प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी में 100 बेड के आधुनिक वृद्धाश्रम का किया लोकार्पण, उदयपुर का तारा सेवा संस्थान करेगा संचालित

वाराणसी/रामनगर।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बनारस में ‘नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम के दौरान बुजुर्गों के सम्मानजनक जीवन के लिए एक बड़ी सौगात दी। प्रधानमंत्री ने रामनगर स्थित 100 बेड की क्षमता वाले आधुनिक वृद्धाश्रम का डिजिटल लोकार्पण किया। यह परियोजना समाज के वरिष्ठ और जरूरतमंद नागरिकों को सुरक्षित आश्रय प्रदान करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

इस अत्याधुनिक वृद्धाश्रम का निर्माण Northern Coalfields Limited (NCL) द्वारा कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत किया गया है। इसके कुशल प्रबंधन के लिए वाराणसी समाज कल्याण विभाग ने तारा संस्थान, उदयपुर को संचालन की जिम्मेदारी सौंपी है, जो सिग्नेचर ग्लोबल, दिल्ली के सहयोग से यहाँ अपनी सेवाएँ प्रदान करेगा।

लोकार्पण के अवसर पर रामनगर स्थित वृद्धाश्रम परिसर में Northern Coalfields Limited के प्रबंधक श्री अभिनव दीक्षित ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और आवासियों का आशीर्वाद लिया। जैसे ही प्रधानमंत्री ने लोकार्पण किया, वहाँ मौजूद बुजुर्गों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम में तारा संस्थान की संस्थापक कल्पना गोयल एवं सचिव दीपेश मित्तल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

संस्थान की प्रधान कल्पना गोयल ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह लोकार्पण उनके लिए गौरव का विषय है। सचिव दीपेश मित्तल ने आश्वस्त किया कि “तारा संस्थान पूरी निष्ठा के साथ यहां रहने वाले प्रत्येक बुजुर्ग को परिवार जैसा प्रेमपूर्ण वातावरण और बेहतर चिकित्सा देखभाल सुनिश्चित करेगा।”

यह वृद्धाश्रम क्षेत्र के निराश्रित बुजुर्गों के लिए न केवल एक आश्रय स्थल, बल्कि सम्मान के साथ जीवन जीने का एक नया केंद्र साबित होगा।

 

About Author

Leave a Reply