
उदयपुर। उदयपुर जिला सहकारी भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद का चुनाव शुक्रवार को भारी सियासी ड्रामे, तीखी नारेबाजी और पुलिस-कार्यकर्ताओं के बीच हुई धक्का-मुक्की के बीच संपन्न हो गया। तमाम कानूनी अड़चनों और विरोध के बावजूद कांग्रेस समर्थित वरिष्ठ नेता मथुरेश नागदा तीसरी बार बैंक के अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए हैं। वहीं, करण सिंह को निर्विरोध उपाध्यक्ष चुना गया है। परिणाम आते ही कांग्रेस खेमे में जश्न का माहौल छा गया और कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की, जबकि भाजपा ने इसे नियमों के विपरीत बताते हुए चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
सुबह नामांकन के समय शुरू हुआ विवाद दोपहर बाद उस समय हिंसक मोड़ पर पहुंच गया जब चुनाव परिणाम घोषित होने का वक्त आया। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए डीएसपी सूर्यवीर सिंह राठौड़ और भूपालपुरा थानाधिकारी आदर्श कुमार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने बैंक को चारों तरफ से घेर लिया और मुख्य चैनल गेट को पूरी तरह बंद कर दिया। अंदर केवल नव-निर्वाचित संचालक मंडल के सदस्यों को ही प्रवेश दिया गया।
इसी दौरान बैंक के बाहर डटे भाजपा नेताओं और समर्थकों ने प्रशासनिक कार्रवाई और अपनी आपत्तियों पर कोई ठोस जवाब न मिलने पर गेट के बाहर उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया। वे लगातार चुनाव स्थगित करने की मांग पर अड़े हुए थे।
प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं ने जब चैनल गेट की तरफ बढ़ने का प्रयास किया, तो पुलिस बल ने उन्हें रोकने की कोशिश की। समझाइश के बाद भी जब कार्यकर्ता नहीं माने, तो पुलिस और भाजपाइयों के बीच तीखी झड़प और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। मुस्तैद डीएसपी और थानाधिकारी ने जवानों के साथ मोर्चा संभालते हुए हंगामा कर रहे प्रदर्शनकारियों को चैनल गेट की सीढ़ियों से नीचे खदेड़ा और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
इस दौरान डीएसपी सूर्यवीर सिंह ने प्रदर्शनकारियों को शांत करते हुए कहा कि यह पूरी चुनाव प्रक्रिया माननीय हाईकोर्ट के आदेश और राज्य सरकार के तय दिशा-निर्देशों के अनुसार कराई जा रही है। यदि किसी भी पक्ष को कोई विधिक आपत्ति है, तो वे उच्च स्तर पर या न्यायालय की शरण में जाने के लिए स्वतंत्र हैं।
तीसरी बार कमान मिलने पर बोले नागदा—”किसानों के लिए करेंगे काम”
दोपहर सवा तीन बजे जैसे ही निर्वाचन अधिकारी विनोद कुमार कोठारी ने परिणामों की आधिकारिक घोषणा की, बैंक परिसर के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत किया। पूर्व देहात जिलाध्यक्ष लालसिंह झाला और पूर्व मंत्री डॉ. मांगीलाल गरासिया ने मथुरेश नागदा और करण सिंह को मालाएं पहनाकर बधाई दी।
जीत के बाद पत्रकारों से मुखातिब होते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष मथुरेश नागदा ने कहा : हम इस चुनाव के लिए माननीय हाईकोर्ट गए थे और अदालत के आदेश पर ही यह पारदर्शी चुनाव संपन्न हुए हैं। जब संचालक मंडल का चुनाव लोकतांत्रिक तरीके से हो चुका था, तब अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव में भाजपा द्वारा तकनीकी आपत्तियां लगाने का कोई विधिक औचित्य नहीं था। किसानों ने हम पर तीसरी बार भरोसा जताया है और हम पहले की तरह पूरी ताकत से अन्नदाताओं के हितों के लिए काम करेंगे।”
राजनीतिक वार-पलटवार: पंचायतीराज में भी सफाए का दावा
इस ऐतिहासिक जीत को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है :
कांग्रेस का रुख : पूर्व देहात जिलाध्यक्ष लालसिंह झाला ने भाजपा के विरोध पर तंज कसते हुए कहा कि बैंक के 12 डायरेक्टर्स में से 11 पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने एकतरफा जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा के खाते में मात्र 1 सीट आई है। ऐसे में उनका विरोध महज अपनी हार की बौखलाहट है। झाला ने दावा किया कि आगामी पंचायतीराज चुनावों में भी कांग्रेस इसी एकजुटता के साथ भाजपा का सूपड़ा साफ करेगी। वहीं पूर्व मंत्री डॉ. मांगीलाल गरासिया ने इसे कांग्रेस की जमीनी एकता की जीत बताया।
भाजपा का आरोप : दूसरी तरफ, भूमि विकास बैंक के भाजपा समर्थित पूर्व अध्यक्ष रेवाशंकर गायरी ने पूरी प्रक्रिया को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि चार दिन पहले हुए संचालक मंडल के चुनाव पूरी तरह नियमों के विपरीत थे और इसमें बड़े पैमाने पर प्रशासनिक गड़बड़ी की गई। गायरी ने कहा कि हमारी जायज लिखित आपत्तियों को प्रशासन द्वारा दरकिनार किया गया है, जिसके खिलाफ वे अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।
About Author
You may also like
राजस्थान में भ्रष्टाचार पर मुख्यमंत्री का वज्रप्रहार : ढाई साल में IAS समेत 103 अफसर सस्पेंड, 6 बर्खास्त, 11 की आजीवन पेंशन रोकी
उदयपुर भूमि विकास बैंक चुनाव: सहकारिता की राजनीति में ‘ऋण पात्रता’ का दांव और बढ़ता सियासी तनाव
देश की सबसे खूबसूरत वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन’ का तीसरा संस्करण 6 सितंबर को, रजिस्ट्रेशन 1 जून से शुरू
राजस्थान में दो भीषण हादसे: बालोतरा में बोलेरो का टायर फटने से मां-बेटे सहित 4 श्रद्धालुओं की मौत, कोटा में मिट्टी ढहने से 2 इंजीनियरों ने गंवाई जान
बीकानेर में अमित शाह की हाई-लेवल मीटिंग : सीमावर्ती जिलों के लिए बनेगा 360° सुरक्षा ढांचा, 15 KM के दायरे में अवैध निर्माण होंगे जमींदोज
