वोट के बिना भी घर की दहलीज पर दस्तक : उदयपुर के पार्षद आकाश वागरेचा की मिठास भरी सियासत

उदयपुर। हिंदुस्तान की सियासत का एक बड़ा ही दिलचस्प और आजमाया हुआ व्याकरण है। हमारे नेताओं को आम आदमी के घर का रास्ता सिर्फ़ दो ही मौकों पर याद आता है—पहला, जब चुनाव की रणभेरी बजती है और उन्हें आपकी उंगली पर लगने वाली स्याही की भीख चाहिए होती है; और दूसरा, जब किसी के घर मातम पसरा हो और वहां सेल्फी या शोक संवेदना के नाम पर अपनी सियासी हाजिरी दर्ज करानी हो। बाकी के पांच साल तो साहब लोग या तो किसी वातानुकूलित दफ्तर की मोटी गद्दी में धंसे मिलते हैं, या फिर उनके दरवाजे के बाहर खड़ा दरबान आपको यह कहकर टरका देता है कि “साहब अभी मीटिंग में हैं।”

लेकिन झीलों की नगरी उदयपुर से एक ऐसी खबर आई है, जो सियासत के इस पुराने और घिसे-पिटे ढर्रे पर एक मीठा तमाचा जड़ती है। यहां के वार्ड नंबर पांच के पार्षद आकाश वागरेचा ने इस दिवाली पर एक ऐसा रिवाज शुरू किया है, जिसे देखकर शहर के पुराने घाघ राजनीतिज्ञों के भी कान खड़े हो गए होंगे।

बिना चुनाव, बिना बैनर—हाथ में मिठाई का डिब्बा लिए पहुंचे पार्षद

5 और 6 नवंबर की तारीखों को उदयपुर के वार्ड नंबर पांच और खासकर भूपालपुरा की गलियों में एक अजीब-सा नजारा देखने को मिला। न कोई चुनावी शोर था, न जिंदाबाद के नारे, और न ही वोट मांगने की कोई मजबूरी। पार्षद आकाश वागरेचा अपनी टीम के साथ निकले और वार्ड के हर एक घर की दहलीज पर दस्तक दी।

हाथ में दिवाली की मिठाई का डिब्बा और चेहरे पर बिना किसी सियासी बनावट वाली मुस्कान। वागरेचा ने न केवल लोगों को दिवाली की मुबारकबाद दी, बल्कि तसल्ली से बैठकर उनका हाल-चाल और इलाके की दिक्कतें भी सुनीं।

हाथों-हाथ समाधान : आमतौर पर नेताजी समस्या सुनकर एक रटा-रटाया डायलॉग मारते हैं—”देखते हैं, करवा देंगे।” मगर यहां मामला उलटा था। जो समस्याएं मौके पर सुलझ सकती थीं, उनके लिए पार्षद साहब ने वहीं से अधिकारियों को फोन घुमाया और काम निपटाया। जो काम थोड़े पेचीदा थे, उनके लिए ठोस आश्वासन दिया।

सियासी पाखंड के दौर में एक ताजी हवा का झोंका

अब कोई सियासी आलोचक यह कह सकता है कि भाई, इसमें कौन-सी बड़ी बात है? यह भी तो जनता को पटाने और अगला चुनाव साधने का ही एक तरीका है! बिल्कुल हो सकता है। सियासत में कोई भी कदम बिना मकसद के नहीं उठता। लेकिन जरा सोचिए—अगर हर नेता अपनी कुर्सी बचाने के लिए इसी तरह बिना चुनाव के लोगों के सुख-दुख में शरीक होने लगे, मिठाई बांटने लगे और उनके नाली-खड़ंजे की फिक्र करने लगे, तो फिर उस ‘सियासी स्वार्थ’ में भी क्या बुराई है?

वार्डवासियों के चेहरों की हैरानी और खुशी इस बात की गवाह थी कि उन्होंने पहली बार किसी पार्षद को बिना वोट की अर्जी लिए अपने दरवाजे पर इस आत्मीयता से खड़े देखा था। वागरेचा ने ऐलान भी कर दिया है कि यह सिलसिला सिर्फ दिवाली तक नहीं रुकेगा, बल्कि हर त्योहार पर वे यूं ही घर-घर दस्तक देंगे।

उदयपुर की इस छोटी-सी पहल ने ‘पार्षद’ शब्द की परिभाषा को एक नया और मानवीय रंग दिया है। काश! मिठास और आत्मीयता की यह बीमारी देश के बाकी जनप्रतिनिधियों को भी लग जाए, तो शायद इस मुल्क की आधी शिकायतें तो यूं ही काफूर हो जाएं।

 

(Visited 1 times, 1 visits today)

About Author