लोंग लाइफ का फंडा : 100 की सेंचुरी और कर्नल का डिसिप्लिन

सैयद हबीब, उदयपुर

जीवन में हम अक्सर मोटिवेशन खोजते हैं—किताबों में, सेमिनारों में, सोशल मीडिया रील्स में। लेकिन असल प्रेरणा कभी-कभी हमारे पड़ोस में, एक सादे से कमरे में बिना किसी शोर-शराबे के मुस्कुरा रही होती है।

4 अक्टूबर को जयपुर में एक सेंचुरी पूरी हुई। क्रिकेट के मैदान पर नहीं, बल्कि ज़िंदगी की पिच पर। सेना के रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल रामजीलाल कृष्णिया ने अपने जीवन के 100 साल पूरे किए। जब उनके आवास पर सेना के आला अधिकारी और पुराने साथी उन्हें बधाई देने पहुंचे, तो हर किसी के चेहरे पर सिर्फ सम्मान नहीं, बल्कि एक गहरा कौतूहल भी था—आखिर 100 साल तक इतना फिट, सक्रिय और तरोताजा रहने का सीक्रेट क्या है?

जब उनसे यही सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कोई भारी-भरकम फॉर्मूला नहीं दिया। न किसी महंगे सप्लीमेंट का नाम लिया, न किसी फाइव-स्टार वेलनेस रिट्रीट का। उन्होंने बस अपनी दिनचर्या सामने रख दी:

सुबह 4:30 बजे बिस्तर छोड़ना। स्नान और नियमित कसरत। नाश्ते के साथ हिंदी और अंग्रेजी के अखबारों की बारीकी से पढ़ाई ताकि दिमाग दुनिया से जुड़ा रहे। दोपहर में हल्का, संतुलित शाकाहारी भोजन। एक घंटे का पॉवर नैप। शाम 5 बजे फिर आधा घंटा कसरत, उसके बाद बगीचे में वॉक। रात 9:30 बजे बत्ती गुल और गहरी नींद।

खान-पान का नियम भी बिल्कुल सीधा—बाहर का खाना बंद, तीखे मसालों से दूरी, और चीनी-नमक पर सख्त कंट्रोल। कर्नल साहब कहते हैं, “मेरे पास व्यर्थ बैठने का वक्त ही नहीं होता। दिन भर कुछ न कुछ सार्थक चलता रहता है।”

कॉर्पोरेट और मॉडर्न लाइफस्टाइल में हम अक्सर ‘टाइम मैनेजमेंट’ और ‘वर्क-लाइफ बैलेंस’ की बात करते हैं, लेकिन हकीकत यह है कि हमारी आधी ऊर्जा अनियमितता, गलत खानपान और स्क्रीन पर बिना वजह वक्त जाया करने में खत्म हो जाती है। हम नतीजे बड़े चाहते हैं, लेकिन छोटी-छोटी आदतों पर समझौता कर लेते हैं।

कर्नल कृष्णिया ने सेना में जो सीखा, उसे रिटायरमेंट के बाद छोड़ा नहीं, बल्कि उम्रभर जिया। उनकी 100 साल की ज़िंदगी हमें सिखाती है कि लंबी उम्र कोई ‘लॉटरी’ नहीं है, यह रोज़ाना की गई सही चॉइस का कम्पाउंडिंग रिटर्न (Compounding Return) है।

फंडा यह है कि बड़ी सफलता या लंबी उम्र किसी जादुई नुस्खे से नहीं मिलती; अनुशासन, संतुलित खान-पान और दिनचर्या की निरंतरता ही ज़िंदगी के सबसे बड़े ‘लाइफ इंश्योरेंस’ हैं।

About Author

Leave a Reply