हिंदुस्तान जिंक की बड़ी उपलब्धि : HZDA 5 को मिला BIS सर्टिफिकेशन, ग्राहकों का भरोसा और उत्पाद की गुणवत्ता होगी मजबूत

उदयपुर। विश्व की सबसे बड़ी एकीकृत जिंक उत्पादक कंपनी हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड ने अपने प्रमाणित एलॉय (Alloy) पोर्टफोलियो का विस्तार करते हुए एक और बड़ी सफलता हासिल की है। कंपनी के प्रमुख उत्पाद ‘हिंदुस्तान जिंक डाई-कास्टिंग एलॉय 5’ (HZDA 5) को अब भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) प्रमाणन के दायरे में शामिल कर लिया गया है। यह राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन एचजेडडीए 5 की उच्च गुणवत्ता, विश्वसनीयता और बेहतर प्रदर्शन की गारंटी देता है।

इस नए अपडेट के बाद अब कंपनी के दो प्रमुख उत्पाद—HZDA 3 और HZDA 5 दोनों पूरी तरह से बीआईएस प्रमाणित हो चुके हैं। इससे घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में उच्च गुणवत्ता और जिम्मेदारीपूर्वक निर्मित जिंक एलॉय उत्पादों के विश्वसनीय आपूर्तिकर्ता के रूप में हिंदुस्तान जिंक की स्थिति और अधिक मजबूत हुई है।

प्रमाणन मानकों से बढ़कर, ग्राहकों से वादे का प्रतीक : सीईओ अरुण मिश्रा

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर हिंदुस्तान जिंक के सीईओ एवं पूर्णकालिक निदेशक अरुण मिश्रा ने कहा, “एचजेडडीए 5 को बीआईएस प्रमाणन के दायरे में शामिल किया जाना हमारे प्रमाणित उत्पाद पोर्टफोलियो को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। हमारे लिए प्रमाणन केवल मानकों का पालन करना नहीं, बल्कि ग्राहकों को भरोसेमंद गुणवत्ता और दीर्घकालिक मूल्य देने का वादा है। जैसे-जैसे उद्योग उच्च प्रदर्शन और जिम्मेदारीपूर्वक निर्मित धातुओं की ओर बढ़ रहे हैं, हिंदुस्तान जिंक विश्वसनीय उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।”

औद्योगिक क्षेत्रों में बढ़ेगी मांग : HZDA 3 और HZDA 5 को विशेष रूप से उन अनुप्रयोगों के लिए विकसित किया गया है जहां मजबूती, सटीकता और टिकाऊपन की सबसे ज्यादा आवश्यकता होती है। इन जिंक डाई-कास्टिंग एलॉय का उपयोग ऑटोमोबाइल, इंजीनियरिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर और अन्य प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर किया जाता है। वर्तमान समय में जब ग्राहक खरीद निर्णयों में प्रमाणित और जिम्मेदार स्रोतों से निर्मित उत्पादों को प्राथमिकता दे रहे हैं, यह प्रमाणन खरीद जोखिम को कम करने में मददगार साबित होगा।

टोटल क्वालिटी मैनेजमेंट के प्रति प्रतिबद्धता : यह उपलब्धि हिंदुस्तान जिंक की ‘टोटल क्वालिटी मैनेजमेंट’ के प्रति निष्ठा को दर्शाती है। कंपनी कच्चे माल की खरीद से लेकर उत्पादन, परीक्षण और लॉजिस्टिक्स तक की पूरी प्रक्रिया में आधुनिक व्यवस्थाओं जैसे—लेबोरेटरी इंफारमेशन मैनेजमेंट सिस्टम (LIMS) और एजाइल क्वालिटी सर्कल का उपयोग करती है। इसके अलावा, कंपनी के पास REACH और LBMA जैसे वैश्विक प्रमाणन भी हैं।

कंपनी ‘वेदांता मेटल बाजार’ जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी ग्राहकों को उत्पादों की उपलब्धता, पारदर्शिता और ट्रेसेबिलिटी की सुविधा दे रही है, जो भारत के विनिर्माण और औद्योगिक विकास में एक मील का पत्थर साबित हो रहा है।

 

About Author

Leave a Reply