
उदयपुर/सलूंबर। उदयपुर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे (NH-48) पर सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। सलूंबर जिले के परसाद थाना क्षेत्र में 40 यात्रियों से भरी एक स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि समय रहते सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए, हालांकि जान बचाने की आपाधापी में कुछ यात्रियों ने इमरजेंसी खिड़की से कूदकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार, बस उदयपुर से यात्रियों को लेकर अहमदाबाद की ओर जा रही थी। दोपहर करीब 3 बजे जब बस परसाद थाने के सामने पहुंची, तब अचानक इंजन से धुआं उठने लगा। ड्राइवर और कंडक्टर ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए बस रोकी और यात्रियों को नीचे उतरने का शोर मचाया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी बस आग के गोले में तब्दील हो गई।
थाने के ठीक सामने हुई इस घटना से हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कुछ यात्री बस की खिड़कियां तोड़कर बाहर कूदे। घटना के बाद पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से हाईवे का ट्रैफिक रोक दिया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
परसाद थानाधिकारी नरेश कुमार मीणा ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। प्राथमिक जांच में आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हादसे के समय थानाधिकारी सलूंबर में एक बैठक में थे, लेकिन उन्होंने तत्काल टीम भेजकर बचाव कार्य सुनिश्चित किया। पुलिस अब बस की फिटनेस और आग लगने के वास्तविक तकनीकी कारणों की जांच कर रही है।
About Author
You may also like
मदर्स डे : एसपी डॉ. अमृता दुहन ने वृद्धाश्रम की माताओं को ओढ़ाया सम्मान का शॉल, बुजुर्गों से साझा किए स्वास्थ्य टिप्स
उदयपुर क्राइम डायरी : बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या, पुलिस महकमे की तकनीकी लापरवाही भी आई सामने…घर खड़ी गाड़ियों के कट रहे चालान
केदारिया में धर्म, संस्कृति और श्रद्धा का भव्य संगम : मेवाड़ की धार्मिक परंपराएं भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर – डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़
ममता के आंचल में मुस्कराए दिव्यांग बच्चे : नारायण सेवा संस्थान ने भावुक अंदाज में मनाया मदर्स डे, माताओं का हुआ सम्मान
उदयपुर में दर्दनाक हादसा: अनियंत्रित होकर कुएं में गिरी तेज रफ्तार कार, 29 वर्षीय युवा व्यापारी की मौत
