
उदयपुर। नगर निगम ने नगरीय विकास कर (यूडी टैक्स) वसूली को लेकर सख्ती तेज कर दी है। निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर शनिवार को शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में 6 व्यावसायिक संपत्तियों को सीज किया गया। कार्रवाई के बाद दो संपत्ति मालिकों ने निगम कार्यालय पहुंचकर बकाया टैक्स जमा करा दिया, जिसके बाद उनकी सीज संपत्तियां पुनः खोल दी गईं।
इन संपत्तियों पर हुई सीज की कार्रवाई
निगम आयुक्त के अनुसार जिन संपत्तियों को सीज किया गया, उनमें—
• सुंदरवास मेन रोड – अकीला बाई / मंसूर अहमद एवं अन्य
(बकाया यूडी टैक्स: ₹20,29,196)
• सज्जन नगर, रामपुरा रोड – रॉयल गार्डन के सामने रामचंद्र सुथार
(बकाया: ₹3,38,048)
• इंदिरा कॉलोनी, गोवर्धन विलास – एस.टी.सी. स्कूल के सामने देवेन्द्र नाथ खेमराज
(बकाया: ₹2,02,115)
• हिरण मगरी, सेक्टर-4 – आदर्श कॉम्प्लेक्स प्रा. लि.
(बकाया: ₹1,61,786)
• मधुबन – अनुपम बंसल
(बकाया: ₹3,57,130)
• कार्तिकेय सोसायटी, पानेरियों की मादड़ी – कन्हैया लाल
(बकाया: ₹1,49,114)
बकाया कर जमा नहीं होने पर निगम ने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर ताले लगाकर गतिविधियां बंद कर दीं। पूर्व में सभी फर्मों को नोटिस भी तामील कराए जा चुके थे, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर यह कार्रवाई की गई।
दो संपत्ति मालिकों ने तुरंत भरा टैक्स
सीज कार्रवाई के बाद मधुबन स्थित अनुपम बंसल और सज्जन नगर स्थित रामचंद्र सुथार ने निगम कार्यालय पहुंचकर पूरी बकाया राशि जमा कराई, जिसके बाद उनकी संपत्तियों को डी-सीज कर दिया गया।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने स्पष्ट किया कि जिन प्रतिष्ठान मालिकों को यूडी टैक्स जमा करने के नोटिस मिल चुके हैं, वे समय रहते कर जमा कराएं।
उन्होंने चेतावनी दी कि बकाया कर नहीं चुकाने पर आगे भी संपत्तियां सीज की जाएंगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित फर्म मालिक की होगी।
31 मार्च तक कर छूट का लाभ लें शहरवासी
आयुक्त ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा गृह कर एवं नगरीय विकास कर में दी जा रही विशेष छूट 31 मार्च तक बढ़ा दी गई है।
उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे इस अवधि में बकाया कर जमा कर छूट का लाभ लें, क्योंकि सरकार द्वारा यह राशि हर हाल में वसूल की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान मौजूद रहे अधिकारी
इस कार्रवाई में राजस्व निरीक्षक मोहित अग्निहोत्री, विजय जैन, राहुल मीणा, सहायक प्रशासनिक अधिकारी विनोद अग्रवाल सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
About Author
You may also like
भगीरथ की तपस्या से सीखें धैर्य और लोकसेवा का संकल्प: प्रशांत अग्रवाल
उदयपुर में ध्वस्त होती कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर उठते सवालों के बीच एक पाठक का एसपी डॉ. अमृता दुहन को खुला पत्र
स्कून्यूज़ मेमोरियल अवॉर्ड्स–2026 : दिवंगत महाराणा अरविन्द सिंह मेवाड़ की स्मृति में दिए गए प्रतिष्ठित शिक्षा सम्मान
मेवाड़ के लाडले डॉ. पलाश कुमावत का जर्मनी से PhD कर उदयपुर लौटने पर भव्य स्वागत
प्रतापनगर के कपिल विहार की शांत शाम चीखों में बदल गई…स्कॉर्पियो से महिला को रौंदा; मौत के बाद फैली सनसनी
