सुरमयी हुई झील नगरी : शायराना उदयपुर परिवार के संगीत समारोह में बिखरे सुरों के रंग, नाथद्वारा की मनस्वी व्यास ने मोहा मन

उदयपुर। साहित्य और कला की नगरी उदयपुर के ऐश्वर्या कॉलेज में “शायराना उदयपुर परिवार” के तत्वावधान में एक भव्य संगीत प्रतियोगिता समारोह का आयोजन किया गया। इस गौरवमयी समारोह में उदयपुर सहित राजसमंद, नाथद्वारा, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर और भीलवाड़ा के नामचीन संगीत कलाकारों ने भाग लेकर सुरों की ऐसी महफ़िल सजाई कि पूरा परिसर संगीत के रस में सराबोर हो गया।

इस गरिमापूर्ण समारोह के मुख्य अतिथि ईराक में भारत के राजदूत और भारतीय विदेश सेवा (IFS) के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. धीरज प्रकाश जोशी थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एडिशनल सेल टैक्स कमिश्नर कविता पाठक ने की। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में प्रख्यात भौतिकशास्त्री राजेश भट्ट, गजल गायक देवेंद्र हिरण, देवस्थान विभाग की अतिरिक्त आयुक्त गीतेश श्री मालवीया और सीनियर अकाउंट ऑफिसर सीमा गीतेशश्री उपस्थित रहे।

15 वर्षों से कला की निःशुल्क सेवा कर रहा है ‘शायराना परिवार’

कार्यक्रम प्रभारी एवं सुप्रसिद्ध गायक ललित गोयल ने बताया कि ‘शायराना परिवार’ पिछले 15 वर्षों से साहित्य और संगीत की सामाजिक सेवा के निःशुल्क कार्यक्रम निरंतर आयोजित कर रहा है। यह मंच नई प्रतिभाओं को खुला आसमान देकर समाज में कला का बीजारोपण कर रहा है, जिससे राजस्थान के अलावा अन्य राज्यों के राष्ट्रीय स्तर के कलाकार भी जुड़े हुए हैं।

इस भव्य समारोह में कलाकारों को शास्त्रीय गायन, दोहे, छंद, गजल, मुर्कियागायन, लोकगीत, उम्दा फिल्मी गीत, सूफ़ी गीत और भजनों के माध्यम से अपनी कला प्रस्तुत करने का अनूठा अवसर दिया गया, जिसमें सभी ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। समारोह में आए सभी सम्मानित सदस्यों का पारंपरिक रूप से उपर्णा और पगड़ी पहनाकर भावभीना स्वागत-अभिनंदन किया गया।

मनस्वी व्यास के शास्त्रीय गायन ने किया मंत्रमुग्ध

समारोह का मुख्य आकर्षण नाथद्वारा मंदिर से जुड़ीं राष्ट्रीय स्तर की संगीतकार मनस्वी व्यास रहीं। उन्होंने अपने बेहतरीन शास्त्रीय गायन और भजनों की प्रस्तुति से पूरे सभागार को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्रोताओं की भारी मांग पर उन्होंने एक के बाद एक कई भजन और सुमधुर गीत सुनाए। इस अवसर पर संस्था की ओर से उन्हें प्रतीक चिन्ह और उपहार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। आगामी दिनों में युवाओं को शास्त्रीय संगीत से जोड़ने के लिए मनस्वी व्यास का एक विराट संगीत कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।

कड़े मुकाबले के बीच इमरान साबरी रहे प्रथम, निर्णायकों को देने पड़े सांत्वना पुरस्कार

इस संगीत महामुकाबले में जज के रूप में स्वयं सांस्कृतिक राजदूत डॉ. धीरज प्रकाश जोशी और गिरीश व्यास ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिता में गायन का स्तर इतना उच्च था कि निर्णायकों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी और वे सांत्वना पुरस्कार देने पर मजबूर हो गए।

