
राजस्थान पत्रिका समूह के प्रधान संपादक डॉ. गुलाब कोठारी तथा पूर्व राजघराने के डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने किया विमोचन
उदयपुर। लेक सिटी उदयपुर के ऐतिहासिक सिटी पैलेस में प्रख्यात लेखक एवं इतिहासकार ब्रायन मास्टर्स द्वारा लिखित पुस्तक ‘महाराणा : द स्टोरी ऑफ द रूलर्स ऑफ उदयपुर’ के पांचवें संशोधित संस्करण का एक गरिमामय समारोह में भव्य विमोचन किया गया। इस ऐतिहासिक कृति का विमोचन राजस्थान पत्रिका समूह के प्रधान संपादक डॉ. गुलाब कोठारी तथा पूर्व राजघराने के डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ के कर-कमलों द्वारा हुआ।
ब्रायन मास्टर्स की यह चर्चित कृति विश्व के सबसे प्राचीन राजवंशों में से एक—मेवाड़ राजवंश की लगभग 1500 वर्ष पुरानी गौरवशाली परंपरा, क्षत्रिय शौर्य, स्वाभिमान एवं सांस्कृतिक वैभव का एक सजीव ऐतिहासिक दस्तावेज है। पुस्तक में राजवंश की 77 पीढ़ियों की अद्वितीय विरासत को अत्यंत रोचक और प्रामाणिक ऐतिहासिक प्रसंगों के माध्यम से पाठकों के सामने प्रस्तुत किया गया है।
लेखक ने मेवाड़ राजघराने की ज़िम्मेदारियों और उत्तराधिकार पर विशेष प्रकाश डालते हुए लिखा है कि 1500 वर्षों पुरानी परम्पराओं, मूल्यों एवं सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने का यह महान दायित्व-निर्वहन का भार श्रीजी अरविन्द सिंह मेवाड़ के पश्चात वर्तमान में डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ को मिला है।
दशकों से पाठकों की पहली पसंद: महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउण्डेशन की पहल
गौरतलब है कि ब्रायन मास्टर्स कृत “महाराणा” पुस्तक का प्रथम संस्करण वर्ष 1990 में मेवाड़ के 76वें श्री एकलिंग दीवान श्रीजी हुजूर अरविन्द सिंह मेवाड़ के संरक्षण में प्रकाशित हुआ था। अपनी ऐतिहासिक प्रामाणिकता के कारण यह पुस्तक दशकों से इतिहास और साहित्य प्रेमियों के बीच बेहद लोकप्रिय रही है। पाठकों की निरंतर मांग को देखते हुए महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउण्डेशन, उदयपुर के अध्यक्ष एवं प्रबंध न्यासी डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ के मार्गदर्शन में इसका यह पाँचवाँ संशोधित संस्करण तैयार कर प्रकाशित किया गया है।
एक दिलचस्प संयोग : इससे पहले वर्ष 2012 में भी महाराणा मेवाड़ फाउण्डेशन के 31वें वार्षिक सम्मान समारोह के दौरान डॉ. गुलाब कोठारी ने अरविन्द सिंह मेवाड़ की गरिमामयी उपस्थिति में ब्रायन मास्टर्स की इसी कृति का विमोचन किया था।
जानिए पुस्तक और उसके प्रख्यात लेखक के बारे में
अंतरराष्ट्रीय स्तर के लेखक : पुस्तक के लेखक ब्रायन मास्टर्स एक प्रख्यात ब्रिटिश इतिहासकार और जीवनी लेखक हैं। उन्होंने कार्डिफ विश्वविद्यालय तथा फ्रांस के मॉन्टपेलियर विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त की है और साहित्य व इतिहास के क्षेत्र में कई अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
क्या खास है पुस्तक में : इस कृति में मुगल और ब्रिटिश काल के दौरान मेवाड़ की अस्मिता, राजपूती वीरता की गाथाओं, राजदरबार की उच्च मर्यादाओं तथा उदयपुर सिटी पैलेस की स्थापत्य कला (Architecture) की भव्यता का प्रभावशाली वर्णन है। इसके साथ ही, सिटी पैलेस को एक ‘विश्वस्तरीय जीवित विरासत संग्रहालय’ (Living Heritage Museum) के रूप में विकसित करने में महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउण्डेशन के योगदान को भी प्रमुखता से रेखांकित किया गया है।
About Author
You may also like
उदयपुर में छिपकर रह रहा था शातिर ठग : AI से फर्जी ID बना मैट्रिमोनियल साइट्स पर महिलाओं को ठगने वाला अहमदाबाद से गिरफ्तार
राजस्थान राज्यसभा चुनाव : मेवाड़ के कद्दावर नेता डॉ. सीपी जोशी रेस में सबसे आगे, बिना लॉबिंग आलाकमान की बने पहली पसंद, खोड़निया भी दौड़ में शामिल
हिंदुस्तान जिंक की जैव विविधता पहल से 4.1 लाख से अधिक पशु एवं वन्यजीव लाभान्वित
श्रमिक हितों के पुरोधा बी. चौधरी को भावभीनी श्रद्धांजलि
कुमावत समाज मुकुंदपुरा : तीन दिवसीय ‘नानी बाई रो मायरा’ कथा की तैयारियां पूरी, आज निकलेगी कलश यात्रा, रविवार को महाप्रसादी
