
नई दिल्ली। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा वर्ष 2026 के लिए जारी किए गए कैलेंडर का विषय “भारत@2026: सेवा, सुशासन और समृद्धि” रखा गया है, जो देश की परिवर्तनशील यात्रा और विकसित भारत के संकल्प को सशक्त रूप से प्रस्तुत करता है।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने आज भारत सरकार के कैलेंडर 2026 का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह कैलेंडर केवल तिथियों और महीनों का संकलन नहीं, बल्कि भारत की परिवर्तनकारी यात्रा, शासन की प्राथमिकताओं और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में सामूहिक संकल्प का प्रतीक है।
डॉ. मुरुगन ने कहा कि “भारत@2026: सेवा, सुशासन और समृद्धि” विषय एक ऐसे भारत को दर्शाता है जो अपनी पहचान में आत्मविश्वासी, संस्थाओं में सशक्त और दीर्घकालिक दृष्टि में स्पष्ट है। यह जन-केंद्रित शासन, सशक्त सेवा वितरण तथा प्रक्रियाओं को सरल बनाकर नागरिकों और सरकार के बीच विश्वास को सुदृढ़ करने के प्रयासों को रेखांकित करता है।
वर्ष 2025 में किए गए प्रमुख सुधारों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि संरचनात्मक सुधारों ने भारत की आर्थिक मजबूती को नई दिशा दी है तथा यह सुनिश्चित किया है कि विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुँचे। नई कर व्यवस्था के अंतर्गत कर राहत, जीएसटी 2.0 का सरलीकरण, चार श्रम संहिताओं का कार्यान्वयन और लक्षित रोजगार सृजन पहलों ने उत्पादकता, जीवन की सुगमता और समावेशी समृद्धि को गति दी है।
इस अवसर पर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव श्री संजय जाजू ने कहा कि भारत सरकार का कैलेंडर आज एक सशक्त संचार माध्यम बन चुका है, जो सरकार की प्राथमिकताओं और राष्ट्रीय मूल्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करता है। उन्होंने कहा कि “भारत@2026: सेवा, सुशासन और समृद्धि” विषय सुधार, समावेशन और आकांक्षा के माध्यम से आत्मविश्वासी भारत की सशक्त झलक प्रस्तुत करता है।
कैलेंडर 2026 में बारह विषयगत मासिक पृष्ठ शामिल हैं, जो राष्ट्रीय प्रगति के प्रमुख स्तंभों को दर्शाते हैं।
जनवरी – आत्मनिर्भरता से आत्मविश्वास
फरवरी – समृद्ध किसान, समृद्ध भारत
मार्च – नए भारत के लिए नारी शक्ति
अप्रैल – सरलीकरण से सशक्तिकरण
मई – वीरता से विजय तक: ऑपरेशन सिंदूर
जून – स्वस्थ भारत, समृद्ध भारत
जुलाई – वंचितों का सम्मान
अगस्त – युवा शक्ति, राष्ट्र शक्ति
सितंबर – गति, शक्ति, प्रगति
अक्टूबर – परंपरा से प्रगति तक
नवंबर – सबका साथ, सबका सम्मान
दिसंबर – विश्व बंधु भारत
कैलेंडर भारत की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक समावेशन और वैश्विक नेतृत्व की भावना को सशक्त रूप से प्रतिबिंबित करता है।
इस अवसर पर महानिदेशक (सीबीसी) श्रीमती कंचन प्रसाद ने बताया कि यह कैलेंडर 13 भारतीय भाषाओं में प्रकाशित किया गया है, जिससे देश के विविध भाषाई और सांस्कृतिक समुदायों तक सरकार का संदेश प्रभावी रूप से पहुँच सके।
कार्यक्रम में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अपर सचिव श्री प्रभात, पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) की महानिदेशक श्रीमती अनुपमा भटनागर, सहित मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
सभी गणमान्य अतिथियों ने नववर्ष 2026 की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह वर्ष एक समृद्ध, समावेशी और आत्मविश्वासी भारत के निर्माण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।

About Author
You may also like
-
विधानसभा में गूंजी एपस्टीन फाइल : नेता प्रतिपक्ष जूली ने उदयपुर कांड पर सरकार को घेरा…सदन की मर्यादा रख रहा हूं, वरना परतें खुलेंगी
-
Hindustan Zinc Limited ने बिछड़ी और देबारी के राजकीय स्कूलों में शुरू कीं अत्याधुनिक स्टेम लैब्स
-
Arvind Kejriwal Acquitted in Liquor Policy Case; Court Terms CBI Probe Misleading
-
उदयपुर फाइल्स : अपनों में ही छिड़ी जुबानी जंग, दो गुटों में बंटी राय— क्या पुलिस का ‘हथौड़ा’ जायज था या नाजायज?
-
उदयपुर फाइल्स : पीएम मोदी के आगमन से पहले विधानसभा में टीकाराम जूली का दावा-“मेरे पास हैं वो 5 वीडियो, क्या पुलिस का ‘ऑपरेशन डिलीट’ फेल?