
सड़क पर पड़े बैल से टकराई कार, डिवाइडर पार कर ट्रेलर से हुई आमने-सामने भिड़ंत
चित्तौड़गढ़। राजस्थान के चित्तौड़गढ़–उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा रात करीब एक बजे नरधारी क्षेत्र के पास हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक कार चित्तौड़गढ़ से उदयपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान हाईवे पर एक बैल की डेड बॉडी सड़क पर पड़ी हुई थी। अंधेरा होने के कारण कार चालक समय रहते उसे नहीं देख सका और वाहन सीधे उससे टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में जा पहुंची। तभी सामने से आ रहे एक ट्रेलर से कार की आमने-सामने की जबरदस्त भिड़ंत हो गई।
हादसा इतना भयावह था कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। कार में सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान रिंकेश नानवानी, सुहानी नानवानी और रजनी नानवानी निवासी सिंधी कॉलोनी, प्रताप नगर (चित्तौड़गढ़) तथा चौथे व्यक्ति की पहचान इंदौर निवासी हीरानंद नानवानी के रूप में हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त कार को सीधा कराया गया और उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक चारों की मौत हो चुकी थी। घटनास्थल का मंजर इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी स्तब्ध रह गए।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों ने हाईवे पर लावारिस पशुओं की मौजूदगी और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि विशेषकर रात्रि के समय वाहन चलाते हुए अत्यधिक सावधानी बरतें और गति नियंत्रित रखें।
About Author
You may also like
मानसून से पहले राजस्थान में तबादलों की बारिश, 178 RAS अधिकारियों के एक साथ हुए तबादले
अंधेरी राहों में उजाला : संमिधा संस्थान की चार साल की तपस्या लाई रंग, दृष्टिबाधित शंभू लाल ने पाई सरकारी नौकरी
उदयपुर में शाम-ए-ग़ज़ल कल : विश्व संगीत दिवस की पूर्व संध्या पर महेंद्र कुमार वर्मा बिखेरेंगे सुरों का जादू
भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी, यहां हर व्यक्ति को मिलता है आगे बढ़ने का अवसर : सतीश पूनिया
उदयपुर में कागजी दावों और दौरों के बीच धरातल पर दम तोड़ती व्यवस्थाएं : सिर्फ निरीक्षणों में सिमटा विकास, शहर की बुनियादी समस्याएं जस की तस
