फोटो : कमल कुमावत

टाउन हॉल में सजी सिंगर नाइट, दर्शकों ने खूब की हूटिंग
उदयपुर। दीपों के इस पर्व पर टाउन हॉल में नगर निगम द्वारा आयोजित दीपावली मेला 2024 की तीसरी शाम को पवन दीप और अरुणीता के मस्ती भरे नगमों ने एक यादगार अनुभव में बदल दिया। युवा दिलों की धड़कन और इंडियन आइडल फेम पवन दीप और अरुणीता की सुरीली आवाजों ने जैसे ही मंच पर कदम रखा, दर्शकों ने तालियों और हूटिंग से स्वागत किया। मेले की इस संगीतमय रात में हर एक गाना जैसे आत्मा को छू रहा था, और हर किसी के कदम थिरकने पर मजबूर हो गए।
“उदयपुर अपना सा लगता है” – पवन दीप
पवन दीप ने उदयपुर को अपना दूसरा घर बताया और कहा, “उदयपुर के पहाड़ मुझे अपने उत्तराखंड की याद दिलाते हैं। फर्क बस इतना है कि यहां की गर्मी हमारी ठंडी वादियों से अलग है।” वहीं, अरुणीता ने भी उदयपुर वासियों के प्यार का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “आपके प्यार ने हमें हमेशा प्रोत्साहित किया है, और हम कोशिश करेंगे कि इसी तरह आप सबके दिलों में अपनी जगह बनाए रखें।”

शाम की शुरुआत हुई सदाबहार नगमों से
कार्यक्रम का आगाज “तेनु धूप लगिया ओ” और “अगर तुम साथ हो” जैसे रोमांटिक नगमों से हुआ, जो सीधे दर्शकों के दिलों तक पहुंचे। पवन दीप और अरुणीता ने अपने एक से बढ़कर एक सुपरहिट गानों से टाउन हॉल के समां को जादुई बना दिया। उनकी मखमली आवाज और गानों की अदायगी ने जैसे मेले की शाम को अमिट बना दिया। “लग जा गले”, “गुलाबी आंखें” जैसे सदाबहार गानों पर दर्शक झूम उठे, और पूरा माहौल संगीत के रंग में रंग गया।
दीप प्रज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
नगर निगम सांस्कृतिक समिति अध्यक्षा चंद्रकला बोल्या और मेला संयोजक छोगालाल भोई की उपस्थिति में महापौर गोविंद सिंह टाक सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने गणेश प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर इस संगीतमय रात का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के शुरू होने से पहले ही पूरा प्रांगण संगीत प्रेमियों से खचाखच भर गया था।
नशे से दूर रहें युवा: पवन दीप और अरुणीता की प्रेरणा

पवन दीप और अरुणीता ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा, “नशे से दूर रहिए, अपने हुनर को निखारिए और मेहनत से कभी पीछे मत हटिए।” उन्होंने अपने संगीत सफर की चुनौतियों और उपलब्धियों को साझा करते हुए गुरु की महिमा को सबसे महत्वपूर्ण बताया।
आज की रात होगी और भी खास
दीपावली मेले की इस संगीतमय यात्रा के बाद अब अगली प्रस्तुति डांस के सुरमयी रंगों से सजी होगी। प्रसिद्ध डांस ग्रुप ‘द किंग यूनाइटेड’ की धमाकेदार प्रस्तुति शहरवासियों को नाचने पर मजबूर करेगी।










About Author
You may also like
परदे के पीछे : पांचवीं बार का जनमत, शहर की धड़कन और नगर निगम का शोमैन, क्या पारस सिंघवी के दौर में बदलेगा दीपावली मेले का अंदाज़?
परदे के पीछे : खाकी का रौब, न्याय की ज़िद और आधी रात का समझौता, उदयपुर में सवीना सीआई प्रकरण का पटाक्षेप
उदयसागर की छाती पर कंक्रीट का खंजर और आतिशबाजी का क्रूर जश्न : एक ऐतिहासिक झील के विलाप पर कॉरपोरेट मुनाफे की दिवाली
उदयपुर कलेक्ट्रेट पर दोतरफा संग्राम : न्याय की चौखट पर अड़े वकील तो जहरीले धुएं के खिलाफ सड़कों पर उतरे आईआईएम व दीनदयाल नगर के बाशिंदे
जब रक्षक पर उठे सवाल तो कानून के पहरुओं ने खोला मोर्चा : सवीना थाने में गूंजा वकीलों का आक्रोश, सीआई को हटाने की मांग पर तीन घंटे चला संग्राम
