर जनहितैषी नारों के साथ उत्साहपूर्वक चल रहे थे।
रैली व सभा में अनिल पनोर, मो. निजाम, मोबीन खान, विष्णु खटीक, भेरूलाल मेघवाल, नरेश शर्मा, रणधीर मीणा, अशोक गरासिया, सरोज जैन, राधा देवी साहू, राजेंद्र निमावत, जॉनी मेघवाल, स्वदेश डामोर, अजय मेघवाल, सुनील मेघवाल, रशीदा खान, हसीना, मुमताज, सलीका, शबाना, इरफान, रुखसाना, यासमीन, इकबाल खान, किशन मेघवाल, किशन खटीक, भंवर साहू, भूपेश मीणा, हरीश मीणा, सानिया और तैबा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
About Author
You may also like
उदयपुर नगर निगम चुनाव : वार्ड 36 में पति-पॉवर के दम पर डिंपल कुंवर का टिकट तय, कार्यकर्ताओं में आक्रोश, बगावत की आहट
टिकट की भागमभाग के बीच त्याग की मिसाल
सियासत के परदे के पीछे : जब तलवार से नहीं, डर की फुसफुसाहट से कट गया टिकट
राष्ट्रीय खेल दिवस पर जावर स्टेडियम में जुटे जिंक फुटबॉल एकेडमी के खिलाड़ी और ग्रामीण बच्चे : वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन 2026 का काउंटडाउन शुरू
वो बचाने वाले को भी गहरे पानी में खींच रही थी…फतहसागर की लहरों से जिंदगी छीन लाए सिटी हीरो
