विश्व पुस्तक दिवस : उदयपुर ई-पब्लिक लाइब्रेरी में स्वचालित मशीनों की ट्रेनिंग; प्रदेश के लिए मिसाल बना डिजिटल प्रबंधन

उदयपुर। नगर निगम ई-पब्लिक लाइब्रेरी, अशोक नगर में आज ‘विश्व पुस्तक दिवस’ उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पुस्तकालयाध्यक्ष राव भगवत सिंह ने सदस्यों को ई-लाइब्रेरी की आधुनिक कार्यप्रणाली और RFID (आरएफआईडी) सिस्टम के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

पुस्तकालयाध्यक्ष ने बताया कि वर्तमान में पुस्तकालय के 519 सदस्य हैं, जिन्हें हाईटेक ई-सदस्यता कार्ड प्रदान किए गए हैं।

स्मार्ट एंट्री व सर्च: सदस्यों को डिजिटल अटेंडेंस रीडर पर कार्ड टैप करना अनिवार्य होगा। साथ ही वे ‘बुक हैंडलर’ के माध्यम से अपनी पसंदीदा पुस्तक सर्च कर सकेंगे।

सेल्फ चेक-इन/आउट : पुस्तक इश्यू या रिटर्न करने के लिए कियोस्क सिस्टम का उपयोग किया जाएगा, जिससे स्वचालित पर्ची निकलेगी। बिना इश्यू कराए पुस्तक ले जाने पर सिक्योरिटी गेट पर अलार्म बजेगा और व्यक्ति की फोटो सिस्टम में दर्ज हो जाएगी।

डिजिटल खजाना : पुस्तकालय में करीब 10 करोड़ ई-बुक्स उपलब्ध हैं। इसके लिए 300 Mbps इंटरनेट और 6 हाईटेक कंप्यूटरों की व्यवस्था की गई है।

सराहनीय प्रबंधन : पूरे प्रदेश में अव्वल उदयपुर नगर निगम
इस अवसर पर पुस्तकालय के बेहतर प्रबंधन को लेकर विशेष चर्चा हुई। जानकारों का मानना है कि पुस्तकालयाध्यक्ष राव भगवत सिंह जिस प्रकार अपनी सेवाएं दे रहे हैं, वह बेहद सराहनीय है। राजस्थान के अन्य निकायों की तुलना में उदयपुर नगर निगम एकमात्र ऐसा निगम बनकर उभरा है, जहां ई-लाइब्रेरी का इतना उत्कृष्ट और सुदृढ़ प्रबंधन किया जा रहा है। उनके प्रयासों से यह पुस्तकालय न केवल एक अध्ययन केंद्र, बल्कि डिजिटल परिपक्वता का केंद्र भी बन गया है।

‘रील’ के दौर में पुस्तकों से जुड़ाव: बुजुर्ग और युवा साथ-साथ

आज के दौर में जहाँ युवा पीढ़ी अपना अधिकांश समय मोबाइल पर ‘रील’ देखने में बिताती है, वहां इस लाइब्रेरी ने एक क्रांतिकारी बदलाव किया है। यहाँ युवाओं के साथ-साथ बुजुर्ग भी डिजिटल तकनीक का लाभ ले रहे हैं और आधुनिक मशीनों को चलाने में परिपक्व हो रहे हैं। विश्व पुस्तक दिवस पर यह देखना सुखद है कि डिजिटल युग में भी तकनीक के सहारे इतनी बड़ी संख्या में लोग पुस्तकों और साहित्य से जुड़े हुए हैं।

अन्य सुविधाएं

सदस्यों की सुविधा के लिए अध्ययन कक्ष में प्रतिष्ठित कंपनी के एसी (AC), 10 KV का इन्वर्टर बैकअप और शुद्ध शीतल जल के लिए यूवी प्यूरीफायर युक्त वॉटर कूलर की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

 

(Visited 17 times, 1 visits today)

About Author

Leave a Reply