सैयद हबीब, उदयपुर

सिनेमा के सुनहरे दौर की एक बड़ी खूबसूरत फिल्म थी, जिसमें निर्देशक दो अलग-अलग दृश्यों को एक साथ एडिट करके दिखाता था। एक तरफ नायक के घर में महफिल सज रही होती थी, तो ठीक उसके समानांतर दूसरे खेमे में किसी नई पटकथा की तैयारी चल रही होती थी। दर्शक अपनी कुर्सी पर बैठा यह तय नहीं कर पाता था कि असली खेल मंच पर चल रहा है या फिर पर्दे के पीछे। उदयपुर की नगर-सियासत भी इन दिनों किसी मंझे हुए निर्देशक की उसी फिल्म जैसी नजर आ रही है, जहां संवाद कम बोले जा रहे हैं और ‘मिस-एन-सीन’ (दृश्य विन्यास) बहुत कुछ कह रहा है।

10 नवंबर की इस भोर ने शहर के सियासी फलक पर कुछ ऐसे ही रंगों को एक साथ बिखेरा है। घड़ी की दोनों सुइयों के 12 पर मिलते ही व्हाट्सएप ग्रुपों की स्क्रीनें जगमगा उठीं। नए मेयर पारस सिंघवी की सालगिरह का जश्न महज निजी शुभकामनाओं का लेन-देन नहीं था; बाकायदा पार्टी की ओर से सुबह से शाम तक के आधिकारिक आयोजनों की रूपरेखा जारी कर दी गई। नवनिर्वाचित पार्षदों को साथ जोड़कर एक नए शक्ति संतुलन की तस्वीर खिंचवाई जा रही थी।
मगर सियासत के पर्दे पर असली ड्रामा तब समझ में आता है, जब आप बैकग्राउंड स्कोर को ध्यान से सुनें। अभी महज तीन रोज पहले की बात है। शहर के विधायक ताराचंद जैन की भी सालगिरह थी। पर तब पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक तंबू नहीं तना था। विधायक जी को अपनी महफिल खुद सजानी पड़ी थी, जहां मेयर और जिलाध्यक्ष पहुंचे जरूर, मगर वह मौजूदगी पार्टी के प्रोटोकॉल से ज्यादा एक औपचारिक शिष्टाचार भर थी।
और अब देखिए इस सियासी पटकथा का दूसरा सिरा
जैसे ही 10 नवंबर को मेयर की सालगिरह पर तालियां बजनी तय हुईं, ठीक उसके अगले दिन यानी 11 नवंबर के लिए शहर की सड़कों पर एक और समानांतर स्क्रिप्ट तैयार कर दी गई। पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया और विधायक ताराचंद जैन की ओर से 11 नवंबर को शहर में हुए विकास कार्यों के निरीक्षण का कार्यक्रम तय कर दिया गया। हर इलाके के कार्यक्रम में एक पुराना, तपे-तपाए वरिष्ठ कार्यकर्ता, क्षेत्रीय पार्षद और पूर्व पार्षदों को संयोजन की जिम्मेदारी सौंप दी गई।
यह महज इत्तेफाक नहीं, सत्ता के संतुलन का क्लासिक खेल है। 10 नवंबर को नए चुनकर आए चेहरों के साथ मेयर के जन्मदिन का जलसा, और ठीक अगले दिन 11 नवंबर को शहर के चप्पे-चप्पे पर पुराने वफादारों के साथ विकास की नब्ज टटोलता स्थापित खेमा।
शेक्सपियर ने बहुत पहले लिखा था कि पूरी दुनिया एक रंगमंच है और हम सब महज कठपुतलियां। झीलों के इस शहर में 10 और 11 नवंबर की तारीखों में बंटे ये दो मंच दरअसल यही बयां कर रहे हैं कि सियासत में जन्मदिन सिर्फ उम्र का एक और पड़ाव पार करने का दिन नहीं होता; वह यह दिखाने का मौका होता है कि शहर के सियासी थिएटर में टिकट किसके नाम पर बिक रहे हैं और असली तालियां किसकी तरफ बज रही हैं।
About Author
You may also like
कुर्सी सरकारी, तेवर सियासी : जब एक कर्मचारी नेता की सालगिरह पर शहर के हुक्मरानों ने दी बधाई
दिवाली की वो रात…अफसरों की अदाएं अपनी जगह, पर चौराहों पर खड़े उन जवानों के पसीने को सलाम करना जरूरी है
उदयपुर में दीपावली : एक दीया, झील का पानी और रात का परिधान
उदयपुर में दीपोत्सव का पैगाम : स्वर्ण-रजत से सजीं माता महालक्ष्मी, दर्शन को उमड़े श्रद्धालु; 10 नवंबर को सजेगा विशाल अन्नकूट
पूर्व राजघराने के सदस्य लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने परिवार सहित किए महालक्ष्मी के दर्शन: मेवाड़वासियों की सुख-समृद्धि की कामना की
