एक्शन मोड में नवनिर्वाचित महापौर: दिन में जनसमस्याओं का समाधान, युवाओं को रोजगार की राहत और रात में सड़कों पर उतरकर परखी शहर की व्यवस्थाएं

उदयपुर। लेकसिटी के नवनिर्वाचित महापौर पारस सिंघवी ने कार्यभार संभालते ही शहर की सूरत बदलने और जनता को सीधे राहत पहुंचाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। महापौर एक ओर जहां निगम के ‘सेवा सेतु’ शिविरों के जरिए आमजन की वर्षों पुरानी समस्याओं का मौके पर ही निपटारा करवा रहे हैं, वहीं सफाई कर्मचारी भर्ती में अनुभव प्रमाण पत्र की बाध्यता समाप्त करवाकर युवाओं को बड़ा तोहफा दिया है। इसके साथ ही, रात के सन्नाटे में वे खुद सड़कों पर उतरकर सफाई, स्ट्रीट लाइट और डिवाइडर की स्थिति का जायजा ले रहे हैं, जिससे पूरे निगम अमले में हड़कंप मचा हुआ है।

सेवा सेतु अभियान : दूसरे दिन भी मौके पर निपटे सैकड़ों प्रकरण, निगम को मिला 33.62 लाख का राजस्व

नगर निगम परिसर में चल रहे ‘सेवा सेतु अभियान’ के दूसरे दिन शहरवासियों की भारी भीड़ उमड़ी। महापौर पारस सिंघवी की निगरानी में स्वास्थ्य से जुड़ी 20 में से 13 शिकायतों का त्वरित समाधान हुआ। जन्म-मृत्यु और विवाह पंजीयन के 122 प्रकरणों में से 103 प्रमाण पत्र मौके पर ही सौंपे गए। विद्युत संबंधी 19 में से 17 शिकायतों का निस्तारण हुआ। इसके अलावा, नामांतरण के 10 प्रकरणों के निस्तारण से निगम को 62,528 रुपये और भू-उपयोग परिवर्तन के 1 प्रकरण से 33 लाख रुपये की आय हुई। 25 पौधे लगाए गए, 200 वर्ग मीटर पार्क क्षेत्र की सफाई हुई और पालनहार व ईडब्ल्यूएस योजनाओं से लाभार्थियों को जोड़ा गया। शिविर प्रभारी हरि सिंह देवल ने बताया कि पहले दिन के प्रकरणों को भी त्वरित प्रक्रिया में शामिल किया गया। निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के अनुसार, शुक्रवार (9 अक्टूबर) को वार्ड 19 से 27 के बाशिंदों के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में शिविर लगाया जाएगा।

महापौर के प्रयासों को बड़ी सफलता: सफाई कर्मचारी भर्ती से अनुभव प्रमाण पत्र की अनिवार्यता समाप्त

नवनिर्वाचित महापौर के गंभीर प्रयासों के चलते राज्य सरकार ने सफाई कर्मचारी भर्ती में राजस्थान उच्च न्यायालय के 25 सितंबर 2026 के निर्णय के अनुपालन में अनुभव प्रमाण पत्र की अनिवार्यता को पूरी तरह समाप्त कर दिया है। महापौर सिंघवी ने इसके लिए लगातार पत्राचार करने के साथ ही हाल ही में जयपुर जाकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से व्यक्तिगत मुलाकात कर युवाओं का पक्ष मजबूती से रखा था। इस फैसले के बाद अब सभी अभ्यर्थी बिना अनुभव प्रमाण पत्र के ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। निर्णय का स्वागत करते हुए नगर निगम सफाई कर्मचारी संघ और वाल्मीकि समाज ने महापौर का आभार जताया। महापौर ने कहा कि जरूरतमंद और पात्र युवाओं को रोजगार दिलाना और उनके अधिकारों की रक्षा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

देर रात औचक निरीक्षण : सेक्टर-4 और कनक हॉस्पिटल मार्ग पर जांची व्यवस्थाएं, दिए सख्त निर्देश

दिनभर की प्रशासनिक व्यस्तताओं के बाद महापौर पारस सिंघवी गुरुवार देर रात भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह के साथ सीधे धरातल पर उतरे। उन्होंने सेक्टर-4 मुख्य मार्ग और कनक हॉस्पिटल मार्ग का औचक निरीक्षण किया। डिवाइडर पर पौधों की दुर्दशा देखकर उन्होंने मौके से ही उद्यान शाखा के अधिकारियों को फोन लगाकर फटकार लगाई और पौधों की नियमित देखभाल के निर्देश दिए। साथ ही बंद रोड लाइटों को तुरंत ठीक करने और कचरा प्रबंधन को दुरुस्त करने के आदेश दिए। निरीक्षण के दौरान भाजपा जिला मंत्री अशोक शर्मा, पूर्व जिला परिषद सदस्य किशन मेघवाल, पूर्व पार्षद चंदू सुखलका और लवदेव बागड़ी भी साथ रहे। महापौर ने साफ शब्दों में कहा कि शहर की सुंदरता और जनसुविधाओं में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।

 

About Author

Leave a Reply