फोटो एंड रिपोर्ट : कमल कुमावत

हिंदुस्तान के जनमानस में ‘राम’ कोई महज़ पौराणिक किरदार या किसी धर्मग्रंथ का पन्ना नहीं हैं; वे हमारी सामूहिक चेतना, हमारे सुख-दुख और हमारी मर्यादा की सबसे खरी कसौटी हैं। जब-जब समाज में आपाधापी, स्वार्थ और बेचैनी बढ़ती है, तब-तब किसी न किसी बहाने इंसान अपनी जड़ों की तरफ लौटता है और रामकथा की छांव तलाशता है। शुक्रवार की शाम झीलों के शहर उदयपुर के निम्बार्क महाविद्यालय मैदान में जो कुछ घटा, वह दरअसल उसी शाश्वत तलाश का एक बेहद खूबसूरत और रूहानी दृश्य था।

कहा जाता है कि प्रभु के दरबार तक पहुंचने का रास्ता हमेशा उनके सबसे निष्ठावान सेवक के दर से होकर गुजरता है। “राम दुआरे तुम रखवारे, होत न आज्ञा बिनु पैसारे…”। जब सैकड़ों कंठों से एक साथ हनुमान चालीसा की यह चौपाई गूंजी, तो हवा में तैरती भक्ति ने पूरे माहौल को किसी प्राचीन तीर्थ जैसा बना दिया। रामकथा का यह मंचन किसी आधुनिक तामझाम या दिखावे का मोहताज नहीं था, बल्कि यह वृंदावन की उस पावन माटी की खनक थी, जिसे ‘पुष्टिमार्गीय श्री कृष्ण लीला संस्थान’ के 40 से अधिक फनकार अपने साथ लेकर आए थे।
वृंदावन के इन कलाकारों में वही सहजता और निष्ठा दिखाई दी, जो कभी रामानंद सागर के ‘रामायण’ के शुरुआती दृश्यों में दिखा करती थी। जब मंच पर ‘नारद मोह’, ‘अवतार प्रयोजन’ और अहंकार के शमन की कथा जीवंत हुई, तो दर्शक दीर्घा में बैठा हर आम और खास इंसान यह समझ रहा था कि यह केवल नारद का भ्रम नहीं, बल्कि मनुष्य के उस अहंकार की कहानी है जिसे नियति हर दौर में तोड़ती है।
लेकिन परदे पर दिखने वाले इस दिव्य दृश्य के पीछे उन कर्मठ हाथों की साधना थी, जिन्होंने दिन-रात एक करके इस महाआयोजन को आकार दिया। संयोजक डॉ. विजयप्रकाश विप्लवी ने जिस आत्मीयता और समर्पण के साथ हर समाज की चौखट तक पहुंचकर इस आयोजन को जन-जन का उत्सव बनाया, वह किसी यज्ञ के सूत्रधार जैसा था। वहीं पूर्व पार्षद और वरिष्ठ अधिवक्ता दिनेश गुप्ता ने अपनी संगठनात्मक सूझबूझ से व्यवस्थाओं को साधने और आगंतुकों के स्वागत-सत्कार में जो सारथी की भूमिका निभाई, उसने आयोजन की गरिमा को चार चांद लगा दिए।
इस पावन शाम की सबसे मार्मिक और खूबसूरत तस्वीर वह थी जब समाज के हर रंग ने मिलकर दीप प्रज्वलित किया। अस्थल आश्रम के महंत रास बिहारी शरण, सांसद डॉ. मन्नालाल रावत और महापौर पारस सिंघवी के साथ जब शहीद मुस्तफा के माता-पिता—श्रीमती फातिमा बोहरा और जकीउद्दीन बोहरा—ने आरती का थाल थामा, तो लगा कि राम का असली संदेश यही है। राम किसी एक सांचे में बंधे नहीं हैं; वे त्याग, शहादत और सर्वसमावेशी करुणा का पर्याय हैं। लंदन से आए बजरंग सिंह राठौड़ से लेकर शहर के संभ्रांत नागरिकों तक, सब उस एक ही प्रकाश में एकाकार नजर आए।
समिति के अध्यक्ष धर्मनारायण जोशी ने सही कहा कि हनुमान जी की कृपा ही भव-सागर को पार करने की नौका है। आज जब शनिवार को मंच पर रावण की कठोर तपस्या और फिर त्राहि-त्राहि करती पृथ्वी की पुकार के बीच कौशल्या नंदन का प्राकट्योत्सव होगा, तो यकीन मानिए, निम्बार्क मैदान सिर्फ एक रंगमंच नहीं रहेगा, वह अयोध्या की उस पावन गढ़ी में तब्दील हो जाएगा जहां उम्मीद का जन्म होता है।
परदा उठ चुका है, ढोलक की थाप गूंज रही है और मर्यादा का वह अमर आख्यान शुरू हो चुका है जो सदियों से हमें इंसान बनाए रखने की ताकीद करता रहा है।
About Author
You may also like
ASIRAJ 2026 में डॉ. मोहित बड़गुर्जर ने बढ़ाया उदयपुर का मान : लेप्रोस्कोपिक व लेज़र सर्जरी की आधुनिक तकनीकों का किया प्रदर्शन
महापौर पारस सिंघवी के जन्मदिन पर शक्ति प्रदर्शन और सेवा का संगम: 211 यूनिट रक्तदान, 91 किलो लड्डू का भोग; देवदर्शन से लेकर सॉलिटेयर गार्डन तक उमड़ा सियासी हुजूम
बर्थ डे पार्टी के पर्दे के पीछे की कहानी : जब सालगिरह के मंच पर बंधी समानांतर सियासत की पटकथा
कुर्सी सरकारी, तेवर सियासी : जब एक कर्मचारी नेता की सालगिरह पर शहर के हुक्मरानों ने दी बधाई
दिवाली की वो रात…अफसरों की अदाएं अपनी जगह, पर चौराहों पर खड़े उन जवानों के पसीने को सलाम करना जरूरी है
