उदयपुर। कहते हैं कि जब कोई क़लम सच्चाई की स्याही में डूबकर तारीख़ के पन्नों पर उतरता है, तो वह सिर्फ़ किताबें नहीं लिखता, बल्कि आने वाली नस्लों के लिए चिराग़ रौशन करता है। झीलों की नगरी उदयपुर की फ़ज़ा में शुक्रवार को इल्म-ओ-अदब की कुछ ऐसी ही नफ़ीस ख़ुशबू बिखरी हुई थी। अशोक नगर स्थित विज्ञान समिति का सभागार आज महज़ ईंट-पत्थर की इमारत नहीं था, बल्कि तालीम, तहज़ीब और तारीख़ की एक बावक़ार दरगाह बना हुआ था।

चैंपियन सोसाइटी के ज़ेर-ए-एहतिमाम आयोजित इस शानदार अदबी निशिस्त में मुल्क के मारूफ़ इस्लामी मुअर्रिख़ (इतिहासकार) और बुज़ुर्ग मुसन्निफ़ एम. इसहाक फ़ौजदार ‘मानव’ की एक-दो नहीं, बल्कि पांच नायाब किताबों का रस्म-ए-इजरा (विमोचन) अम्ल में आया।
जब मोबाइल की स्क्रीन और शोर-शराबे की इस दुनिया में किताबें अलमारियों की धूल फांकने को मजबूर हैं, तब एक अदीब की पाँच किताबों का एक साथ मंज़र-ए-आम पर आना किसी अदबी जश्न से कम नहीं।
तारीख़ से लेकर आज के सवालों तक: पाँच किताबों का कारवां
समारोह के दौरान जिन पांच अहम तसनीफ़ात (कृतियों) की रूनुमाई की गई, उनमें माज़ी की चमक भी है और हाल के तीखे सवाल भी:
द पर्सन्स ऑफ़ बोल्ड डिसीज़न (अज़्म-ओ-हौसले के पैकर)
ए शॉर्ट बायोग्राफ़ी ऑफ़ प्रोफ़ेट मुहम्मद (स.अ.व.) (सीरत-ए-तैयबा का मुख़्तसर आईना)
द हैंडी एनसाइक्लोपीडिया ऑफ़ इस्लाम (इस्लामी मालूमात का ख़ज़ाना)
इस्लामिक डेमोक्रेसी टुवर्ड्स मोनार्की (जम्हूरियत से मलूकियत तक का सफ़र)
हम कहाँ हैं (मौजूदा हालात का बेबाक मुहासबा)
अहले-इल्म की शिरकत और फ़िक्री गुफ़्तगू
चैंपियन सोसायटी के सरपरस्त फ़िरोज़ बशीर ख़ान की मेज़बानी में सजी इस महफ़िल की सदारत मुंबई के मुमताज़ अख़बार ‘क़ौमी फ़रमान’ के एडिटर रईस ख़ान ने फ़रमाई। मेहमान-ए-ख़ुसूसी के तौर पर पुणे से तशरीफ़ लाए मारूफ़ माहिर-ए-तालीम ज़कीउद्दीन शेख़ मौजूद रहे, जबकि एज़ाज़ी मेहमानों में इंजीनियर अब्दुल लतीफ़ शेख़, रिटायर्ड कर्नल दिल आफ़ताब, अंजुमन सदर मुख़्तार क़ुरैशी और आलिम-ए-दीन हाफ़िज़ कामिल बरकाती ने रौनक़ बख़्शी।
महफ़िल का आग़ाज़ अमरीन ख़ान की उस ख़ूबसूरत पेशकश (PPT) से हुआ, जिसमें मुसन्निफ़ की ज़िंदगी के उतार-चढ़ाव और अदबी सफ़र को बड़े सलीक़े से पिरोया गया था। इसके बाद फ़िक्री मक़ालों का दौर चला:
तालीम में तवाज़ुन : डॉक्टर शाहिद रहमानी ने “धार्मिक और आधुनिक शिक्षा में संतुलन” पर अपना तहक़ीक़ी मक़ाला पेश करते हुए वक़्त की नब्ज़ पर उंगली रखी।
किताबों की वापसी की सदा : फ़िज़ा समीर ख़ान ने अंग्रेज़ी ज़बान में ‘लुप्त होती किताबों की संस्कृति और पढ़ने के महत्व’ पर पुरअसर ख़्यालात का इज़हार किया।
वक़्त के तकाज़े : हाफ़िज़ कामिल बरकाती ने ‘वर्तमान युग के अनुरूप प्रामाणिक इस्लामी ज्ञान’ जैसे संजीदा मौज़ू पर रोशनी डाली।
फ़िरोज़ बशीर ख़ान और फ़िज़ा ने हिंदी व अंग्रेज़ी में विमोचित किताबों का तार्रुफ़ पेश किया, जिसके बाद सामईन (श्रोताओं) और मुसन्निफ़ के दरमियान बराह-ए-रास्त सवाल-ओ-जवाब का दिलचस्प सिलसिला चला।
अदीब की क़द्रदानी : शॉल और मोमेंटो से नवाज़ा गया
आख़िरी मरहले में अदब और तारीख़ की खिदमात के एतराफ़ में शहर की नामवर तंज़ीमों—चैंपियन सोसायटी, अंजुमन तालीमुल इस्लाम, मुस्लिम महासंघ, मुस्लिम सेविंग सोसायटी, उमर फ़ारूक़ फ़ाउंडेशन, अल अलीम टूर्स, उदयपुर तालीम तरबियत फ़ाउंडेशन और मंसूरी एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी—की जानिब से एम. इसहाक फ़ौजदार ‘मानव’ को शॉल ओढ़ाकर और मोमेंटो पेश कर ख़िराज-ए-तहसीन पेश किया गया।
निज़ामत (संचालन) के फ़राइज़ मोहम्मद अली बशर और फ़िज़ा समीर ख़ान ने निहायत ख़ूबसूरती से अंजाम दिए। पैनल चर्चा और समाज में फिर से किताबों से दोस्ती करने के पैग़ाम के साथ यह यादगार शाम अपने इख़्तिताम को पहुँची—मगर फ़ौजदार साहब के अल्फ़ाज़ देर तक सामईन के ज़ेहन में गूँजते रहे।
About Author
You may also like
मुख्यमंत्री ने ऊर्जा विभाग की ली बैठक : ऊर्जा उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि, राजस्थान ने अन्य राज्यों को लगभग 2 हजार करोड़ रुपये की बिजली बेची
अवैध ठेला संचालकों के खिलाफ अभियान : नगर निगम पहले हाथ बढ़ाकर व्यवस्था दे, अनुज्ञा पत्र बांटे, फिर चलाए चाबुक
गीतांजलि हॉस्पिटल उदयपुर में जटिल सर्जरी का सफल प्रदर्शन: पित्त की मुख्य नली में गंभीर चोट के दो मरीजों को मिला नया जीवन; डॉ. हेमंत जैन ने की दुर्लभ रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी
ASIRAJ 2026 में डॉ. मोहित बड़गुर्जर ने बढ़ाया उदयपुर का मान : लेप्रोस्कोपिक व लेज़र सर्जरी की आधुनिक तकनीकों का किया प्रदर्शन
महापौर पारस सिंघवी के जन्मदिन पर शक्ति प्रदर्शन और सेवा का संगम: 211 यूनिट रक्तदान, 91 किलो लड्डू का भोग; देवदर्शन से लेकर सॉलिटेयर गार्डन तक उमड़ा सियासी हुजूम
