उदयपुर में महंगाई के खिलाफ हल्लाबोल : कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथीपोल चौराहे पर किया उग्र प्रदर्शन

पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतें घटाने की मांग

उदयपुर। उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी (ए-ब्लॉक) के तत्वावधान में आज पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस (LPG) की आसमान छूती कीमतों के खिलाफ ज़ोरदार विरोध-प्रदर्शन किया गया। केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के विरोध में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बुधवार को शहर के व्यस्त हाथीपोल चौराहे पर एकत्रित होकर जमकर नारेबाजी की और बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग उठाई।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे ए-ब्लॉक अध्यक्ष सोमेश्वर मीणा ने केंद्र सरकार पर सीधा निशाना साधते हुए आरोप लगाया, “केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण आज देश के आम आदमी का जीवन पूरी तरह पटरी से उतर चुका है। पेट्रोल-डीजल और गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि करके सरकार सीधे तौर पर महंगाई को बढ़ावा दे रही है। इससे गरीब, मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर और छोटे व्यापारियों की कमर टूट चुकी है।”

प्रदर्शन में विशेष रूप से शामिल हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के उपाध्यक्ष सुरेश श्रीमाली ने कहा कि देश की जनता पहले से ही भयंकर बेरोजगारी और आर्थिक संकट से जूझ रही है। ऐसे में केंद्र सरकार आम जनता की रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं पर लगातार टैक्स और महंगाई का बोझ डालकर उनके जख्मों पर नमक छिड़कने का काम कर रही है।

वहीं, पीसीसी सचिव दिनेश श्रीमाली ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा, “सरकार की गलत आर्थिक नीतियों ने हर वर्ग को परेशान कर दिया है। कांग्रेस पार्टी जनता के हितों की यह लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी और सड़कों से लेकर सदन तक आमजन की आवाज बुलंद की जाएगी।”

शहर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री दिनेश कुमार दवे ने बताया कि इस विरोध-प्रदर्शन में ए-ब्लॉक कमेटी के साथ-साथ शहर के कई वरिष्ठ नेता और महिला कार्यकर्ता भी शामिल हुईं।

इस दौरान पूर्व विधायक त्रिलोक पूर्बिया, राजस्थान पीसीसी के महामंत्री गोपाल कृष्ण शर्मा, महामंत्री पंकज कुमार शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष अजय सिंह, हिदायतुल्लाह, अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) प्रकोष्ठ अध्यक्ष देवेंद्र माली, महिला कांग्रेस नेता सीमा पंचोली, नजमा मेवाफरोश, नितेश सर्राफ और प्रमोद वर्मा सहित भारी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

About Author

Leave a Reply