
न्यूयॉर्क। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत-पाकिस्तान संघर्ष विराम में अपनी भूमिका का दावा करते हुए कहा है कि उनके हस्तक्षेप से परमाणु युद्ध टला। हालांकि उन्होंने साफ किया कि भारत पर लगाए गए टैरिफ को लेकर कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। इसी बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उन्होंने “शानदार इंसान” बताते हुए व्यक्तिगत प्रशंसा भी की।
टैरिफ को बताया “हथियार”
ट्रंप ने मंगलवार को संवाददाताओं से कहा कि वह यूक्रेन युद्ध समाप्त कराने के लिए भी टैरिफ को “हथियार” के रूप में इस्तेमाल कर सकते हैं। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट किया कि फिलहाल रूस पर ऐसा दबाव बनाने की उनकी योजना नहीं है।
होमलैंड सुरक्षा विभाग ने सोमवार को एक मसौदा अधिसूचना जारी की, जिसमें कहा गया कि बुधवार से भारत पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाया जाएगा। यह पहले से लागू टैरिफ के अलावा होगा। हालांकि इलेक्ट्रॉनिक्स और दवाइयों जैसी कुछ वस्तुओं को छूट दी जाएगी।
रूस-यूक्रेन संघर्ष पर सख्त लहजा
ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की को बातचीत की समयसीमा तय करने की चेतावनी दी।
उन्होंने कहा, “जेलेंस्की भी निर्दोष नहीं हैं। वहीं, पुतिन के साथ मेरे अच्छे संबंध हैं। समस्या यह है कि जब एक पक्ष मानता है, तो दूसरा तैयार नहीं होता। मुझे दोनों को एक साथ बातचीत के लिए सहमत कराना होगा।”
पुतिन के साथ अगस्त में हुई वार्ता के बाद तय समयसीमा को उन्होंने पिछले हफ्ते 5 सितंबर तक बढ़ा दिया था।
भारत-पाकिस्तान को लेकर बड़ा दावा
ट्रंप ने एक बार फिर कहा कि पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव को कम करने में उनकी अहम भूमिका रही। उन्होंने दावा किया कि उनके हस्तक्षेप से संभावित परमाणु युद्ध रोका गया।
मोदी से हुई बातचीत का जिक्र करते हुए ट्रंप ने कहा, “मैंने प्रधानमंत्री से कहा था—आप व्यापार समझौते की बात कर रहे हैं, लेकिन आप परमाणु युद्ध में उलझ सकते हैं। ऐसे में हम आप पर और ऊंचे टैरिफ लगा देंगे।”
भविष्य में भारत-पाक संघर्ष की आशंका जताते हुए उन्होंने कहा कि हालात फिर बिगड़ सकते हैं, लेकिन अगर ऐसा हुआ तो वे इसे रोक देंगे।
मोदी की तारीफ, लेकिन टैरिफ पर सख्ती
भारत को लेकर अपने रुख को स्पष्ट करते हुए ट्रंप ने कहा कि टैरिफ नीति में कोई बदलाव नहीं होगा। इसके बावजूद उन्होंने मोदी की तारीफ करते हुए कहा, “वह एक शानदार इंसान हैं।”
भारत ने किया खंडन
उधर, भारत ने ट्रंप के इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। भारत का कहना है कि संघर्ष विराम और वार्ता भारत-पाकिस्तान के द्विपक्षीय मसले हैं और इसमें किसी तीसरे पक्ष की भूमिका नहीं है।
About Author
You may also like
देश के विकास में हिंदुस्तान जिंक की बड़ी हिस्सेदारी : वित्त वर्ष 26 में सरकारी खजाने को दिए 18,846 करोड़, पिछले 5 वर्षों का कुल योगदान 91,572 करोड़ रुपए के पार
क्रिकेट की सुपरफैन : मुंबई की 92 वर्षीय कल्याणी राघवन पिछले 70 सालों से हैं खेल की दीवानी, शुभमन गिल पर है क्रश
खेल के मैदान से वैश्विक कूटनीति तक हलचल : वैभव के लिए कैफ़ की पैरवी, पंत विवाद में कूदे ललित मोदी, विनेश को राहत और ईरान संकट पर ट्रंप की अहम बैठक
उदयपुर भूमि विकास बैंक चुनाव : भारी हंगामे और धक्का-मुक्की के बीच मथुरेश नागदा बने तीसरी बार अध्यक्ष, करण सिंह चुने गए निर्विरोध उपाध्यक्ष
राजस्थान में भ्रष्टाचार पर मुख्यमंत्री का वज्रप्रहार : ढाई साल में IAS समेत 103 अफसर सस्पेंड, 6 बर्खास्त, 11 की आजीवन पेंशन रोकी
