सीबीएसई 12वीं बोर्ड में महाराणा मेवाड़ पब्लिक स्कूल का डंका, अश्विन अग्रवाल ने 97.8 प्रतिशत अंकों के साथ किया टॉप, 8 छात्राओं के आए 100 में से 100 अंक

उदयपुर। ऐतिहासिक द सिटी पैलेस परिसर स्थित महाराणा मेवाड़ पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा घोषित वर्ष 2026 की वरिष्ठ माध्यमिक (कक्षा 12वीं) परीक्षा परिणामों में ऐतिहासिक सफलता का परचम लहराया है। स्कूल के होनहारों ने विज्ञान, वाणिज्य और मानविकी (कला) तीनों ही संकायों में अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए विद्यालय की गौरवशाली शैक्षणिक परंपरा को नई ऊंचाइयों पर पहुँचाया है। परीक्षा परिणामों में कुल 15 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर विद्यालय, गुरुजनों और अपने माता-पिता का नाम रोशन किया है।

वाणिज्य संकाय में अश्विन अग्रवाल ने मारी बाजी

इस वर्ष वाणिज्य वर्ग के मेधावी छात्र अश्विन अग्रवाल ने रिकॉर्डतोड़ 97.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे विद्यालय में सर्वोच्च स्थान हासिल किया है। इसी वर्ग में मनन भंडारी और मानस्वी मंत्री ने 93.8 प्रतिशत, साहिल सोनी और कोमल प्रजापत ने 93.4 प्रतिशत तथा आरव नलवाया ने 92 प्रतिशत अंकों के साथ शानदार सफलता दर्ज की।

मानविकी और विज्ञान वर्ग में भी बेटियों का दबदबा

मानविकी (Arts) वर्ग में मीशा सूरी ने 95.2 प्रतिशत अंकों के साथ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इसी संकाय में मान्या टिबरवाल ने 94.6 प्रतिशत, अनमोल कालरा ने 94.4 प्रतिशत, भूमिका झाला ने 92.6 प्रतिशत, कृतिशा बिनीवाले ने 90.8 प्रतिशत, आयुषी कावड़िया ने 90.6 प्रतिशत तथा ज्येष्ठा राठौर व लावण्या सिंह कविया ने 90.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं विज्ञान वर्ग में मीशा चंदेरिया ने अपनी कठिन मेहनत और अनुशासन की बदौलत 92.8 प्रतिशत अंक पाकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

8 विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों में हासिल किए शत-प्रतिशत अंक

विद्यालय के लिए इस वर्ष का परिणाम इसलिए भी बेहद खास रहा क्योंकि कुल 8 विद्यार्थियों ने अलग-अलग विषयों में 100 में से 100 अंक हासिल कर इतिहास रच दिया। पेंटिंग विषय में अमीना शाह, कोमल प्रजापत, मीशा सूरी, मान्या टिबरवाल और हर्षिल यादव ने शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किए। स्कूल टॉपर अश्विन अग्रवाल ने बिजनेस स्टडीज़ और एंटरप्रेन्योरशिप दोनों ही विषयों में 100 में से 100 अंक बटोरे, जबकि भावना किरण ने हिंदुस्तानी संगीत गायन में पूर्ण अंक अर्जित कर अपनी अद्वितीय कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

निदेशक और प्रधानाध्यापिका ने दी बधाई

विद्यालय के शानदार शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम पर हर्ष व्यक्त करते हुए मानद निदेशक सतीश कुमार शर्मा एवं प्रधानाध्यापिका श्रीमती राखी त्रिवेदी ने सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षक वर्ग को हार्दिक बधाई व उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि यह अभूतपूर्व सफलता विद्यार्थियों के अनवरत परिश्रम, दृढ़ संकल्प, शिक्षकों के सटीक मार्गदर्शन और अभिभावकों के अटूट सहयोग का ही प्रतिफल है।

 

About Author

Leave a Reply