प्रो. मंजु मांडोत ने संभाला जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ के कुलपति का पदभार

उदयपुर। जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी) के कुलाधिपति भंवर लाल गुर्जर ने कंप्यूटर विज्ञान एवं आईटी विभाग की निदेशक प्रो. मंजु मांडोत को विश्वविद्यालय का कार्यवाहक कुलपति मनोनीत किया है। आदेश जारी होने के बाद प्रो. मांडोत ने दोपहर 1:15 बजे प्रतापनगर स्थित कुलपति सचिवालय में विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया।

पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद प्रो. मंजु मांडोत ने प्रतापनगर परिसर में स्थापित विद्यापीठ के संस्थापक पंडित जनार्दन राय नागर (जनुभाई) की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने संस्थापक के अधूरे सपनों को सभी कार्यकर्ताओं और संकाय सदस्यों को साथ लेकर पूरा करने का संकल्प दोहराया।

तीन दशकों का अनुभव: प्रो. मांडोत ने अगस्त 1996 में विद्यापीठ के आईटी विभाग में सहायक आचार्य (Assistant Professor) के रूप में अपनी शैक्षणिक यात्रा शुरू की थी। विभिन्न प्रशासनिक व अकादमिक पदों पर रहने के बाद वे जुलाई 2012 से लगातार निदेशक पद की जिम्मेदारी संभाल रही थीं।

कुलाधिपति ने दी शुभकामनाएं: कुलाधिपति भंवर लाल गुर्जर ने उन्हें बधाई देते हुए विश्वास जताया कि प्रो. मांडोत के कुशल नेतृत्व में विद्यापीठ शैक्षणिक एवं शोध के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगा।

पदभार ग्रहण समारोह के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं और संकाय सदस्यों को संबोधित करते हुए प्रो. मंजु मांडोत ने कहा : “राजस्थान विद्यापीठ मूल रूप से कार्यकर्ताओं की संस्था है। पूर्व कुलपतियों के कार्यकाल में संस्थान ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। संस्थापक पं. जनार्दन राय नागर के विजन को आगे बढ़ाने के लिए सभी वर्गों को साथ लेकर चलना ही हमारी प्राथमिकता होगी। निष्ठावान और ईमानदार कार्यकर्ताओं की बदौलत ही यह संस्थान आज सर्वोच्च शिखर पर पहुंचा है।”

प्रो. मांडोत के पदभार ग्रहण के अवसर पर तीनों परिसरों के शिक्षकों और कर्मचारियों ने उनका उपरणा ओढ़ाकर अभिनंदन किया।

इस दौरान प्रो. जी.एम. मेहता, प्रो. अवनीश नागर, प्रो. सरोज गर्ग, प्रो. बलिदान जैन, प्रो. हेमेंद्र चौधरी, डॉ. शैलेंद्र मेहता, डॉ. एस.बी. नागर, डॉ. गुणबाला आमेटा, प्रो. लालाराम जाट, डॉ. मनीष श्रीमाली, डॉ. दिलीप चौधरी, डॉ. प्रिंस पायस, डॉ. प्रदीप सिंह शक्तावत, डॉ. आशीष नंदवाना, शरद वर्मा, उमराव सिंह राणावत, नवीन दीक्षित, चंद्रेश छतलानी, डॉ. अमित बाहेती, डॉ. भरत सुखवाल, कर्मचारी संघ के अध्यक्ष डॉ. प्रकाश धाकड़, आरिफ मोहम्मद, डॉ. दिलीप सिंह चौहान, किशन सिंह राव, रमेश प्रजापत, राजेंद्र वैष्णव, महेंद्र मेघवाल, कैलाश, अशोक, शंकर, रामलाल, देवी सिंह, खेमराज माली, गंगाबाई, लक्ष्मी सालवी, सूरजकंवर, हीरा बाई व गोपीबाई सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

About Author

Leave a Reply