राजस्थान पुलिस और शिक्षा विभाग के बीच एमओयू संपन्न
प्रदेश के 36,765 राजकीय विद्यालयों में संचालित होगा रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम
जयपुर। राजस्थान में बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में राजस्थान पुलिस एवं स्कूल शिक्षा विभाग ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। प्रदेश की 23.32 लाख बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देने के लिए सोमवार को राजस्थान पुलिस और स्कूल शिक्षा विभाग के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) संपन्न हुआ। महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में राजस्थान पुलिस की ओर से एडीजी कम्युनिटी पुलिसिंग श्रीमती लता मनोज कुमार तथा शिक्षा विभाग की ओर से राज्य परियोजना निदेशक, राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद डॉ. रश्मि शर्मा ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
इस पहल के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रदेश के 36,765 राजकीय विद्यालयों में कक्षा 6 से 12 तक अध्ययनरत बालिकाओं को रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशिक्षित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक रूप से सशक्त बनाते हुए उनमें आत्मविश्वास और आत्मरक्षा की क्षमता विकसित करना है, ताकि वे घर, विद्यालय और सार्वजनिक स्थानों पर स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें।
महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि इस पहल से प्रदेश के सभी जिलों में विद्यालय स्तर पर बालिका सुरक्षा के प्रति जागरूकता और आत्मविश्वास को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने इस कार्य के लिए राजस्थान पुलिस की प्रतिबद्धता भी जताई और अधिकारियों को इस कार्य में राजस्थान पुलिस से जुड़े संस्थानों का सहयोग प्राप्त करने के निर्देश दिए।
राज्य परियोजना निदेशक, राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद डॉ. रश्मि शर्मा ने कहा कि राजस्थान पुलिस और शिक्षा विभाग का यह साझा प्रयास बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ विद्यालयों में सुरक्षित, संवेदनशील एवं भरोसेमंद वातावरण विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
*11,701 विद्यालयों के शिक्षकों को मिलेगा प्रशिक्षण*
एडीजी श्रीमती लता मनोज कुमार ने कहा कि कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राजस्थान पुलिस के सहयोग से प्रदेश के 11,701 पीईईओ/यूसीईईओ विद्यालयों के एक पीईटी अथवा सामान्य शिक्षक को ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके बाद प्रशिक्षित शिक्षक अपने क्षेत्र के विद्यालयों में एक महिला पीईटी अथवा सामान्य महिला शिक्षक को प्रशिक्षण देंगे। विद्यालय स्तर पर प्रशिक्षित ये महिला शिक्षक संबंधित विद्यालयों की कक्षा 6 से 12 तक की बालिकाओं को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों का प्रशिक्षण प्रदान करेंगी। कुल 319 प्रशिक्षण बैच आयोजित होंगे, जिनमें प्रति बैच 15 से 60 प्रतिभागी शामिल होंगे। यह समझौता हस्ताक्षर की तिथि से आगामी 03 वर्षों तक प्रभावी रहेगा।
*आत्मरक्षा के साथ हेल्पलाइन सेवाओं की भी मिलेगी जानकारी*
प्रशिक्षण कार्यक्रम में बालिकाओं को आत्मरक्षा की व्यावहारिक तकनीकों के साथ आपातकालीन सहायता सेवाओं और महिला सुरक्षा हेल्पलाइन के प्रभावी उपयोग की जानकारी भी दी जाएगी। इसके अलावा शारीरिक स्वास्थ्य एवं पोषण, जेंडर संवेदनशीलता, सुरक्षा और बाल अधिकारों से जुड़े विषयों पर भी जागरूक किया जाएगा।
इस अवसर पर उपमहानिरीक्षक कुंवर राष्ट्रदीप और दीपक भार्गव सहित राजस्थान पुलिस व शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
About Author
You may also like
डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ प्रथम ‘राजस्थान गौरव रत्न सम्मान-2026’ से अलंकृत, मैसूर में आयोजित भव्य समारोह में मिला सम्मान
वोट के बिना भी घर की दहलीज पर दस्तक : उदयपुर के पार्षद आकाश वागरेचा की मिठास भरी सियासत
मुख्यमंत्री ने ऊर्जा विभाग की ली बैठक : ऊर्जा उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि, राजस्थान ने अन्य राज्यों को लगभग 2 हजार करोड़ रुपये की बिजली बेची
बर्थ डे पार्टी के पर्दे के पीछे की कहानी : जब सालगिरह के मंच पर बंधी समानांतर सियासत की पटकथा
दिवाली की वो रात…अफसरों की अदाएं अपनी जगह, पर चौराहों पर खड़े उन जवानों के पसीने को सलाम करना जरूरी है
