
उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर जिले से एक बेहद मार्मिक घटना सामने आई है, जहाँ कुराबड़ थाना क्षेत्र के कालीवली गांव में हुए एक भीषण सड़क हादसे ने न केवल तीन घरों के चिराग बुझा दिए, बल्कि एक नवविवाहिता के सुहाग के साथ-साथ उसकी जिंदगी भी छीन ली। पति की मौत की खबर सुन सदमे में आई पत्नी ने भी फंदे से लटककर जान दे दी, जिसके बाद शुक्रवार को पूरे गांव की आंखों में आंसू थे जब पति-पत्नी का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर किया गया।
हादसे में उजड़ गए तीन परिवार
गुरुवार रात करीब 8 बजे बस स्टैंड के पास दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इस भीषण टक्कर में 22 वर्षीय चेतन मीणा, 22 वर्षीय हुक्मीचंद और 17 वर्षीय छात्र हेमराज की मौत हो गई। हेमराज अपने परिवार का इकलौता बेटा था और 11वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा था। गांव के तीन होनहार युवाओं की एक साथ मौत से पूरा कालीवली गांव गमगीन था, लेकिन त्रासदी यहीं नहीं रुकी।
जुदाई बर्दाश्त नहीं कर सकी पत्नी
हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू शुक्रवार दोपहर को सामने आया। जब गांव में तीनों युवकों के अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही थीं, तभी मृतक चेतन की पत्नी प्रेमीबाई ने पति के विछोह में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। चेतन और प्रेमीबाई की शादी महज एक साल पहले हुई थी। इस खबर ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। प्रशासन और परिजनों की मौजूदगी में दोनों का अंतिम संस्कार एक साथ किया गया।
स्पीड ब्रेकर की कमी पर आक्रोश
इस घटना के बाद ग्रामीणों में प्रशासन के खिलाफ रोष है। ग्राम पंचायत के उप सरपंच वगतराम मीणा ने बताया कि इस सड़क पर स्पीड ब्रेकर न होने के कारण पिछले दो-ढाई वर्षों में 6 से 7 बड़े हादसे हो चुके हैं। प्रशासन से कई बार मांग के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिसकी कीमत आज इन परिवारों को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।
About Author
You may also like
अल्फ़ाज़ की शमा से रौशन हुई झीलों की नगरी : एम. इसहाक फ़ौजदार ‘मानव’ की पांच बेशक़ीमती किताबों का रस्म-ए-इजरा, इल्म-ओ-अदब की महफ़िल में गूंजी मुताले की सदा
मुख्यमंत्री ने ऊर्जा विभाग की ली बैठक : ऊर्जा उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि, राजस्थान ने अन्य राज्यों को लगभग 2 हजार करोड़ रुपये की बिजली बेची
अवैध ठेला संचालकों के खिलाफ अभियान : नगर निगम पहले हाथ बढ़ाकर व्यवस्था दे, अनुज्ञा पत्र बांटे, फिर चलाए चाबुक
गीतांजलि हॉस्पिटल उदयपुर में जटिल सर्जरी का सफल प्रदर्शन: पित्त की मुख्य नली में गंभीर चोट के दो मरीजों को मिला नया जीवन; डॉ. हेमंत जैन ने की दुर्लभ रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी
ASIRAJ 2026 में डॉ. मोहित बड़गुर्जर ने बढ़ाया उदयपुर का मान : लेप्रोस्कोपिक व लेज़र सर्जरी की आधुनिक तकनीकों का किया प्रदर्शन
