
अफसरों को दो टूक—या तो काम सुधरे, या कार्रवाई भुगतने को तैयार रहें

सैयद हबीब/कमल कुमावत, उदयपुर

सत्ता की कुर्सी पर बैठने के बाद अक्सर नेता फाइलों की दुनिया और गुलदस्तों की महक में खो जाते हैं, लेकिन उदयपुर नगर निगम के नए हुक्मरान पारस सिंघवी ने दूसरे ही दिन बता दिया कि उनका मिजाज दफ्तर की चारदीवारी का नहीं, सीधे धरातल का है। शपथ की स्याही अभी सूखी भी नहीं थी कि गुरुवार अलसुबह शहर का नजारा बदल गया। अमूमन 11 बजे जगने वाला निगम का अमला सुबह-सुबह उदियापोल की सड़कों पर पसीना बहाता दिखा। कारण साफ था—मेयर साहब खुद सड़क पर खड़े थे।
अधीक्षण अभियंता मनीष अरोड़ा, अधिशासी अभियंता अखिल गोयल और स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा को साथ लेकर निकले पारस सिंघवी का अंदाज किसी औपचारिक दौरे जैसा कतई नहीं था। चेहरे पर संजीदगी और आंखों में व्यवस्था की खामियों को पकड़ने की पैनी नजर।
उदियापोल पर तल्खी : ‘पर्यटक क्या गंदगी देखने आएंगे?’
दौरे की शुरुआत उदियापोल चौराहे और वहां बने सार्वजनिक पार्क से हुई। पार्क की बदहाली और बिखरे कचरे को देखकर मेयर के तेवर तल्ख हो गए। स्वास्थ्य अधिकारी की ओर मुखातिब होते हुए उन्होंने दो टूक कहा—”यह झीलों की नगरी है, देश-दुनिया से सैलानी यहां आते हैं। चौराहे और पार्क ही बदहाल रहेंगे तो क्या संदेश जाएगा?”
फटकार का असर ऐसा हुआ कि दोपहर ढलते-ढलते निगम की टोली ने उदियापोल पार्क का हुलिया बदल दिया और सफाई चाक-चौबंद नजर आने लगी।

रेलवे स्टेशन कच्ची बस्ती : नाली का गंदा पानी देख भड़के
निरीक्षण का अगला पड़ाव था रेलवे स्टेशन के सामने वाली कच्ची बस्ती। यहां सड़क पर बहता नाली का बदबूदार पानी और कीचड़ आम राहगीरों के लिए मुसीबत बना हुआ था। सिंघवी ने सीधे तौर पर तकनीकी अफसरों को घेरा—”जब तक जनता के पैरों में गंदा पानी लगेगा, तब तक शहर के विकास के दावे खोखले हैं। इसे तत्काल रोकिए।”
मेयर की सख्ती का नतीजा रहा कि अधीक्षण अभियंता मनीष अरोड़ा ने मौके पर ही टीम लगाकर नाली के बहाव को दुरुस्त कराया और सड़क पर फैल रहे गंदे पानी पर ब्रेक लगाया।
एलिवेटेड रोड के नीचे ‘अव्यवस्था का मलबा’ : तत्काल डामरीकरण के हुक्म
उदियापोल से रेलवे स्टेशन की तरफ बन रहे बहुप्रतीक्षित एलिवेटेड रोड के नीचे का मंजर किसी कबाड़खाने से कम नहीं दिखा। कहीं बेतरतीब पड़ा निर्माण सामग्री का मलबा, तो कहीं जानलेवा गड्ढे।
इस पर सिंघवी ने कार्यदायी संस्था और निगम इंजीनियरों को सख्त हिदायत दी:
रास्ते से हटेगा कबाड़: निर्माण एजेंसी तुरंत अपनी अनुपयोगी सामग्री सड़क सीमा से हटाए, ताकि ट्रैफिक में कोई बाधा न पहुंचे।
गड्ढों पर डामरीकरण: एलिवेटेड रोड के नीचे जितने भी गड्ढे हैं, उन्हें फौरी तौर पर भरकर डामरीकरण किया जाए। लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
अफसरों को दो टूक: ‘रोज निकलूंगा, जहां गड़बड़ी मिली वहां नपेंगे’
दौरे के अंत में पारस सिंघवी ने जो संदेश दिया, वह निगम की पुरानी आरामपरस्त कार्यशैली पर सीधा प्रहार था। उन्होंने साफ लफ्जों में चेताया कि यह कोई रस्म अदायगी वाला पहला और आखिरी दौरा नहीं है। वे रोजाना बिना बताए अलग-अलग वार्डों में निकलेंगे।
अगर कहीं नाली बजबजाती मिली, रोशनी गुल रही या सड़क टूटी पाई गई, तो सिर्फ नोटिस जारी नहीं होंगे, बल्कि सीधे जिम्मेदारी तय कर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।
कुल मिलाकर, पारस सिंघवी ने 24 घंटे के भीतर यह संकेत दे दिया है कि नगर निगम अब सिर्फ एसी कमरों की बैठकों से नहीं, बल्कि धूल-धक्कड़ वाली सड़कों से चलेगा। जनता के बीच सकारात्मक संदेश गया है, मगर देखना यह होगा कि सिंघवी की यह ‘ऑन-द-स्पॉट’ सख्ती आगे भी इसी रफ्तार से जारी रहती है या फिर कुछ दिनों बाद रफ्तार सुस्त पड़ जाएगी।
About Author
You may also like
बर्थ डे पार्टी के पर्दे के पीछे की कहानी : जब सालगिरह के मंच पर बंधी समानांतर सियासत की पटकथा
कुर्सी सरकारी, तेवर सियासी : जब एक कर्मचारी नेता की सालगिरह पर शहर के हुक्मरानों ने दी बधाई
दिवाली की वो रात…अफसरों की अदाएं अपनी जगह, पर चौराहों पर खड़े उन जवानों के पसीने को सलाम करना जरूरी है
उदयपुर में दीपावली : एक दीया, झील का पानी और रात का परिधान
उदयपुर में दीपोत्सव का पैगाम : स्वर्ण-रजत से सजीं माता महालक्ष्मी, दर्शन को उमड़े श्रद्धालु; 10 नवंबर को सजेगा विशाल अन्नकूट
