
उदयपुर । जब-जब भक्त सच्चे मन से मां को पुकारते हैं, तब-तब मां श्री भगवती मेलडी माता अपने भक्तों पर करुणा बरसाती हैं। इसी अटूट आस्था और विश्वास का जीवंत उदाहरण गुरुवार को बापा सीताराम आश्रम स्थित मां मेलडी माता मंदिर में देखने को मिला, जहाँ मूर्ति स्थापना महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और भावनाओं के सागर में डूबकर संपन्न हुआ।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दो दिवसीय इस पावन महोत्सव ने भक्तों के मन को भक्ति से भर दिया। जैसे ही मंदिर प्रांगण में भजन संध्या की स्वर लहरियाँ गूंजीं, ऐसा प्रतीत हुआ मानो स्वयं मां अपने भक्तों के बीच विराजमान हों। हर आँख नम थी और हर मन मां के चरणों में समर्पित।

इस महोत्सव का सबसे भावुक और ऐतिहासिक क्षण तब आया, जब पाकिस्तान से लाई गई हिंगलाज माता की पवित्र ज्योत के निमित्त मंदिर प्रांगण में 71 फीट ऊँचे धर्म ध्वज दंड की स्थापना की गई। ध्वज दंड के आरोहण के साथ ही पूरा परिसर “जय मां मेलडी” और “जय हिंगलाज माता” के जयकारों से गूंज उठा। उस क्षण भक्तों की आंखों से छलके आँसू, मां के प्रति अटूट विश्वास और अपार प्रेम की गवाही दे रहे थे।
गुरुवार प्रातः काल से प्रारंभ हुआ हवन-यज्ञ दोपहर तक चला। अग्नि में आहुतियों के साथ जब मंत्रोच्चार गूंजे, तो वातावरण दिव्यता से भर उठा। मां भगवती माता मंदिर के महंत विरमनाथ महाराज एवं साध्वी राजू बा के सानिध्य में संपन्न यह अनुष्ठान भक्तों के लिए आध्यात्मिक अनुभूति बन गया। दोपहर 12:15 बजे विधि-विधान से ध्वज दंड स्थापना और ध्वजारोहण हुआ, मानो मां की कृपा स्वयं आकाश को स्पर्श कर रही हो।
पूर्णाहुति के पश्चात आयोजित महाप्रसादी में श्रद्धालुओं ने मां के प्रसाद को सिर पर रखकर स्वीकार किया। रात्रि में संतों के सानिध्य में धर्मसभा एवं रात्रि जागरण भजन संध्या ने भक्तों को भाव-विभोर कर दिया। भजनों की हर पंक्ति में मां का आशीर्वाद और करुणा झलक रही थी।
इस पावन अवसर पर महंत विरमनाथ महाराज, साध्वी राजू बा, महंत सुंदरदास महाराज, महंत अचला राम महाराज, महंत चेतन राम महाराज, महंत रामदास महाराज, भूपालपुरा हनुमान मंदिर के महंत सहित बांसवाड़ा-डूंगरपुर क्षेत्र के अनेक संत-महंतों का आशीर्वाद भक्तों को प्राप्त हुआ। ऐसा लगा मानो संतों की वाणी में स्वयं मां बोल रही हों।
सर्व देवी पूजक सेवा समिति के कैलाश देलवाडिया, नरेंद्र देलवाडिया, भोला मकनेजिया, बाबू भाई पनारा, राजेश भाई, विनोद भाई, धर्म भाई, अनिल, विजय देलवाडिया सहित सभी सेवाभावी कार्यकर्ताओं ने आयोजन को सफल बनाने में तन-मन-धन से सेवा की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि समाजसेवी वीरेंद्र रीना यदुवंशी, अंबालाल राठौड़, सुरवीर सिंह राणावत, रघुनाथ सिंह राणावत, सुरेश चौहान एवं लव वर्मा की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई। कार्यक्रम का भावपूर्ण संचालन नरेंद्र देलवाडिया ने किया।
महोत्सव के समापन पर भक्तों ने मां मेलडी के चरणों में नतमस्तक होकर क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और धर्म की विजय की कामना की।
जय मां मेलडी। जय हिंगलाज माता।
— गिरिराज सिंह सांखला, प्रवक्ता
About Author
You may also like
हुनर और कला का अनूठा समागम : तुलसी निकेतन स्कूल में ‘द मॉरल शॉपी’ की एक दिवसीय भव्य प्रदर्शनी 5 जुलाई को
मेवाड़ की अनूठी सांस्कृतिक विरासत के मुरीद हुए विदेशी मेहमान: डॉ. लक्ष्यराज सिंह ने किया मेक्सिको की कार्यवाहक राजदूत का भव्य स्वागत
कैलिफोर्निया के कोंडोर पक्षियों के संरक्षण में बड़ी सफलता: नई रिसर्च ने ढूँढा ‘गुप्त दुश्मन’ और बचाने की राह हुई आसान
टेक्सास में न्यू वर्ल्ड स्क्रूवर्म का प्रकोप: जानिए कैसे मजबूत रणनीति और त्वरित इलाज से दी जा रही है इसे मात
दक्षिणी राजस्थान के लिए बड़ी सौगात : गीतांजली हॉस्पिटल में अत्याधुनिक एडवांस्ड कैथ लैब का शानदार शुभारंभ
