डूंगरपुर : दोवड़ा थाने के कॉन्स्टेबल व हेड कॉन्स्टेबल 1.50 लाख की रिश्वत लेते एसीबी के हत्थे चढ़े



डूंगरपुर/जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डूंगरपुर जिले के पुलिस थाना दोवड़ा में पदस्थ एक कॉन्स्टेबल और एक हेड कॉन्स्टेबल को 1 लाख 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर डूंगरपुर इकाई द्वारा की गई।
एसीबी महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 18 जनवरी 2026 को वह नयागांव स्थित इंडियन पेट्रोल पंप के पास खड़ा था। इसी दौरान पुलिस की एक गाड़ी वहां आकर रुकी। पुलिसकर्मियों ने उससे एक व्यक्ति का पता पूछने के बाद उसका मोबाइल फोन जांच के नाम पर अपने कब्जे में ले लिया और ऑनलाइन गेम के जरिए ठगी करने का आरोप लगाया।
शिकायत के अनुसार परिवादी को जबरन पुलिस गाड़ी में बैठाकर थाना दोवड़ा ले जाया गया, जहां उसके खिलाफ मामला दर्ज करने की धमकी दी गई। आरोप है कि कॉन्स्टेबल प्रकाश चंद्र पटेल ने खुद को थानेदार से नजदीकी बताते हुए कहा कि यदि दो लाख रुपये दे दिए जाएं तो न तो केस दर्ज होगा और न ही मोबाइल जब्त किया जाएगा। बाद में सौदा 1.50 लाख रुपये में तय हुआ।
लगातार रिश्वत की मांग से परेशान होकर परिवादी ने एसीबी से संपर्क किया। 28 जनवरी 2026 को एसीबी ने मांग का सत्यापन कराया, जिसमें कॉन्स्टेबल प्रकाश चंद्र पटेल और हेड कॉन्स्टेबल अशोक कुमार पाटीदार द्वारा रिश्वत लेने की सहमति सामने आई।
इसके बाद उप महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन और पुलिस उप अधीक्षक रतन सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में एसीबी डूंगरपुर टीम ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को 1.50 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी के अनुसार आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। महानिरीक्षक पुलिस राजेश सिंह के सुपरविजन में आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।

About Author

Leave a Reply