विद्यापीठ के पूर्व कुलपति प्रो. शिव सिंह सारंगदेवोत बने गोविंद गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय, बांसवाड़ा के कुलगुरु, उदयपुर में ही ज्वाइन किया

जयपुर/उदयपुर। राजस्थान के उच्च शिक्षा जगत से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी), उदयपुर के पूर्व कुलपति प्रो. शिव सिंह सारंगदेवोत को गोविंद गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय (GGTU), बांसवाड़ा का नया कुलगुरु (कुलपति) नियुक्त किया गया है। राज्यपाल एवं कुलाधिपति हरिभाऊ बागडे ने शनिवार को इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी किए। प्रो. सारंगदेवोत ने शनिवार को मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. केसी डागा से कार्यभार ग्रहण कर लिया। प्रो. डागा के पास अतिरिक्त चार्ज था।

3 वर्ष या 70 वर्ष की आयु तक रहेगा कार्यकाल

राज्यपाल सचिवालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार-राज्य सरकार के परामर्श से नियुक्ति: कुलाधिपति हरिभाऊ बागडे ने राज्य सरकार से विचार-विमर्श और परामर्श के बाद यह महत्वपूर्ण नियुक्ति की है।

कार्यकाल की अवधि: प्रो. सारंगदेवोत की यह नियुक्ति पदभार ग्रहण करने की तिथि से 3 वर्ष की अवधि अथवा 70 वर्ष की आयु पूरी होने (जो भी पहले हो) तक के लिए प्रभावी रहेगी।

लंबा शैक्षणिक व प्रशासनिक अनुभव

प्रो. शिव सिंह सारंगदेवोत उच्च शिक्षा और अकादमिक प्रशासन में एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे लंबे समय तक उदयपुर स्थित राजस्थान विद्यापीठ के कुलपति रह चुके हैं और कंप्यूटर विज्ञान, प्रबंधन तथा जनजातीय अंचल में शैक्षणिक विस्तार के क्षेत्र में उनका व्यापक अनुभव रहा है।

बांसवाड़ा संभाग और वागड़-मेवाड़ के जनजातीय बाहुल्य क्षेत्र में उच्च शिक्षा के प्रसार, युवाओं को रोजगारोन्मुख पाठ्यक्रमों से जोड़ने और शोध कार्यों को बढ़ावा देने में उनकी यह नियुक्ति बेहद अहम मानी जा रही है। प्रो. सारंगदेवोत की नियुक्ति पर मेवाड़ और वागड़ अंचल के शिक्षाविदों, समाजसेवियों व बुद्धिजीवियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

 

(Visited 23 times, 23 visits today)

About Author

Leave a Reply