
सूरत/उदयपुर (स्रोत-संदेश)।
भारतीय रेलवे की प्रीमियम मानी जाने वाली वातानुकूलित (AC) ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं के बड़े-बड़े दावे एक बार फिर खोखले साबित हुए हैं। उदयपुर से मुंबई बांद्रा टर्मिनस जाने वाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन (संख्या 22902) के थर्ड एसी इकोनॉमी कोच में रविवार रात चूहों और कॉकरोचों के भारी उपद्रव के कारण यात्रियों ने जोरदार हंगामा किया। ट्रेन में सरेआम घूमते चूहों और कॉकरोचों से तंग आकर आक्रोशित यात्रियों ने अलग-अलग स्टेशनों पर तीन बार चेन पुलिंग (Chain Pulling) कर ट्रेन को रोक दिया।
सीटों और सामान के ऊपर दौड़ रहे थे बड़े-बड़े कॉकरोच
यह ट्रेन 24 मई की रात को 08:50 बजे उदयपुर से रवाना हुई थी। ट्रेन शुरू होने के कुछ ही समय बाद थर्ड एसी कोच की सीटों, कोच की दीवारों और फर्श पर बड़े आकार के कॉकरोच आतंक मचाते हुए दिखाई देने लगे। इतना ही नहीं, यात्रियों के कीमती सामान के पास और सीटों के नीचे बड़े-बड़े चूहे दौड़ लगा रहे थे, जिससे पूरे कोच में हड़कंप मच गया।
रेलवे की इस लचर सफाई व्यवस्था से नाराज यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से टिकट के किराए का पूरा रिफंड देने की भी उग्र मांग की।
ऑनलाइन शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं, तो यात्रियों ने रोकी ट्रेन
सूरत जा रहे ध्रुवकुमार नाम के एक यात्री के मुताबिक उदयपुर से रवाना होते ही कोच की बदहाल स्थिति देखकर यात्रियों के सब्र का बांध टूट गया। मावली स्टेशन आने तक यात्रियों ने रेलवे के ऑनलाइन पोर्टल और हेल्पलाइन नंबरों पर अनगिनत शिकायतें दर्ज कराईं। इसके बावजूद रेलवे प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिसके बाद मजबूर होकर आक्रोशित यात्रियों ने चेन पुलिंग का रास्ता चुना।
चित्तौड़गढ़ में फिर हुआ हंगामा, रतलाम स्टेशन पर पूरे कोच को किया सैनिटाइज
यात्रियों के भारी गुस्से को देखते हुए रेलवे स्टाफ ने शुरुआती तौर पर कोच में कीटनाशक स्प्रे छिड़का, लेकिन उससे स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। नतीजा यह हुआ कि जब ट्रेन चित्तौड़गढ़ स्टेशन पहुंची, तो यात्रियों ने दोबारा चेन खींचकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मामला बढ़ता देख रेलवे के उच्च अधिकारियों को तुरंत हस्तक्षेप करना पड़ा। अधिकारियों ने यात्रियों को भरोसा दिलाया कि आगे आने वाले रतलाम स्टेशन पर ट्रेन की विशेष सफाई (Special Cleaning) की जाएगी। इसके बाद जैसे ही ट्रेन रतलाम पहुंची, रेलवे की सफाई टीम ने पूरे कोच को अच्छी तरह सैनिटाइज किया। साथ ही, यात्रियों की सुविधा और तत्काल सफाई के लिए दो सफाई कर्मचारियों को ट्रेन के अंदर ही तैनात कर दिया गया।
यात्रियों ने रेलवे पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि एसी कोच की इस गंदी और बदतर स्थिति के कारण कई परिवार और छोटे बच्चे पूरी रात सो नहीं पाए और उन्हें भारी मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा।
About Author
You may also like
उदयपुर में आदिनाथ सेरेमिक, असाही ग्लास विंडोज एंड डोवर शोरूम का भव्य शुभारंभ, आधुनिक सुविधाओं से है लैस
राजसमन्द में एसीबी की कार्रवाई : नामांतरण खोलने की एवज में रिश्वत लेता पटवारी राहुल कुमार शर्मा गिरफ्तार, टॉयलेट की सीट में फेंके पैसे
सुरमयी हुई झील नगरी : शायराना उदयपुर परिवार के संगीत समारोह में बिखरे सुरों के रंग, नाथद्वारा की मनस्वी व्यास ने मोहा मन
स्मार्ट सिटी उदयपुर कॉकरोच का अभेद्य गढ़? रेंगती व्यवस्था का पोस्टमार्टम
द मॉरल शॉपी ने रचा इतिहास : भारतीय लोक कला मंडल में उमड़ा प्रतिभाओं का महाकुंभ, ऑस्ट्रेलिया तक से आए कलाकार
