दौसा में भीषण सड़क हादसा : अनियंत्रित कार ट्रेलर में घुसी, कालाखो गांव के 6 दोस्तों की मौत

दौसा | 11 फरवरी, 2026 जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर मंगलवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे कालाखो गांव को झकझोर कर रख दिया। ग्राम कैलाई के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर लांघ गई और दूसरी तरफ से आ रहे एक ट्रेलर में जा घुसी। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार सभी 6 दोस्तों की जान चली गई।

हादसे में जान गंवाने वाले युवा
हादसे का शिकार हुए सभी युवक कालाखो गांव के निवासी थे और आपस में गहरे दोस्त थे-लोकेश (24) पुत्र गोवर्धन योगी, दिलखुश (24) पुत्र बनवारी योगी, समय सिंह (25) पुत्र राम सिंह योगी, मनीष (23) पुत्र हरिमोहन योगी, अंकित (26) पुत्र लालाराम बैरवा, नवीन (23)।

हादसा इतना भीषण कि कार के परखच्चे उड़ गए

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह डिवाइडर पार कर सीधे ट्रेलर के नीचे जा धंसी। कार में फंसे युवकों की स्थिति अत्यंत वीभत्स थी; चालक सीट पर बैठे युवक का शव गाड़ी के बाहर लटक गया था।

रेस्क्यू ऑपरेशन: सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को ट्रेलर से अलग किया।

अस्पताल में मौत का तांडव: सिकंदरा अस्पताल में 4 युवकों को मौके पर ही मृत घोषित कर दिया गया। दो गंभीर घायलों को दौसा और फिर जयपुर रेफर किया गया, लेकिन उन्होंने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

हाईवे पर लगा कई किलोमीटर लंबा जाम

हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। क्षतिग्रस्त वाहनों के बीच सड़क पर फंसे होने के कारण दोनों ओर करीब 2 से 3 किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया। पुलिस को यातायात सुचारू करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

खुशी का सफर बना आखिरी सफर

बताया जा रहा है कि सभी दोस्त मंगलवार को आभानेरी गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। वहां उन्होंने साथ मिलकर खाना खाया और हंसते-मुस्कुराते ग्रुप फोटो भी खिंचवाई थी। किसी को अंदाजा नहीं था कि समारोह से घर लौटते समय यह उनकी आखिरी मुलाकात साबित होगी।

(Visited 33 times, 1 visits today)

About Author

Leave a Reply