राजधानी का यह अनोखा चुनाव : जब कुत्तों ने सिखाया सह-अस्तित्व और करुणा का पाठ

नई दिल्ली। भारत की राजधानी दिल्ली में चुनावों की कोई कमी नहीं रही है। यहां हर गली, हर नुक्कड़ पर संसद, विधानसभा और नगर निगम के दंगल सजते हैं, जहां नेताओं की तल्खी, झूठे वादे और दलगत कटुता हवा में तैरती रहती है। मगर इसी आपाधापी और नफरत से भरी सियासत के बीच जब दिल्ली की जनता एक बिल्कुल अनोखे चुनाव में शरीक हुई, तो उसने न केवल देश का ध्यान खींचा, बल्कि हमारी सोई हुई मानवीय संवेदनाओं को भी झकझोर कर रख दिया।

यह चुनाव इंसानों का नहीं, बल्कि हमारे मोहल्लों में लावारिस घूमने वाले बेजुबान ‘कम्युनिटी डॉग्स’ (सामुदायिक श्वानों) का था। ‘फैट डॉग्स ऑफ दिल्ली’ नामक इस स्पर्धा में हौज खास के एसडीए मार्केट की दिवंगत फीमेल डॉग ‘गोला’ (जिन्हें लोग प्यार से कबाब या राजपाल सिंह भी कहते थे) को भारी मतों से विजेता चुना गया। साठ से अधिक श्वानों के बीच चली यह होड़ सिर्फ एक वजनदार कुत्ते की ताजपोशी नहीं थी; यह दरअसल आधुनिक शहरी सभ्यता में उस करुणा और सह-अस्तित्व का उत्सव था, जिसे हम दिन-प्रतिदिन भूलते जा रहे हैं।

जरा इस मंजर की खूबसूरती देखिए। युवाओं ने सोशल मीडिया पर अभियान चलाए, पोस्टर लगाए, और फिर वसंत विहार, कमला नगर और पंजाबी बाग जैसे इलाकों के कैफे में बाकायदा मतदान केंद्र बने। बुजुर्ग और नौजवान अपनी-अपनी उंगलियों पर लोकतंत्र की स्याही लगवाकर मतपेटी में पर्ची डालने पहुंचे। जिस शहर में लोग अपने पड़ोसी का हाल पूछने से कतराते हैं, वहां एक 75 किलो की बेजुबान प्राणी के लिए 39 हजार से ज्यादा लोगों का वोट डालना कोई मामूली बात नहीं है। गोला यद्यपि प्रतियोगिता के दौरान ही इस नश्वर संसार को छोड़ गई, लेकिन लोगों ने मरणोपरांत भी उसके प्रति जो प्रेम दिखाया, वह बताता है कि इंसानियत की जड़ें अभी पूरी तरह सूखी नहीं हैं।

ऋग्वेद से लेकर महाभारत तक, हमारी भारतीय परंपरा में श्वान केवल एक पशु नहीं रहा, बल्कि निष्ठा और धर्म का प्रतीक रहा है। युधिष्ठिर के साथ स्वर्ग की सीढ़ियों तक केवल एक श्वान ही चला था। आज जब शहरों में बेजुबानों पर पत्थर फेंकना या उन्हें जहर दे देना एक आम खबर बन गई हो, तब दिल्ली के नागरिकों द्वारा इस चुनाव के जरिए आवारा पशुओं के भोजन, आश्रय और उपचार के लिए हाथ आगे बढ़ाना एक सुखद बयार की तरह है।

अगर लोकतंत्र केवल सत्ता पाने और लूटने का जरिया बनकर रह जाए, तो वह बेमानी हो जाता है। लोकतंत्र का असली मर्म तो ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ और ‘जीवेषु करुणा’ में है—यानी समस्त प्राणियों के प्रति संवेदनशीलता। दिल्ली के इस अनूठे चुनाव ने हमारे स्वार्थी नेताओं को भी आईना दिखाया है कि जनता को जोड़ने के लिए नफरत और जाति-धर्म के नारों की नहीं, बल्कि एक मासूम और सच्चे सरोकार की जरूरत होती है।

 

(Visited 61 times, 1 visits today)

About Author

Leave a Reply