नई दिल्ली/मुंबई। NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए महाराष्ट्र के लातूर से कोचिंग किंग शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में यह 10वीं गिरफ्तारी है। अधिकारियों के मुताबिक, रविवार को हुई छापेमारी के दौरान सीबीआई को मोटेगांवकर के पर्सनल मोबाइल फोन से नीट-यूजी का लीक प्रश्न पत्र और उसकी उत्तर कुंजी (Answer Key) बरामद हुई है।
संगठित गिरोह का हिस्सा है मोटेगांवकर, 7 जिलों में फैला है ‘RCC’ का जाल
सीबीआई की जांच के अनुसार, शिवराज मोटेगांवकर उस संगठित अंतरराज्यीय गिरोह का एक मुख्य हिस्सा है, जो देश भर में नीट का पेपर लीक कराने और उसे आगे फैलाने का काम कर रहा था। मोटेगांवकर का लातूर सहित महाराष्ट्र के 7 जिलों में ‘रेणुकाई केमिस्ट्री क्लासेस’ (RCC) नाम से विशाल कोचिंग नेटवर्क है, जिसका सालाना टर्नओवर करीब ₹100 करोड़ है।
जांच एजेंसी को पुख्ता शक है कि मोटेगांवकर ने अपने कोचिंग सेंटर के कई चुनिंदा कैंडिडेट्स को परीक्षा से पहले ही लीक पेपर के सवाल उपलब्ध कराए थे। इसके अलावा, लातूर के कई रसूखदार डॉक्टरों द्वारा भी अपने बच्चों के लिए यह लीक पेपर मोटी रकम देकर खरीदने की बात सामने आ रही है।
23 अप्रैल को ही लीक हो चुका था पेपर
सीबीआई के दावों ने इस घोटाले की क्रोनोलॉजी को और स्पष्ट कर दिया है। मोटेगांवकर और उसके साथियों के पास 23 अप्रैल को ही यानी परीक्षा से ठीक 10 दिन पहले नीट का ओरिजिनल पेपर और उसके सटीक जवाब पहुंच चुके थे, जिसे बाद में लाखों-करोड़ों रुपये में आगे बेचा गया। इससे पहले 15 मई को सीबीआई ने मोटेगांवकर के घर पर 8 घंटे पूछताछ की थी और रविवार को उसके मेन ऑफिस पर छापा मारकर कई डिजिटल साक्ष्य और दस्तावेज जब्त किए।
NTA की पेपर सेटिंग कमेटी की सदस्य मंधारे ने चलाई थी ‘स्पेशल क्लास’
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार की गई बॉटनी लेक्चरर मनीषा मंधारे सीधे नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की पेपर सेटिंग कमेटी का हिस्सा थीं। उन्हें पहले से पता था कि परीक्षा में कौन से सवाल आने वाले हैं। मंधारे ने पुणे से गिरफ्तार ब्यूटीशियन मनीषा वाघमारे के जरिए छात्रों को अपने जाल में फंसाया और पुणे में एक ‘स्पेशल कोचिंग क्लास’ चलाकर छात्रों को बॉटनी और जूलॉजी के हूबहू वही सवाल नोट करवाए जो परीक्षा में आए।
वहीं, लातूर के गिरफ्तार केमिस्ट्री प्रोफेसर पीवी कुलकर्णी भी कई सालों तक एनटीए के पेपर सेटिंग पैनल में रह चुके हैं। कुलकर्णी ने भी अप्रैल के आखिरी हफ्ते में अपने घर पर गुप्त क्लास लेकर छात्रों को परीक्षा के सवाल और उनके ऑप्शन रटवाए थे।
अब तक 10 गिरफ्तार, 6 केवल महाराष्ट्र से
इस पूरे मामले में अब तक गिरफ्तार कुल 10 आरोपियों में से 6 अकेले महाराष्ट्र से हैं, जिससे साफ है कि इस बार पेपर लीक का मुख्य केंद्र महाराष्ट्र रहा है।
मामले पर सियासी भूचाल: राहुल गांधी ने खड़े किए सवाल
नीट पेपर लीक को लेकर देश में सियासी पारा भी चढ़ गया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को घेरते हुए तीखे सवाल दागे हैं। उन्होंने पूछा कि बार-बार देश में पेपर लीक क्यों हो रहे हैं और इस परीक्षा की गड़बड़ी पर सरकार चुप क्यों है? उन्होंने लगातार फेल हो रहे शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त न किए जाने पर भी सवाल उठाए।
बड़े बदलाव और री-एग्जाम की तैयारी
गौरतलब है कि 3 मई को देश-विदेश के केंद्रों पर करीब 23 लाख छात्रों ने यह परीक्षा दी थी, जिसे गड़बड़ी की शिकायतों के बाद 12 मई को रद्द कर दिया गया था। अब सरकार इसके री-एग्जाम की तैयारी कर रही है। वहीं, प्रशासनिक मोर्चे पर कड़ा कदम उठाते हुए केंद्र सरकार ने NTA में बड़ा फेरबदल किया है और दो आईआरएस (IRS) अफसरों सहित चार शीर्ष अधिकारियों को जॉइंट डायरेक्टर व जॉइंट सेक्रेटरी के पदों पर तैनात किया है।
About Author
You may also like
वर्दी के पीछे छिपा भ्रष्टाचार : व्यहार में नंबर वन प्रतापनगर थाने का ASI एक लाख रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार, ACB ने ऐसे ढहाया घमंड का किला
इंजीनियरिंग डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश आरंभ, दसवीं पश्चात सीधे इंजीनियर बनने का सुअवसर
हार्दिक पांड्या की दूसरी शादी की चर्चा : मॉडल माहिका शर्मा संग उदयपुर में फेरे लेने की अटकलें, जानिए क्या है सच्चाई
नारायण सेवा संस्थान में सेवा, संवेदना और सम्मान का भावपूर्ण संगम
NEET पेपर लीक मामला : NTA एक्सपर्ट और सीनियर प्रोफेसर मनीषा मंधारे 14 दिन की CBI हिरासत में, प्रश्नपत्रों तक थी सीधी पहुंच

