
उदयपुर/सलूंबर। उदयपुर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे (NH-48) पर सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। सलूंबर जिले के परसाद थाना क्षेत्र में 40 यात्रियों से भरी एक स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि समय रहते सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए, हालांकि जान बचाने की आपाधापी में कुछ यात्रियों ने इमरजेंसी खिड़की से कूदकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार, बस उदयपुर से यात्रियों को लेकर अहमदाबाद की ओर जा रही थी। दोपहर करीब 3 बजे जब बस परसाद थाने के सामने पहुंची, तब अचानक इंजन से धुआं उठने लगा। ड्राइवर और कंडक्टर ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए बस रोकी और यात्रियों को नीचे उतरने का शोर मचाया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी बस आग के गोले में तब्दील हो गई।
थाने के ठीक सामने हुई इस घटना से हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कुछ यात्री बस की खिड़कियां तोड़कर बाहर कूदे। घटना के बाद पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से हाईवे का ट्रैफिक रोक दिया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
परसाद थानाधिकारी नरेश कुमार मीणा ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। प्राथमिक जांच में आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हादसे के समय थानाधिकारी सलूंबर में एक बैठक में थे, लेकिन उन्होंने तत्काल टीम भेजकर बचाव कार्य सुनिश्चित किया। पुलिस अब बस की फिटनेस और आग लगने के वास्तविक तकनीकी कारणों की जांच कर रही है।
About Author
You may also like
स्टेट सीनियर बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में उदयपुर का गौरव : नगर निगम के कार्यवाहक जमादार जुम्मा खान ने जीता कांस्य पदक
तीन सदियों की अटूट आस्था का महाकुंभ : कुमावतपुरा में श्री चारभुजानाथ मंदिर की 300वीं वर्षगांठ पर भक्ति के रंग में डूबी झीलों की नगरी
17वें कूडो नेशनल टूर्नामेंट में मेवाड़ के नन्हे सितारों का स्वर्णिम प्रदर्शन : हरितराज सिंह मेवाड़ और प्राणेश्वरी कुमारी मेवाड़ ने अपनी-अपनी श्रेणियों में जीता प्रथम स्थान
गीतांजलि हॉस्पिटल उदयपुर की बड़ी चिकित्सा उपलब्धि: बच्चेदानी से 35 गांठें (फाइब्रॉइड) निकालकर बचाया गर्भाशय; जटिल ‘मल्टीपल मायोमेक्टॉमी’ सर्जरी से महिला को मिला मां बनने का नया अवसर
वोट के बिना भी घर की दहलीज पर दस्तक : उदयपुर के पार्षद आकाश वागरेचा की मिठास भरी सियासत
