भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा शहर में बेखौफ बदमाशों ने सोमवार रात एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर इलाके में बाइक सवार 5 बदमाशों ने एक किराना व्यापारी को घेरकर हमला किया और 4 लाख रुपये की नकदी समेत उनकी स्कूटी लूटकर फरार हो गए। इस पूरी वारदात का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बदमाश व्यापारी को बेरहमी से सड़क पर घसीटते नजर आ रहे हैं।
40 सेकंड में वारदात को अंजाम
पीड़ित व्यापारी नारायण दास मंगनानी (55), जिनकी गोल प्याऊ चौराहे पर ‘जगदीश स्टोर’ नाम से किराने की दुकान है, सोमवार रात करीब 11 बजे दुकान बढ़ाकर घर लौट रहे थे। शास्त्री नगर सेक्टर-ए में दो बाइकों पर सवार 5 बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने उनकी स्कूटी को टक्कर मारकर गिरा दिया।
जब नारायण दास ने अपनी स्कूटी नहीं छोड़ी, तो बदमाशों ने उन्हें सड़क पर घसीटा और मारपीट की। महज 40 सेकंड के भीतर दो बदमाश स्कूटी लेकर और बाकी तीन बाइकों पर सवार होकर रफूचक्कर हो गए।
दिन में बैंक में जमा नहीं हो सके थे पैसे
नारायण दास ने पुलिस को बताया कि वह दोपहर में 3 लाख रुपये बैंक में जमा कराने निकले थे, लेकिन समय की कमी के कारण पैसे जमा नहीं हो पाए। शाम को दुकान की बिक्री के पैसे मिलाकर कुल 4 लाख रुपये उन्होंने स्कूटी की डिग्गी में रखे थे। बदमाशों ने दुकान के पास से ही उनका पीछा करना शुरू कर दिया था।
परिवार पर बदमाशों का साया: पहले भी हुई हैं वारदातें
हैरानी की बात यह है कि मंगनानी परिवार को अपराधी लगातार निशाना बना रहे हैं:
भाई से 10 लाख की लूट: करीब 4 महीने पहले, 2 सितंबर 2025 को नारायण दास के भाई धर्मदास से भी बदमाशों ने कार से रास्ता रोककर 10 लाख रुपये लूट लिए थे।
मिर्ची झोंकने की कोशिश: कुछ दिनों पहले भी नारायण दास के साथ लूट का प्रयास हुआ था, तब बदमाशों ने उनकी आंखों में मिर्ची डाल दी थी, लेकिन वे बच निकले थे।
सीसीटीवी में कैद हुई बदमाशों की क्रूरता
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि पीड़ित ने बदमाशों का मुकाबला करने की कोशिश की और शोर भी मचाया, लेकिन रात का समय होने के कारण कोई मदद नहीं मिल सकी। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कराई है, लेकिन अब तक लुटेरों का कोई सुराग नहीं लगा है।
इस घटना के बाद शहर के व्यापारियों में भारी आक्रोश है। व्यापारियों का कहना है कि जब एक ही परिवार के साथ बार-बार ऐसी वारदातें हो रही हैं, तो पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
About Author
You may also like
उदयपुर सवीना : पति-पत्नी का झगड़ा शांत कराने पहुंचे युवक की चाकू घोंपकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार
मेवाड़ी परम्परा से हुआ ब्रिक्स देशों के विदेशी प्रतिनिधियों का स्वागत: सिटी पैलेस से हुए अभिभूत
बाबा बैद्यनाथ की स्थापना के साथ नारायण सेवा संस्थान में शिव कथा का विराम
भगीरथ की तपस्या से सीखें धैर्य और लोकसेवा का संकल्प: प्रशांत अग्रवाल
उदयपुर में ध्वस्त होती कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर उठते सवालों के बीच एक पाठक का एसपी डॉ. अमृता दुहन को खुला पत्र

