
सड़क पर पड़े बैल से टकराई कार, डिवाइडर पार कर ट्रेलर से हुई आमने-सामने भिड़ंत
चित्तौड़गढ़। राजस्थान के चित्तौड़गढ़–उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा रात करीब एक बजे नरधारी क्षेत्र के पास हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक कार चित्तौड़गढ़ से उदयपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान हाईवे पर एक बैल की डेड बॉडी सड़क पर पड़ी हुई थी। अंधेरा होने के कारण कार चालक समय रहते उसे नहीं देख सका और वाहन सीधे उससे टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में जा पहुंची। तभी सामने से आ रहे एक ट्रेलर से कार की आमने-सामने की जबरदस्त भिड़ंत हो गई।
हादसा इतना भयावह था कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। कार में सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान रिंकेश नानवानी, सुहानी नानवानी और रजनी नानवानी निवासी सिंधी कॉलोनी, प्रताप नगर (चित्तौड़गढ़) तथा चौथे व्यक्ति की पहचान इंदौर निवासी हीरानंद नानवानी के रूप में हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त कार को सीधा कराया गया और उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक चारों की मौत हो चुकी थी। घटनास्थल का मंजर इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी स्तब्ध रह गए।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों ने हाईवे पर लावारिस पशुओं की मौजूदगी और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि विशेषकर रात्रि के समय वाहन चलाते हुए अत्यधिक सावधानी बरतें और गति नियंत्रित रखें।
About Author
You may also like
गीतांजली कॉलेज ऑफ नर्सिंग में पैलिएटिव केयर पर विशेषज्ञ सत्र आयोजित
महाराणा मेवाड़ फाउण्डेशन के 43वें वार्षिक सम्मानों के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित : 14 मार्च 2027 को आयोजित होगा समारोह
खण्डेलवाल वैश्य समाज समिति उदयपुर के विशाल रक्तदान शिविर में उमड़ा सेवा का उत्साह
स्टेट सीनियर बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में उदयपुर का गौरव : नगर निगम के कार्यवाहक जमादार जुम्मा खान ने जीता कांस्य पदक
तीन सदियों की अटूट आस्था का महाकुंभ : कुमावतपुरा में श्री चारभुजानाथ मंदिर की 300वीं वर्षगांठ पर भक्ति के रंग में डूबी झीलों की नगरी
