सैयद हबीब, उदयपुर

हमारे देश में हुकूमत और नौकरशाही का मिजाज भी बड़ा अजीब है। अक्सर बड़े ओहदों पर बैठे हुक्मरानों (अफसर) और पुलिस कप्तानों के तेवर ऐसे होते हैं मानो वे किसी लोकतान्त्रिक रियासत के नहीं, बल्कि पुरानी सामंती सल्तनत के नुमाइंदे हों। कई बार तो मन होता है कि ऐसे दंभ और अफसरिया मिजाज की तरफ मुड़कर भी न देखा जाए। लेकिन सवाल जब उन गुमनाम, वर्दीधारी सिपाहियों की मुस्तैदी का हो, जो अपना घर-बार, बीवी-बच्चे और अपनी दीवाली छोड़कर चौराहों पर हमारी हिफाजत के लिए सीना ताने खड़े रहते हैं—तो उनकी इज्जत और पसीने का सम्मान करना हमारी राष्ट्रीय और नैतिक जिम्मेदारी बन जाता है।

दीपावली के इस पावन पर्व पर झीलों की नगरी उदयपुर में भी कुछ ऐसा ही मंजर देखने को मिला। रेंज के पुलिस महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव और जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन मातहत अफसरों के साथ शहर की सड़कों पर पैदल भ्रमण के लिए निकले। उनके साथ शहर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा और मुख्यालय के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा समेत तमाम अमला मौजूद था।
अफसरों का यह कारवां शहर के व्यस्त और ऐतिहासिक बाजारों से गुजरा। अब यह महज एक रस्मी दौरा था या दिलों को जोड़ने की कोई सच्ची कवायद, यह तो वही जानें; लेकिन इसका सबसे उम्दा और मानवीय पहलू यह रहा कि ड्यूटी पर मुस्तैद आम सिपाहियों और जवानों के चेहरे पर एक लम्हे के लिए मुस्कान खिल उठी। त्योहार की रात जब हर कोई अपने घर में दीये जला रहा था, तब ये जवान सड़कों पर खड़े होकर शहर के अमन-चैन की पहरेदारी कर रहे थे। बड़े अफसरों ने जब इनके बीच जाकर मिठाइयां बांटीं और उनका हौसला बढ़ाया, तो वह सम्मान असल में उन जवानों के त्याग का था, न कि किसी हुक्मरान की मेहरबानी का।
इस दौरान अफसरों ने रास्ते में मिलने वाले आम नागरिकों, छोटे व्यापारियों और बच्चों से भी दुआ-सलाम की, उनका हालचाल पूछा और दीपोत्सव की शुभकामनाएं दीं।
हुकूमत और खाकी को यह हमेशा याद रखना चाहिए कि उनकी असली ताकत कंधों पर लगे सितारे या कुर्सी की हनक नहीं होती; बल्कि नीचे जमीन पर धूप-छांव में खड़ा वह सिपाही और सामने खड़ा वह आम शहरी होता है, जिसका विश्वास ही इस पूरे तंत्र की बुनियाद है। अगर अफसरशाही अपने तल्ख तेवर छोड़कर इस बुनियादी सच को समझ ले, तो त्योहारों की यह मिठास सिर्फ सड़कों पर नहीं, पूरे अवाम के दिलों में घुल सकती है।
About Author
You may also like
बर्थ डे पार्टी के पर्दे के पीछे की कहानी : जब सालगिरह के मंच पर बंधी समानांतर सियासत की पटकथा
कुर्सी सरकारी, तेवर सियासी : जब एक कर्मचारी नेता की सालगिरह पर शहर के हुक्मरानों ने दी बधाई
उदयपुर में दीपावली : एक दीया, झील का पानी और रात का परिधान
उदयपुर में दीपोत्सव का पैगाम : स्वर्ण-रजत से सजीं माता महालक्ष्मी, दर्शन को उमड़े श्रद्धालु; 10 नवंबर को सजेगा विशाल अन्नकूट
पूर्व राजघराने के सदस्य लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने परिवार सहित किए महालक्ष्मी के दर्शन: मेवाड़वासियों की सुख-समृद्धि की कामना की
