अलवर में दिल दहला देने वाला हादसा : खेलते समय कार में लॉक हुईं दो मासूम बहनें, दम घुटने से मौत, 4 साल पहले मां को भी खो चुका था परिवार

अलवर। राजस्थान के अलवर शहर के खुदानपुरी इलाके से बुधवार को एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ खेल-खेल में एक लावारिस और क्षतिग्रस्त कार के अंदर बैठी दो सगी नाबालिग बहनों की दम घुटने से मौत हो गई। कार का दरवाजा अंदर से नहीं खुलने के कारण दोनों मासूम बच्चियां वाहन के भीतर ही फंस गईं।

मृतक बच्चियों की पहचान 8 वर्षीय टीना और 5 वर्षीय लक्ष्मी के रूप में हुई है। इस हादसे के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर है और पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है।

पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 11:30 बजे हुआ। दोनों बच्चियां घर के पास ही स्थित एक कार रिपेयरिंग सेंटर के नजदीक खेल रही थीं। इसी दौरान वे वहां खड़ी एक लावारिस लाल रंग की क्षतिग्रस्त कार के अंदर चली गईं।

घटना का एक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दोनों बहनें गाड़ी के पास जाती हैं और ड्राइवर साइड का दरवाजा खोलकर अंदर बैठ जाती हैं। जैसे ही दरवाजा बंद होता है, वह अंदर से लॉक हो जाता है और बच्चियां उसे दोबारा नहीं खोल पाती हैं।

बच्चियों के पिता रमेश ने बताया कि वे रोज़ की तरह बच्चों को घर पर छोड़कर काम पर गए थे। दोपहर को जब वे खाना खाने के लिए घर लौटे, तो दोनों बेटियां गायब थीं। काफी खोजबीन करने के बाद जब उनका ध्यान पास खड़ी कार पर गया, तो दोनों बच्चियां उसके अंदर बेहोश पड़ी थीं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि रिपेयरिंग सेंटर के कर्मचारियों ने पहले भी कई बार बच्चों को गाड़ियों से दूर रहने की चेतावनी दी थी, लेकिन बच्चे खेलते-खेलते फिर वहां पहुंच गए।

वैशाली नगर थाना प्रभारी (SHO) गुरुदत्त सैनी ने बताया कि जिस कार में यह हादसा हुआ, वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त थी। गाड़ी का इंजन और बैटरी पहले ही निकाली जा चुकी थी, जिसके कारण कार के शीशे या ऑटोमैटिक लॉक काम नहीं कर रहे थे। शुरुआती जांच में मौत का कारण दम घुटना (Asphyxiation) माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

दुखों का पहाड़: इस गरीब परिवार पर दुखों का यह दूसरा बड़ा पहाड़ टूटा है। महज चार साल पहले ही इन बच्चियों की मां की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई थी, और अब पिता के सिर से अपनी दोनों बेटियों का साया भी उठ गया है।

About Author

Leave a Reply