जावर माता एग्रो फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी की एजीएम : 1865 शेयरधारकों के साथ 27.27 लाख का वार्षिक कारोबार, किसानों की आय दोगुनी करने के लिए आधुनिक तकनीक पर जोर

उदयपुर। हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड और बायफ लाइव्लीहुड्स (BAIF) के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘समाधान परियोजना’ के तहत जावर माता एग्रो फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड की वार्षिक आम सभा (AGM) का सफल आयोजन किया गया। किसान उत्पादक संगठन (FPO) ने 1,865 से अधिक शेयरधारकों के मजबूत आधार के साथ वित्तीय वर्ष 2025-26 में 27.27 लाख रुपये से अधिक का कारोबार दर्ज किया है। कार्यक्रम में क्षेत्र के लगभग 300 प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया।

कृषि में तकनीक और पेट्रोनस बोनस दोगुना करने का आह्वान
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड के आईबीयू सीईओ (जावर माइंस) अंशुल खंडेलवाल ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा:

आधुनिक उपकरण व उत्पादकता: किसानों की आय दोगुनी करने के लिए पारंपरिक तरीकों के साथ आधुनिक तकनीक और कृषि यंत्रों का उपयोग बढ़ाना अनिवार्य है।

पेट्रोनस बोनस लक्ष्य: उन्होंने सुझाव दिया कि एफपीओ के जरिए किसानों की सक्रिय हिस्सेदारी बढ़ाई जाए और आगामी वित्तीय वर्ष में किसानों को मिलने वाले पेट्रोनस बोनस को दोगुना करने का लक्ष्य लेकर काम किया जाए।

संसाधनों का प्रभावी उपयोग: एचआर हेड सौरव मिश्रा ने प्राकृतिक और जैविक खेती को बढ़ावा देने के साथ सीमित संसाधनों के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया।

सरकारी योजनाओं से जुड़ाव और वित्तीय योजना

नाबार्ड का मार्गदर्शन: नाबार्ड के नीरज यादव ने किसानों को प्रधानमंत्री एमवायएसवाय (MYSY) योजना की विस्तृत जानकारी दी और अधिक से अधिक किसानों को इस योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

सीएसआर पहल: सीएसआर हेड विवेक कुमार सिंह ने हिन्दुस्तान जिंक द्वारा ग्रामीण विकास के लिए चलाई जा रही विभिन्न सीएसआर परियोजनाओं की रूपरेखा रखी।

सत्र 2026-27 का रोडमैप: एफपीओ अध्यक्ष ने संगठन की उपलब्धियों को साझा करते हुए वित्तीय वर्ष 2026-27 की व्यवसायिक कार्ययोजना, निदेशक मंडल के चुनाव और बोनस शेयर वितरण पर चर्चा की। इस दौरान शेयरधारकों को शेयर प्रमाणपत्र बांटे गए और कृषि सेवा केंद्र से सर्वाधिक व्यापार करने वाले किसानों को सम्मानित किया गया।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रही ‘समाधान परियोजना’
समाधान परियोजना दक्षिणी राजस्थान के छह जिलों में समेकित आजीविका विकास की दिशा में कार्यरत है। यह पहल एफपीओ के माध्यम से किसानों को बीज-खाद की सामूहिक खरीद, कटाई, ग्रेडिंग, भंडारण और उपज के विपणन की सीधी सुविधा उपलब्ध कराती है। इससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त होकर किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिल रहा है।

कार्यक्रम में राजीविका के जिला कार्यक्रम अधिकारी मोतीलाल मीणा, नेवातलाई के प्रशासक किशन मीणा, चनावदा के प्रशासक चुन्नीलाल मीणा, बायफ के स्टेट हेड पवन पाटीदार और समाधान परियोजना की कोर टीम मौजूद रही।

 

About Author

Leave a Reply