हिंदुस्तान जिंक की पहल से विद्यार्थियों को मिलेंगी आधुनिक खेल सुविधाएं, ओडवाडिया स्कूल में खेल मैदान विकास व चारदीवारी कार्य का भूमि पूजन

उदयपुर। गुड़ली ग्राम पंचायत के राजकीय विद्यालय, ओडवाडिया में शनिवार को खेल मैदान के विकास और सुरक्षा चारदीवारी निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन संपन्न हुआ। हिंदुस्तान जिंक के ग्रामीण विकास कार्यक्रम (CSR) के तहत जिंक स्मेल्टर देबारी इकाई द्वारा यह कार्य करवाया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आधुनिक खेल सुविधाएं मिल सकेंगी।

भूमि पूजन हिंदुस्तान जिंक देबारी के एसबीयू डायरेक्टर विवेक यादव द्वारा संपन्न कराया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विवेक यादव ने कहा कि शिक्षा के साथ खेलकूद भी व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को टीम भावना और कड़े अनुशासन का महत्व समझाते हुए मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से बचने की सलाह दी। उन्होंने जोर देकर कहा कि मैदान में बहाया गया पसीना शरीर और मन दोनों को सशक्त बनाता है।

कार्यक्रम में उपस्थित जिला शिक्षा अधिकारी दीपक गौड़ ने मोबाइल की लत को विद्यार्थियों के लिए नुकसानदेह बताते हुए कहा कि वास्तविक सफलता के लिए मैदान में उतरकर पसीना बहाना होगा। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना को भी मजबूत करते हैं।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी मोहनलाल मेघवाल, जिंक के मुख्य सुरक्षा अधिकारी आदित्य नारायण ठाकुर, सीएसआर हेड रुचिका चावला, सीएसआर अधिकारी अपर्णा व्यास तथा विद्यालय के उपप्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह झाला सहित प्रकाश गमेती, जगदीश डांगी, प्रकाश गायरी, दिनेश डांगी, स्थानीय ग्रामीण और विद्यार्थी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। ग्रामीणों ने इस पहल को गांव के बच्चों के खेल भविष्य के लिए एक बड़ी सौगात बताते हुए हिंदुस्तान जिंक का आभार व्यक्त किया।

 

About Author

Leave a Reply