उदयपुर में छिपकर रह रहा था शातिर ठग : AI से फर्जी ID बना मैट्रिमोनियल साइट्स पर महिलाओं को ठगने वाला अहमदाबाद से गिरफ्तार

उदयपुर/अहमदाबाद। उदयपुर। झीलों की नगरी उदयपुर को सुरक्षित ठिकाना बनाकर रह रहा एक शातिर महाठग अहमदाबाद पुलिस के हत्थे चढ़ा है। यह आरोपी उदयपुर में अपनी मां के साथ किराए के मकान में छिपकर रह रहा था और यहीं से बैठकर वह मैट्रिमोनियल (शादी) साइट्स और सोशल मीडिया के जरिए देश की दर्जनों महिलाओं को अपनी ठगी का शिकार बना रहा था।

अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी हिमांशु उर्फ रॉकी योगेशभाई पांचाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को पुलिस सब-इंस्पेक्टर (PSI) और साइबर क्राइम का बड़ा अधिकारी बताकर महिलाओं को जाल में फंसाता था।

उदयपुर कनेक्शन : पहचान छुपाने के लिए चुना ‘लेक सिटी’

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी हिमांशू मूल रूप से अहमदाबाद का रहने वाला है, लेकिन कानून की नजरों से बचने के लिए वह पिछले कुछ समय से उदयपुर में एक किराए का मकान लेकर अपनी मां के साथ रह रहा था। उदयपुर में रहते हुए ही वह अपनी काली करतूतों को अंजाम दे रहा था। आरोपी पहले एक ऑनलाइन मोबाइल शॉप और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर काम कर चुका है, जिससे वह तकनीक का जानकार है।

 

AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से बनाई फर्जी ID, रिटायरमेंट ईयर लिखा ‘3026’

क्राइम ब्रांच के अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी हिमांशु बेहद शातिर दिमाग है। वह महिलाओं को झांसे में लेने के लिए AI (Artificial Intelligence) तकनीक का इस्तेमाल करता था। उसने AI के जरिए पुलिस और साइबर क्राइम विभाग के फर्जी लेटरहेड और इनकम टैक्स रेड के झूठे दस्तावेज तैयार कर रखे थे।

हैरान कर देने वाला खुलासा :

पुलिस ने जब आरोपी के पास से फर्जी PSI (पुलिस सब-इंस्पेक्टर) का पहचान पत्र (ID Card) बरामद किया, तो अधिकारी भी हैरान रह गए। शातिर ठग ने अपनी फर्जी आईडी पर रिटायरमेंट का साल ‘3026’ लिख रखा था, जिस पर अमूमन किसी का ध्यान नहीं जाता था।

ठगी का तरीका : करीब 20-21 महिलाओं को बनाया शिकार

आरोपी मैट्रिमोनियल साइट्स पर खुद को कुंवारा और बड़ा सरकारी अफसर बताता था। महिलाओं से दोस्ती और विश्वास जीतने के बाद वह खुद पर मुसीबत आने का नाटक रचता था। वह महिलाओं से कहता था कि उसके घर पर इनकम टैक्स की रेड पड़ गई है या उसे तुरंत पैसों की जरूरत है।

वह महिलाओं को फोन खरीदने या इमरजेंसी के बहाने मिलने बुलाता और कैश ऐंठ लेता था।

अब तक की जांच में सामने आया है कि वह अलग-अलग महिलाओं से 50,000 रुपये से लेकर 1 लाख रुपये तक ऐंठ चुका है।

पुलिस का अनुमान है कि वह करीब 20 से 21 महिलाओं को इसी तरह चूना लगा चुका है।

मुंबई में दुष्कर्म का मामला, पहले भी जा चुका है जेल

अहमदाबाद क्राइम ब्रांच के एसीपी (ACP) भारत पटेल ने बताया कि आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। इसके खिलाफ अहमदाबाद के नवरंगपुरा और नरोदा थाने में पहले से मामले दर्ज हैं। साल 2019 में भी इसे एक महिला को अश्लील मैसेज भेजने के आरोप में गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा, मुंबई में इसके खिलाफ दुष्कर्म (Rape) का मामला भी दर्ज है।

फिलहाल अहमदाबाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर नरोदा और नवरंगपुरा पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उदयपुर में रहने के दौरान क्या उसने राजस्थान या उदयपुर की भी किसी महिला को अपना शिकार बनाया है या नहीं।

About Author

Leave a Reply