इस कड़ी स्पर्धा में इमरान साबरी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर बाजी मारी, जबकि नारायण लाल लोहार द्वितीय स्थान पर रहे। वहीं सीनियर अकाउंट ऑफिसर हेमंत सूर्यवंशी ने तृतीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता का सांत्वना पुरस्कार शिक्षा अधिकारी इंदु के जैन और उद्योगपति मुकेश शर्मा को प्रदान किया गया। सभी विजेताओं को आकर्षक ट्रॉफी, उपर्णा, प्रमाण पत्र, विशेष उपहार और शायराना उदयपुर परिवार की निःशुल्क सदस्यता देकर प्रोत्साहित किया गया।

छंद, दोहे और शायरी से सजी महफ़िल

कार्यक्रम का अत्यंत प्रभावशाली संचालन सुप्रसिद्ध साहित्यकार आभा सिरसीकर ने अपने अनूठे अंदाज में छंद, दोहे, शेर-शायरी और मुक्तकों के साथ करके समारोह में चार चांद लगा दिए। वहीं विशिष्ट अतिथि और भौतिकवैज्ञानिक राजेश भट्ट ने भी माहौल से उत्साहित होकर एक बेहतरीन संगीतमय प्रस्तुति दी और दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी।

समारोह को संबोधित करते हुए एडिशनल कमिश्नर (सेल टैक्स) कविता पाठक ने कहा कि संगीत और साहित्य हमारी सभ्यता-संस्कृति का दर्पण हैं और शायराना परिवार युवा समाज को इसके माध्यम से सकारात्मक दिशा देने का बेहतरीन कार्य कर रहा है। अतिरिक्त आयुक्त (देवस्थान विभाग) गीतेश श्री मालवीया ने संगीत को मानव समाज की आत्मा बताते हुए संस्था के इस नवाचार की सराहना की।

“कलाकारों को मिलेगा राज्य स्तरीय मंच” — डॉ. धीरज प्रकाश जोशी

संस्थापक सदस्य और राजदूत डॉ. धीरज प्रकाश जोशी ने सभी कलाकारों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ‘शायराना उदयपुर’ संस्कृति के संस्कारों का सच्चा वाहक है। उन्होंने घोषणा की कि प्रतिभावान कलाकारों को आगामी राज्य स्तरीय कार्यक्रमों में अपनी कला प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाएगा, जहाँ अनुभवी उस्तादों द्वारा उनके हुनर को और निखारा जाएगा। साथ ही, आगामी म्यूजिकल फेस्टिवल में प्रदेश की संगीत प्रतिभाओं को और बड़े मौके दिए जाएंगे तथा साहित्यिक सृजन को पुस्तक रूप में प्रकाशित किया जाएगा।

इन दिग्गज कलाकारों की प्रस्तुतियां भी रहीं प्रभावशाली

समारोह में महाराणा भूपाल चिकित्सालय के नर्सिंग ऑफिसर पवन पारिख, उदयपुर के गायक रवि पाठक, गुजरात से आईं दिव्यानी शर्मा, ऑर्गन ट्रांसप्लांट प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर उत्पल नरेश सिंह चौहान, अजीत सिंह खींची, शिक्षाविद डॉ. हुक्म राज जोशी, अनु जोशी, मंजूर हुसैन, निशित चपलोत, सी पी गंधर्व, गुलज़ार चित्तौड़ गढ़ी, विनोद जैन, शमिल शेख, शिक्षाविद् एकता नागदा, राजसमन्द से महेंद्र कुमावत, संतोष अग्रवाल, सोहन लाल (लोक गीत), पार्षद मुकेश शर्मा, एस डी कौशल, अतिरिक्त विकास अधिकारी लोकेश वैष्णव, आरएनटी मेडिकल कॉलेज के डॉ. सुशील साहू और कमल जुनेजा सहित कई गुणी कलाकारों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियां देकर इस शाम को ऐतिहासिक बना दिया।

About Author

Leave a Reply