
देशभर में कड़ाके की सर्दी का कहर: राजस्थान के 5 शहरों में तापमान 5 डिग्री से नीचे, यूपी में 30 जिलों में घना कोहरा
नई दिल्ली/भोपाल/लखनऊ। उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। राजस्थान, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम के अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं, जहां कहीं शीतलहर तो कहीं घना कोहरा और बर्फीली ठंड लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है।
राजस्थान में पारा लुढ़का, नागौर सबसे ठंडा शहर
राजस्थान में बुधवार को जबरदस्त सर्दी दर्ज की गई। राज्य के फतेहपुर, डूंगरपुर, लूणकरणसर और नागौर सहित पांच शहरों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया।
नागौर में सबसे कम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा फतेहपुर में 3.8 डिग्री, लूणकरणसर में 4.3 डिग्री और डूंगरपुर में 4.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। ठंड बढ़ने से सुबह और रात के समय लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आए।
उत्तर प्रदेश के 30 जिलों में घना कोहरा, विजिबिलिटी बेहद कम
उत्तर प्रदेश में गुरुवार सुबह घने कोहरे की मोटी परत छाई रही। प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, अमेठी, अयोध्या समेत करीब 30 जिलों में दृश्यता शून्य से 10 मीटर तक सिमट गई। सड़कों पर वाहन चालकों को सामने कुछ भी नजर नहीं आ रहा था, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
घने कोहरे का असर हवाई और रेल सेवाओं पर भी पड़ा। बुधवार को यूपी में 7 उड़ानें देरी से चलीं, एक फ्लाइट रद्द करनी पड़ी, जबकि एक अन्य उड़ान को डायवर्ट करना पड़ा। कई ट्रेनें भी घंटों देरी से गंतव्य तक पहुंचीं।
कोहरे से बढ़े सड़क हादसे, 4 दिन में 28 लोगों की मौत
प्रदेश में घने कोहरे के चलते सड़क हादसों की संख्या भी तेजी से बढ़ी है। बीते चार दिनों में 150 से ज्यादा सड़क दुर्घटनाओं में करीब 150 वाहन आपस में टकरा चुके हैं। इन हादसों में अब तक 28 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
पहाड़ों पर भीषण ठंड, हेमकुंड साहिब में माइनस 20 डिग्री तापमान
उधर, पहाड़ी इलाकों में ठंड और भी ज्यादा गंभीर होती जा रही है। उत्तराखंड के चमोली जिले में करीब 15 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित हेमकुंड साहिब में बुधवार को तापमान माइनस 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हालांकि नवंबर के बाद से इलाके में बर्फबारी नहीं हुई है, लेकिन भीषण ठंड के चलते हेमकुंड साहिब सरोवर का पानी पूरी तरह जम गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड और बढ़ सकती है।
About Author
You may also like
ग्रेटर नोएडा में दिल दहला देने वाली वारदात: एक ही परिवार के 5 लोगों की संदिग्ध हालात में मौत; पति-पत्नी और 3 मासूम बच्चों ने तोड़ा दम, रात में नूडल्स खाने की बात आई सामने
‘खाटू वाले’ के दर्शन से पहले ही उजड़ गए हंसते-खेलते परिवार : कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पुल से गिरी बस, 8 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत, पल भर में मातम में बदली खुशियां
दिल्ली में घमासान : जंतर-मंतर की छावनी, पहियों पर लगी लगाम और मुट्ठियों में धड़कता लोकतंत्र
दिल्ली की दहलीज : मक्खी मारने के लिए हथौड़ा और लोकतंत्र का तमाशा
अलविदा नाना : एक आग थी जो बुझ गई…
