उदयपुर सूचना केन्द्र में होगा नेशनल बुक ट्रस्ट का पुस्तक मेला : 20 सितंबर से शुरू होगा 7 दिवसीय पुस्तक मेला, 2 हजार से अधिक पुस्तकें होंगी प्रदर्शित


उदयपुर। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा उदयपुर संभाग मुख्यालय पर संचालित सूचना केन्द्र को प्रबुद्ध पाठकों और विद्यार्थियों के लिए समृद्ध संदर्भ केन्द्र के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी श्रृंखला में नेशनल बुक ट्रस्ट, नई दिल्ली द्वारा आगामी 20 सितंबर से यहां 7 दिवसीय पुस्तक मेले का आयोजन किया जाएगा।


सूचना केन्द्र के संयुक्त निदेशक डॉ. कमलेश शर्मा ने बताया कि भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (एनबीटी) द्वारा सूचना केन्द्र में 20 से 26 सितंबर, 2024 तक प्रबुद्ध पाठकों और विद्यार्थियों के लिए इस पुस्तक मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस पुस्तक मेले में साहित्य, कला, संस्कृति, सामान्य ज्ञान, बाल साहित्य के साथ कई महत्वपूर्ण एवं उपयोगी विषयों से संबंधित 2 हजार से अधिक पुस्तकें प्रदर्शित की जाएगी जिन्हें ईच्छुक पाठकों द्वारा खरीदा जा सकेगा।

एनबीटी के सहायक निदेशक मुकेश कुमार ने बताया कि इस सात दिवसीय पुस्तक मेले में प्रतिदिन विभिन्न कलात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शहरवासियों के साथ-साथ पुस्तक प्रेमियों एवं साहित्य जगत से जुड़े लोगों के लिए यह पुस्तक मेला उपयोगी साबित होगा।

(Visited 34 times, 1 visits today)

About Author

Leave a Reply