बर्थ डे पॉलिटिक्स : बाबूजी और दिलों को जीतने वाली सियासत

(एमएलए साहब ताराचंद जैन को जन्मदिन की मुबारक)

फोटो जर्नलिस्ट : कमल कुमावत

उदयपुर। सिनेमा के सुनहरे दौर में ऋषिकेश मुखर्जी की एक यादगार फिल्म आई थी—’आनंद’, जिसमें जीवन का सार समझाते हुए कहा गया था कि इंसान की पहचान उसके ओहदे से नहीं, बल्कि लोगों के दिलों में उसकी जगह से होती है। सियासत की दुनिया में भी पद और कुर्सियां तो आती-जाती रहती हैं, मगर जो अवाम के सुख-दुख का सच्चा साथी बनकर उभरता है, असली ‘मुकद्दर का सिकंदर’ वही कहलाता है।

दीपावली की जगमगाती पूर्व संध्या पर झीलों की नगरी उदयपुर में कुछ ऐसा ही दिलकश और आत्मीय मंजर देखने को मिला। मौका था शहर विधायक ताराचंद जैन के जन्मदिन का। लेकिन यह सिर्फ तारीख बदलने का जलसा नहीं था; यह उस सादगी, निष्ठा और जनसेवा का सार्वजनिक उत्सव था, जिसे ताराचंद जी ने दशकों के तप से कमाया है।

कहते हैं सियासत में जब कोई नेता सच्चा और जमीन से जुड़ा होता है, तो उसकी महफिल किसी एक दायरे में सिमट कर नहीं रहती। शनिवार को शहर और देहात के भाजपा कार्यकर्ताओं का जो हुजूम उमड़ा, वह किसी शक्ति प्रदर्शन का मोहताज नहीं था, बल्कि वह ताराचंद जी की सहज उपलब्धता और कार्यकर्ताओं के प्रति उनके स्नेह का प्रतिफल था। पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया जब सपरिवार इस जश्न की रौनक बढ़ाने पहुंचे, तो लगा जैसे किसी पारिवारिक मिलन का आत्मीय दृश्य साकार हो उठा हो। कटारिया साहब की मौजूदगी ने यह साफ कर दिया कि संगठन और अनुभव की मजबूत छांव आज भी ताराचंद जी के साथ चट्टान की तरह खड़ी है।

इस महफिल की सबसे खूबसूरत बात यह रही कि यहाँ दलगत सीमाओं की दीवारें ढह गईं। जब विपक्षी कांग्रेस के दिग्गज चेहरे भी मुस्कुराते हुए विधायक जी को मुबारकबाद देने पहुंचे, तो यह साबित हो गया कि ताराचंद जैन केवल एक दल के नेता नहीं, बल्कि पूरे शहर के साझा अभिभावक हैं। उनका मिलनसार स्वभाव और बेदाग छवि विरोधियों को भी उनका मुरीद बना देती है।

महापौर पारस सिंघवी और जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ का नए पार्षदों के काफिले के साथ इस जश्न में शामिल होना यह बयां कर गया कि शहर के विकास की धुरी और जनता की उम्मीदों का केंद्र आज भी ताराचंद जैन ही हैं। हाल के दिनों में भले ही कई सियासी उठापटक और वर्षगांठों के सिलसिले चले हों, मगर ताराचंद जी के दरबार में उमड़ा यह जनसैलाब बताता है कि कार्यकर्ताओं की पहली पसंद और शहर का भरोसा कौन है।

फिल्म ‘शोले’ का वह अमर संवाद जेहन में आता है—”लोहा गरम है, मार दो हथौड़ा।” मगर ताराचंद जी का अंदाज अलग है; वे हथौड़े से नहीं, बल्कि अपनी सौम्यता, मुस्कान और कर्मठता से दिलों को जीतते हैं। जन्मदिन की यह शाम सिर्फ बधाई देने की औपचारिकता नहीं थी, यह उदयपुर की जनता की ओर से अपने जनप्रिय विधायक के प्रति अटूट विश्वास और आदर का खुला इजहार थी।

वो नाम जो जश्न में शामिल हुए

इस अवसर पर पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया ने विधायक ताराचंद जैन को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। वहीं नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी, राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, पूर्व सांसद अर्जुनलाल मीणा, पूर्व विधायक नानालाल अहारी, महापौर पारस सिंघवी, शहर जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ और प्रमोद सामर सहित कई जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा नेताओं ने विधायक जैन को बधाई दी। इसके अलावा प्रदेश के कई मंत्रियों, विधायकों और भाजपा संगठन से जुड़े नेताओं ने भी फोन पर विधायक जैन को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। दिनभर समर्थकों और कार्यकर्ताओं का विधायक जैन से मिलने और उन्हें बधाई देने का सिलसिला जारी रहा। जन्मदिन के अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर ने समारोह को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए एक विशेष संदेश दिया। विधायक जैन के समर्थकों ने शिविर में 51 यूनिट रक्त संग्रहित किया।

 

(Visited 207 times, 1 visits today)

About Author