महाराणा मेवाड़ फाउण्डेशन के 43वें वार्षिक सम्मानों के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित : 14 मार्च 2027 को आयोजित होगा समारोह

30 नवंबर तक स्वीकार किए जाएंगे आवेदन; अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, राज्य व विद्यार्थी वर्ग की विभिन्न विभूतियों को किया जाएगा अलंकृत

उदयपुर। महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउण्डेशन, उदयपुर द्वारा प्रदान किए जाने वाले प्रतिष्ठित महाराणा मेवाड़ फाउण्डेशन वार्षिक सम्मान समर्पण समारोह (43वां अलंकरण समारोह) का आयोजन आगामी 14 मार्च 2027 को किया जाएगा। इसके तहत अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, राज्य एवं विद्यार्थी स्तर के विभिन्न सम्मानों के लिए प्रविष्टियां व आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक आवेदक आगामी 30 नवंबर 2026 तक अपने आवेदन पत्र जमा करवा सकते हैं।

मेवाड़ की सदियों पुरानी परंपराओं व दायित्वों के निर्वहन हेतु 75वें एकलिंग दीवान महाराणा भगवत सिंह मेवाड़ ने वर्ष 1980 में मानव और समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विशिष्ट विभूतियों के सम्मान हेतु इस समारोह का शुभारंभ किया था। उन्हीं आदर्शों को आगे बढ़ाते हुए फाउण्डेशन के अध्यक्ष एवं प्रबंध न्यासी व मेवाड़ के 77वें एकलिंग दीवान डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ द्वारा 43वें समारोह में ये सम्मान प्रदान किए जाएंगे। समारोह के संयोजक डॉ. मयंक गुप्ता ने बताया कि अब तक हुए 42 समारोहों में 5,076 विशिष्ट विभूतियों को सम्मानित किया जा चुका है।

आवेदन प्रक्रिया व महत्वपूर्ण तिथियां

अंतिम तिथि: 30 नवंबर 2026

महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउण्डेशन उदयपुर के 43वें वार्षिक अलंकरण समारोह के सम्मानों के लिए विद्यार्थी https://www.eternalmewar.in/uploads/ award/mmfaa_student_form.pdf से तथा अन्तरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय तथा राज्यस्तरीय सम्मानों के लिए https://www.eternalmewar.in/  uploads/award/mmfaa_senior_form.pdf से आवेदन डाउनलोड किये जा सकते हैं तथा आवेदन पत्र सिटी पैलेस की बड़ी पोल एवं शीतला माता गेट से प्रातः 10 से शाम 4 बजे तक जमा किये जाएंगे।

जमा करने का स्थान व समय: भरे हुए आवेदन पत्र सिटी पैलेस की बड़ी पोल एवं शीतला माता गेट पर प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक जमा किए जाएंगे।

सम्मानों की श्रेणियां और पुरस्कार राशि का विवरण

1. अंतरराष्ट्रीय स्तर का सम्मान (पुरस्कार राशि: ₹2 लाख, तोरण, शॉल एवं प्रशस्तिपत्र)

कर्नल जेम्स टॉड सम्मान: राजस्थान में मानवता की सार्वभौम सेवा को समर्पित तथा विश्वबंधुत्व की आस्था रखने वाले विदेशी मनीषी को प्रदान किया जाता है (चयन में मेवाड़ हेतु स्थायी मूल्य की सेवा को वरीयता दी जाएगी)।

2. राष्ट्रीय स्तर के अलंकरण (पुरस्कार राशि: ₹1 लाख प्रत्येक, तोरण, शॉल एवं प्रशस्तिपत्र)

हल्दीघाटी अलंकरण: प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक पत्रकारिता के माध्यम से समाज की उल्लेखनीय सेवा के लिए।

हकीम खाँ सूर अलंकरण: साम्प्रदायिक सद्भाव, देशप्रेम तथा राष्ट्रीय एकता और अखंडता के क्षेत्र में स्थायी सेवाओं के लिए।

महाराणा उदयसिंह अलंकरण: पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्द्धन के क्षेत्र में स्थायी मूल्य की सेवाओं के लिए।

पन्नाधाय अलंकरण: अपने निर्धारित दायित्व की सीमा से ऊपर उठकर किए गए साहसिक कार्य के लिए।

महाराणा अरविंद सिंह मेवाड़ अलंकरण: पर्यटन, आतिथ्य, धरोहर संरक्षण तथा सतत् विकास के क्षेत्र में स्थायी सेवाओं के लिए।

3. राज्य स्तरीय अलंकरण (पुरस्कार राशि: ₹51 हजार प्रत्येक, तोरण, शॉल एवं प्रशस्तिपत्र)

महर्षि हारीत राशि अलंकरण: समाज में आध्यात्मिक जागरण, वैदिक परंपराओं की स्थापना एवं कर्मकाण्ड के प्रचार-प्रसार में श्रेष्ठ योगदान के लिए।

महाराणा मेवाड़ अलंकरण: समाज में शैक्षिक, चारित्रिक, नैतिक, सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान हेतु स्थायी मूल्य की सेवाओं के लिए।

महाराणा कुम्भा अलंकरण: भारतीय संस्कृति, साहित्य व इतिहास के क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाओं से समाज में जागृति लाने के लिए।

महाराणा सज्जनसिंह अलंकरण: चित्रकारी, स्थापत्य कला एवं अन्य ललित कलाओं की स्थायी मूल्य की सेवा के लिए।

डागर घराना सम्मान: राजस्थान में शास्त्रीय संगीत, भारतीय शास्त्रीय नृत्य एवं लोक नृत्य के क्षेत्र में श्रेष्ठ कार्य करने वाली प्रतिभा को।

राणा पूंजा अलंकरण: मेवाड़ के आदिवासी समाज के उत्थान के लिए कार्य करने वाली आदिवासी क्षेत्र की विभूति को।

अरावली अलंकरण: खेलकूद के क्षेत्र में विशिष्ट उपलब्धियां अर्जित करने वाले राजस्थान के खिलाड़ियों को।

4. विद्यार्थी वर्ग के सम्मान (पुरस्कार राशि: ₹21 हजार प्रत्येक, मेडल एवं प्रशस्तिपत्र)

भामाशाह सम्मान: राजस्थान स्थित विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों अथवा राजस्थान के उन मूल निवासी विद्यार्थियों के लिए, जिन्होंने सत्र 2025-2026 में राज्य से बाहर किसी विश्वविद्यालय से स्नातक (बैचलर) डिग्री या डिप्लोमा पूर्ण किया है।

महाराणा राजसिंह सम्मान: उदयपुर स्थित विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के उन विद्यार्थियों के लिए, जिन्होंने सत्र 2025-2026 में खेलकूद एवं शैक्षणिक-सहशैक्षणिक गतिविधियों में श्रेष्ठ स्थान प्राप्त किया है।

महाराणा फतह सिंह सम्मान: उदयपुर स्थित विद्यालयों के उन विद्यार्थियों के लिए, जिन्होंने सत्र 2025-2026 में 10वीं एवं 12वीं की परीक्षाएं उच्च अंकों से उत्तीर्ण की हैं या इन कक्षाओं में खेलकूद व सहशैक्षणिक गतिविधियों में श्रेष्ठ प्रदर्शन किया है।

 

(Visited 3 times, 3 visits today)

About Author